- आज की 10 बड़ी खबरें: मोदी की बैठक से अमेरिकी चुनाव तक सबकुछ
- प्रधानमंत्री मोदी की नीति आयोग के साथ अहम बैठक
- दिल्ली प्रदूषण और पराली संकट बरकरार
देश और दुनिया में आज कई बड़े घटनाक्रम सुर्खियों में हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीति आयोग के नए नेतृत्व के साथ विकसित भारत 2047 के विजन पर अहम बैठक करेंगे, जबकि एशियाई पैरा खेलों में रिकॉर्ड प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से भी मुलाकात करेंगे. हरियाणा में गृह मंत्री अमित शाह की पदयात्रा पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं. दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर बना हुआ है, पंजाब में पराली जलाने पर कार्रवाई जारी है और अमेरिका ने ईरान से जुड़े कथित तेल नेटवर्क में शामिल भारतीय दंपति व कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया है. खेल, राजनीति, अर्थव्यवस्था और मौसम से जुड़ी कई महत्वपूर्ण खबरें आज चर्चा के केंद्र में हैं.
पीएम मोदी की अहम बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नीति आयोग (NITI Aayog) के नए नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे. बैठक में विकसित भारत @2047, आर्थिक विकास, रोजगार सृजन, मैन्युफैक्चरिंग और 2027-28 के केंद्रीय बजट की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी. इसमें नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग जैन तथा सदस्य राजीव गौबा, आर. बालासुब्रमण्यम, जोराम अनिया, के.वी. राजू, एम. श्रीनिवास, गोवर्धन दास और अभय करंदीकर शामिल होंगे.
पैरा एथलीटों से प्रधानमंत्री करेंगे बात
प्रधानमंत्री मोदी एशियाई पैरा गेम्स 2026 में भाग लेने वाले भारतीय दल के साथ बात करेंगे. कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम करीब 4.30 बजे आयोजित किया जाएगा. भारत ने इस साल जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया. कुल 97 भारतीय पैरा-एथलीटों ने 114 पदक जीते, जिसमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं. यह प्रदर्शन चीन के हांगझू में 2023 में हुए खेलों में जीते गए 108 पदकों (जिसमें 27 स्वर्ण शामिल थे) के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड से बेहतर है.
हरियाणा में गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरियाणा के करनाल में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च में भाग लेंगे. इस कार्यक्रम के तहत सेक्टर-12 से दयानंद चौक तक एक 'पदयात्रा' निकाली जाएगी. इसके बाद गृह मंत्री अंबाला जाएंगे, जहां वे आधुनिक शहीद स्मारक का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और पूरे परिसर का दौरा करेंगे. यह गृह मंत्री का अंबाला छावनी (अंबाला कैंट) का पहला दौरा होगा, हालांकि कुल मिलाकर यह उनका अंबाला का तीसरा दौरा है. इससे पहले वे चुनावी रैलियों को संबोधित करने के लिए दो बार यहां आ चुके हैं.
आज का मौसम: उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, दक्षिण भारत में बारिश जारी
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके कारण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा. राजधानी में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. अगले सप्ताह से ठंड और कोहरे का असर बढ़ सकता है.
पूर्वी भारत में ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बिहार और झारखंड में भी कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है.
दिल्ली की हवा 'बहुत खराब'
CPCB (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के अनुसार, इंडिया गेट के आसपास के इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 399 है, जिसे 'बहुत खराब' की श्रेणी में रखा गया है. दिल्ली एम्स (AIIMS) के आसपास के इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 402 है, जिसे 'गंभीर' श्रेणी में रखा गया है. आनंद विहार के आस-पास के क्षेत्र में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 296 है, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा गया है. राष्ट्रीय राजधानी में 'ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान' (GRAP-II) के तहत वाहनों के प्रवेश पर पाबंदियां लागू हैं. पुलिस द्वारा गाजीपुर बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
CAIT की राहुल गांधी की रैली पर नाराजगी
देशभर के व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर दिल्ली में पिछले एक महीने से लगातार हो रही राजनीतिक रैलियों, धरनों और प्रदर्शनों पर नाराजगी जताई है. संगठन का कहना है कि इन आयोजनों के कारण दिल्ली की व्यावसायिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. CAIT ने विशेष रूप से 1 नवंबर 2026 को रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली पर सवाल उठाए हैं. संगठन ने कहा कि राजनीतिक दलों द्वारा लगातार बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने से बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है, यातायात बाधित होता है और कारोबार पर सीधा असर पड़ता है.
व्यापारियों के संगठन ने कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों से भी सवाल किया है कि वे ऐसे प्रदर्शनों और आंदोलनों को समर्थन क्यों दे रहे हैं, जिनसे आम नागरिकों और व्यापारियों को परेशानी हो रही है.
ईरान में ट्रंप के बैनर जलाए गए
अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद, लोगों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बैनर जलाए गए. वहीं 2026 के मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन की हार के लिए ईरान के साथ युद्ध को जिम्मेदार ठहराने वाले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बयान पर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मैं डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम कर सकता हूं, बशर्ते वे विनाशकारी रवैया न अपनाएं. उनके पास वीटो की पावर है, इसलिए वे जो कर रहे हैं वह हमें पसंद नहीं है. लेकिन उनका फोन आ चुका है, और वे कुछ मुद्दों पर बातचीत करना चाहते हैं.'
भारतीय बिजनेमैन पर प्रतिबंध
अमेरिका ने ईरान के तेल नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए भारत स्थित सुनील कुमार शर्मा और उनकी पत्नी जसप्रीत प्रीति शाहिद समेत उनसे जुड़ी कई कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं. अमेरिकी वित्त मंत्रालय का आरोप है कि यह दंपति एक ऐसे नेटवर्क का संचालन कर रहा था, जो ईरान से जुड़े प्रतिबंधित तेल टैंकरों को फर्जी समुद्री पंजीकरण और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराकर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से बचने में मदद करता था. आरोप है कि फर्जी समुद्री रजिस्ट्रियों और वेबसाइटों के माध्यम से जहाजों को वैध दिखाने की कोशिश की जाती थी. इस कार्रवाई के तहत दंपति से जुड़ी कई भारतीय कंपनियों को भी प्रतिबंधित सूची में शामिल किया गया है. अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ईरान को आर्थिक और व्यावसायिक समर्थन देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
तन्वी पात्री के पास इतिहास रचने का मौका
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी पात्री ने यूथ ओलंपिक खेलों में इतिहास रचते हुए महिला एकल के फाइनल में जगह बना ली है. महज 15 वर्ष की तन्वी यूथ ओलंपिक बैडमिंटन फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं. इसके साथ ही उन्होंने इस स्पर्धा में भारत के लिए पहला महिला एकल पदक भी पक्का कर दिया है. सेमीफाइनल में तन्वी ने जापान की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी युजुनो वतानाबे को 54 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 21-14, 11-21, 21-19 से हराया. तन्वी ने पहला गेम आसानी से जीता, लेकिन वतानाबे ने दूसरे गेम में वापसी कर मैच बराबरी पर ला दिया. निर्णायक तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन अहम मौकों पर तन्वी ने संयम बनाए रखते हुए जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया. इस उपलब्धि के साथ तन्वी यूथ ओलंपिक बैडमिंटन में फाइनल खेलने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं. इससे पहले भारत के लिए एचएस प्रणय ने 2010 सिंगापुर यूथ ओलंपिक में रजत पदक जीता था, जबकि लक्ष्य सेन 2018 ब्यूनस आयर्स यूथ ओलंपिक में उपविजेता रहे थे. आदित्य जोशी 2014 में लड़कों के एकल वर्ग के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे. अब तन्वी की नजर स्वर्ण पदक पर होगी. फाइनल में उनका मुकाबला चीन की यी शिन झांग से होगा, जिन्होंने हाल ही में विश्व जूनियर चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था. दोनों के बीच इस साल एशिया जूनियर चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में मुकाबला हुआ था, जिसमें तन्वी को हार का सामना करना पड़ा था. तन्वी के पास अब इतिहास रचते हुए भारत के लिए यूथ ओलंपिक बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीतने का मौका है.
पंजाब में पराली जलाने पर कार्रवाई जारी
पंजाब में धान की कटाई के दौरान पराली जलाने की घटनाएं प्रशासन के लिए लगातार बड़ी चुनौती बनी हुई हैं. 4 नवंबर तक राज्य में पराली जलाने के कुल 2,347 मामले दर्ज किए गए हैं. इन मामलों में पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) ने 40.37 लाख रुपये का पर्यावरणीय जुर्माना लगाया है, जिसमें से 23.05 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है. रिपोर्ट के अनुसार, पराली जलाने की शिकायतों के बाद 1,942 खेतों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 868 जगहों पर आग लगाने की पुष्टि हुई. प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 801 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा, 647 एफआईआर, 723 रेड एंट्री और 689 चेतावनी नोटिस जारी किए हैं. इस बीच, पंजाब में कुल 32.87 लाख हेक्टेयर धान क्षेत्र में से 85.10 प्रतिशत फसल की कटाई पूरी हो चुकी है. इसके बावजूद पराली जलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. हालांकि प्रशासन निरीक्षण, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई कर रहा है, लेकिन खेतों में पराली जलाने पर पूरी तरह रोक लगाना अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है. यह समस्या वायु प्रदूषण बढ़ाने के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता को भी प्रभावित कर रही है.
यह भी पढ़ें : अमेरिका ने भारतीय बिजनेसमैन पर लगाया प्रतिबंध; ईरान की मदद पर वित्त मंत्री ने चेताया, हॉर्मुज में भारत को राहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं