यूपी पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है. ये परीक्षा 2025 में हुई थी, जिसे लेकर विवाद चल रहा था. अब हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को दोबारा मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है. यानी अब रिजल्ट दोबारा जारी किया जाएगा. यूपी पीसीएस की मेंस परीक्षा भी हो चुकी है और इंटरव्यू प्रोसेस भी पूरा हो चुका है, इसी बीच हाईकोर्ट ने ये फैसला दिया है. अब नए सिरे से मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू लिए जाएंगे.
हाईकोर्ट ने क्यों रद्द किया परीक्षा परिणाम?
ये पूरा मामला मेधावी आरक्षित वर्ग के छात्रों को अनारक्षित कैटेगरी में शामिल नहीं किए जाने से जुड़ा है. हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों ने कहा था कि उनके नंबर जनरल कैटेगरी के आखिरी चयनित उम्मीदवार से ज्यादा थे, इसके बावजूद उन्हें जनरल कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया. ओपन कैटेगरी में शामिल नहीं किए जाने की वजह से उन्हें मेंस परीक्षा में बैठने का मौका नहीं मिला. इसके लिए उम्मीदवारों ने मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी के नियमों का हवाला दिया था. अब इस पर हाईकोर्ट ने फिर से रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया है.
हाईकोर्ट की सिंगल बेंच का आदेश
यूपी लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा को लेकर हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने ये आदेश जारी किया है. जस्टिस मनीष कुमार निगम की बेंच ने याचिकाकर्ताओं की दलीलों को मान लिया और कहा कि प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट ठीक करके दोबारा जारी किया जाए. अब आयोग को उन उम्मीदवारों को मेरिट लिस्ट में शामिल करना होगा, जो जनरल कैटेगरी की कटऑफ जितने नंबर लेकर आए थे, लेकिन उन्हें इस कैटेगरी से बाहर रखा गया.
पूरी भर्ती परीक्षा पर क्या होगा असर?
हाईकोर्ट के इस आदेश का पूरी परीक्षा पर असर पड़ने वाला है. दोबारा रिजल्ट जारी होने के बाद मेरिट लिस्ट में बदलाव होगा और कुछ उम्मीदवार मेंस में बढ़ जाएंगे. सबसे ज्यादा नुकसान उन अभ्यर्थियों को होगा, जो पहले ही मेंस क्लियर कर चुके हैं और इंटरव्यू भी दे चुके हैं. इन सभी को फाइनल मेरिट लिस्ट का इंतजार था.
यह भी पढ़ें | 10वीं-12वीं में थर्ड डिवीजन वाले ने यूपी PCS में कर दिया टॉप, सीएम योगी ने किया जिक्र
यह भी पढ़ें | नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड कौन हैं? इन बड़े जिलों में किया काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं