Sudha Milk Price Hike: देश के अलग-अलग हिस्सों में अमूल, मदर डेयरी, नंदिनी और गोकुल दूध के महंगे होने के बाद अब बिहार में सुधा दूध के दाम बढ़ गए हैं. सुधा ने गाय-भैंस के दूध के अलग-अलग पाउच पर प्रति लीटर 5 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. सुधा दूध की मार्केटिंग करने वाली को-ऑपरेटिव सोसाइटी कॉम्फेड ने पाउच दूध की कीमतों में तीन से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि करने का निर्णय लिया है.
कॉम्फेड ने सुधा गोल्ड, सुधा शक्ति, सुधा टोन्ड और सुधा काउ मिल्क की आधे और 1 लीटर के पाउच की कीमतें बढ़ाई हैं. नई दरें एक दिसंबर से लागू होंगी.
1 दिसंबर 2026 से सुधा दूध का नया रेट चार्ट
नई दरों के अनुसार, सुधा गोल्ड का आधा लीटर पैकेट अब 35 रुपये के बजाय 37 रुपये और एक लीटर पैकेट 68 रुपये के बजाय 72 रुपये में मिलेगा. सुधा शक्ति का आधा लीटर पैकेट 31 से बढ़कर 33 रुपये और एक लीटर पैकेट 60 से बढ़कर 64 रुपये हो गया है.
इसी तरह सुधा काउ मिल्क का आधा लीटर पैकेट अब 29 के बजाय 32 रुपये और एक लीटर पैकेट 57 के बजाय 62 रुपये में मिलेगा. सुधा टोंड के आधा लीटर पैकेट की कीमत 28 से बढ़ाकर 30 रुपये और एक लीटर की कीमत 55 से बढ़ाकर 58 रुपये कर दी गई है. वहीं, सुधा डबल टोंड का आधा लीटर पैकेट 26 के बजाय 28 रुपये और एक लीटर पैकेट 50 के बजाय 54 रुपये में मिलेगा.
- सुधा गोल्ड (Sudha Gold): आधा लीटर ₹35 से बढ़कर ₹37, एक लीटर ₹68 से ₹72.
- सुधा शक्ति/स्टैंडर्ड (Sudha Shakti): आधा लीटर ₹31 से बढ़कर ₹33, एक लीटर ₹60 से ₹64.
- सुधा काउ मिल्क (Sudha Cow Milk): आधा लीटर ₹29 से बढ़कर ₹31, एक लीटर ₹57 से ₹62.
- सुधा टोंड (Sudha Toned): आधा लीटर ₹28 से बढ़कर ₹30, एक लीटर ₹55 से ₹58.
पशु चारा और ट्रांसपोर्टिंग कॉस्ट बढ़ने का असर
कॉम्फेड ने दूध की कीमतें बढ़ाने के पीछे पशुपालन और उत्पादन से जुड़ी लागत में बढ़ोतरी को वजह बताया है. अधिसूचना के अनुसार, पशु चारा, खल्ली, भूसा और दाना महंगा हुआ है. इसके अलावा ईंधन, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन का खर्च भी बढ़ा है. इसी वजह से दूध की नई कीमतें तय की गई हैं.
पशुपालकों को भी राहत, रिटेलर्स की कमाई भी बढ़ी
नई दरें लागू होने के साथ ही किसानों-पशुपालकों से खरीदे जाने वाले कच्चे दूध की कीमत में भी प्रति किलोग्राम 2.26 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. इसका उद्देश्य बढ़ती लागत के बीच किसानों को दूध का बेहतर मूल्य देना है.
वहीं, खुदरा विक्रेताओं को पाउच दूध की बिक्री पर अब प्रति लीटर 2.40 रुपये के बजाय 2.60 रुपये मार्जिन मिलेगा. यानी उनके मार्जिन में प्रति लीटर 20 पैसे की बढ़ोतरी की गई है. कॉम्फेड ने नई कीमतों को लागू करने के बाद अपने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है.
यह भी पढ़ें | प्याज-लहसुन से लेकर दाल-तेल तक सब महंगा, दूध-पनीर ने भी बिगाड़ा रसोई का बजट, जानें महंगाई से कब मिलेगी राहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं