विज्ञापन

गुरुग्राम में 35 लाख रुपये के चालान वाला ट्रक जब्‍त, आखिर, क्‍यों लोग नहीं भरते जुर्माना?

गुरुग्राम में एक ट्रक पर 242 चालान और 35 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लंबित पाया गया, जिसके बाद ट्रक जब्त कर लिया गया. दिल्‍ली-NCR में कई ऐसे लोग हैं, जो चालान न भरने के लिए कई टिगड़म भिड़ाते हैं.

गुरुग्राम में 35 लाख रुपये के चालान वाला ट्रक जब्‍त, आखिर, क्‍यों लोग नहीं भरते जुर्माना?
ग्रुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की सख्‍ती, कई वाहन जब्‍त
  • गुरुग्राम में एक ट्रक पर कुल 242 लंबित चालान हैं जिनका जुर्माना 35 लाख रुपये से अधिक है
  • ट्रैफिक पुलिस ने उक्त ट्रक को जब्त कर नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की है
  • वाहन चालकों द्वारा चालान न भरने की वजह से जुर्माने की राशि लगातार बढ़ती जा रही है
नई दिल्‍ली:

242 चालान और 35 लाख रुपये जुर्माना... सुनकर सिर चकरा गया? दिल्‍ली से सटे गुरुग्राम में जब एक ट्रक को रोका गया और उसके रिकॉर्ड खंगाले गए, तो ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी दंग गए. इस ट्रक पर अब तक 242 चालान कट चुके हैं, जिनके जुर्माने की रकम 35 लाख रुपये से ऊपर है. हैरान करने वाली बात ये है कि इतने चालान कटने के बावजूद भी यह ट्रक सड़क पर दौड़ रहा था. 242 चालान का खुलासा होने के बाद इस ट्रक को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने जब्‍त कर लिया है. आखिर, लोग चालान कटने पर उसे क्‍यों नहीं भरते हैं? कार या बाइक पर चालान बढ़ने पर क्‍या जुगाड़ लगाते हैं?    

ग्रुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की सख्‍ती, कई वाहन जब्‍त

गुरुग्राम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है. अब पुलिस ने एक ऐसे ट्रक को जब्‍त किया है, जिस पर कुल 242 चालान पेंडिंग मिले हैं. इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 35 लाख 43 हजार 800 रुपये है. बिलासपुर चौक पर नियमित वाहन जांच के दौरान यह मामला सामने आया. जुर्माने की रकम देखकर ट्रैफिक पुलिस वाले भी हैरान रहे गए. जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को बिलासपुर चौक पर जोनल अधिकारी एएसआई प्रशांत वाहनों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान एक ट्रक की जांच की गई. रिकॉर्ड खंगालने पर ट्रक पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत 242 चालान लंबित पाए गए. इनकी कुल जुर्माना राशि 35,43,800 रुपये थी. इसके बाद यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्‍त कर दिया.

पहले बाइकों पर भी हो चुकी है कार्रवाई

गुरुग्राम में भारी जुर्माना राशि वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है. इससे पहले लाखों रुपये के लंबित चालानों वाली कुछ मोटरसाइकिलों को भी जब्‍त किया गया था. इनमें कुछ बाइकों पर 10 लाख रुपये से अधिक के चालान लंबित होने की बात सामने आई थी. अब 242 लंबित चालानों और 35 लाख रुपये से अधिक की जुर्माना राशि वाले ट्रक पर कार्रवाई की गई है. गुरुग्राम यातायात पुलिस लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चला रही है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और लंबित चालानों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें. इसके साथ ही वाहन के वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपडेट रखें. पुलिस के अनुसार, यातायात नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सभी सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है. 

चालान क्‍यों नहीं भरते लोग?

गुरुग्राम का ये ट्रक पकड़ा गया, तो सच्‍चाई सामने आई. अगर नहीं पकड़ा जाता, तो इसके चालानों की संख्‍या यकीनन बढ़ जाती है. आखिर, लोग चालान क्‍यों नहीं भरते हैं? इस सवाल का जवाब हमने शुभेष से जानना चाहा, जिनकी कई वैन और बस एक प्राइवेट स्‍कूल में चलती हैं. वह छात्रों को स्‍कूल ले जाने और घर लाने का काम करते हैं. शुभेष ने बताया, "अगर हम चालान भरने लगे, तो हमारी सारी कमाई उसी में निकल जाएगी. हमारी गाड़ियों के हर दिन चालान कटते हैं. सुबह बच्‍चों को टाइम पर स्‍कूल छोड़ने के लिए कई बार रेड लाइट जंप करनी पड़ती है. जाम लगने पर रॉन्‍ग साइड भी जाना पड़ता है. दिल्‍ली में कई जगह अब ऑटोमैटिक चालान सिस्‍टम हो गया है. ऐसे में हम चालान कटने से बच नहीं सकते. चालान कटना तय है, लेकिन इसे भरना या ना भरना हमारे हाथ में है?" 

ये भी पढ़ें:- PUC टेस्ट में पास लेकिन प्रदूषण में फेल! दिल्ली NCR में 1 लाख वाहनों की जांच में खुलासा, 1 अक्टूबर से नो पीयूसी-नो फ्यूल पर उठे सवाल

गाड़ियों पर चालान बढ़ने पर क्‍या करते हैं?

शुभेष ने बताया कि उनकी कई गाड़ियों पर लाखों रुपये का चालान हो रखा है. लेकिन उन्‍होंने आजतक कोई चालान नहीं भरा है. उन्‍होंने बताया, "कार जब पुरानी हो जाती है, तो हम उसे किसी कार डीलर को नहीं बेचते हैं, क्‍योंकि ऐसा करने पर हमें चालान क्‍लीयर करके देने पड़ेंगे. ऐसे में हम कार पुरानी होने पर उसे मायापुरी में किसी कबाड़ी से कटवा देते हैं. कार भी खत्‍म और चालान भी खत्‍म. मेरे से कई कई लोग ऐसे ही करते हैं."

ये भी पढ़ें:- 49 हजार करोड़ के बकाया ई-चालान वसूलें, जुर्माना नहीं भरने वालों की वाहन सेवाएं रोकें: सुप्रीम कोर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram, Traffic Fine, Mayapuri Market
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com