विज्ञापन

यूपी में बसेगा 'नोएडा जैसा शहर', लखनऊ के पास ₹26,000 करोड़ से बनेगी मेगा सिटी, मेट्रो-रेलवे सबकी कनेक्टिविटी

लखनऊ के पास बसने जा रहा 104 वर्ग KM का नया हाईटेक शहर, 2.54 लाख नौकरियां और ₹26,000 करोड़ निवेश का प्लान

यूपी में बसेगा 'नोएडा जैसा शहर', लखनऊ के पास ₹26,000 करोड़ से बनेगी मेगा सिटी, मेट्रो-रेलवे सबकी कनेक्टिविटी
रायबरेली के बछरावां में बनेगा नया इंडस्ट्रियल सिटी (प्रतीकात्मक फोटो)
NDTV

उत्तर प्रदेश में नए-नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं. इनके अलावा कई नए औद्योगिक शहरों को बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में यूपी सरकार राजधानी लखनऊ के पास एक नया हाई टेक शहर बसाने की योजना बना रही है. हम बात कर रहे हैं 'बछरावां औद्योगिक शहर' की. यह शहर रायबरेली जिले में स्थित है. बछरावां क्षेत्र को एक बड़े औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा. लगभग 104 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में प्रस्तावित यह मेगा इंडस्ट्रियल सिटी आने वाले सालों में प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो सकती है.

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने खुद इस प्रोजेक्ट की जानकारी दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'बछरावां बन रहा है यूपी के औद्योगिक विकास का नया केंद्र. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 104 वर्ग किमी में 26000 करोड़ रुपये के निवेश और 2.54 लाख+ रोजगार की संभावनाओं वाला औद्योगिक शहर आकार ले रहा है. ऑटोमोबाइल, डिफेंस, रेलवे, लॉजिस्टिक्स और अन्य आधुनिक उद्योगों के साथ, निवेश, रोजगार और विकास को नई गति. 

चार चरणों में होगा विकास

इस प्रोजेक्ट को 2026 से 2051 तक चार चरणों में विकसित किया जाएगा. पूरी प्रोजेक्ट के पूरा होने पर कुल निवेश 26000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है.

  • पहला चरण (2026-2031): इस दौरान 10 वर्ग किमी का क्षेत्र डेवलेप किया जाएगा. इसमें करीब 2500 करोड़ रुपये का निवेश होगा.
  • दूसरा चरण (2031-2036): इस चरण में 19 वर्ग किमी क्षेत्रफल को विकसित किया जाएगा. इसमें 4750 करोड़ रुपये निवेश होंगे.
  • तीसरा चरण (2036-2041): 30 वर्ग किमी क्षेत्रफल को डेवलेप किया जाएगा, जिसके लिए अनुमानित निवेश 7500 करोड़ रुपये होगा.
  • चौथा चरण (2041-2051): इस चरण में 45 वर्ग किमी क्षेत्र को विकसित किया जाएगा. इसके लिए 11,250 करोड़ रुपये अनुमानित निवेश होगा.

150 हेक्टेयर का होगा मल्टीमॉडल फ्रेट सेंटर

इस मेगा प्रोजेक्ट का सबसे खास हिस्सा 150 हेक्टेयर में प्रस्तावित मल्टीमॉडल फ्रेट सेंटर होगा. इसके निर्माण पर करीब 1300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इस फ्रेट सेंटर में 30 लाख टन सालाना कार्गो क्षमता होगी. यहां एडवांस वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और कंटेनर हैंडलिंग टर्मिनल जैसी सुविधाएं भी होंगी. इसके साथ ही इस फ्रेट सेंटर को रेलवे से सीधा कनेक्शन दिया जाएगा. ताकि लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन नेटवर्क बेहतर हो. यह फ्रेट हब लखनऊ, रायबरेली और कानपुर क्षेत्र के उद्योगों के लिए बड़ा सपोर्ट सिस्टम बनेगा.

मेट्रो, रेलवे और हाईवे से मिलेगी कनेक्टिविटी

इस नए शहर की सबसे बड़ी ताकत इसकी मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी होगी. इसे NH-30, लखनऊ-रायबरेली कॉरिडोर और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्ट किया जाएगा. वहीं बछरावां रेलवे स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा. इससे माल ढुलाई आसान होगी. वहीं भविष्य में रैपिड रेल नेटवर्क से जोड़ने की भी योजना है.

किन उद्योगों पर रहेगा फोकस?

इस इंडस्ट्रियल सिटी को केवल फैक्ट्री क्षेत्र नहीं बल्कि एक स्मार्ट औद्योगिक नगर के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां डिफेंस, एयरोस्पेस, रेलवे मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, ईवी, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग जैसे उद्योगों पर फोकस रहेगा.

यह भी पढ़ें: दिल्ली से 3 घंटे में नैनीताल, लखनऊ से लगेंगे 5 घंटे, नए एक्सप्रेसवे से पहाड़ों का सफर होगा आसान, बरेली, आगरा, मथुरा तक कनेक्टिविटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Up City News, UP Cm Yogi Adityanath, Infra, Infrastrcture, Infrastrcutre Sector
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com