6 साल बाद फिर साथ आए अकाली दल-बीजेपी, पंजाब चुनाव साथ लड़ने का ऐलान
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने छह साल बाद फिर गठबंधन का ऐलान कर दिया है. दिल्ली में अमित शाह, सुखबीर बादल और भाजपा नेतृत्व की मौजूदगी में अकाली दल की NDA में वापसी की घोषणा हुई. दोनों दल अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे, जबकि सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है. 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था और हरसिमरत कौर बादल ने केंद्र सरकार से इस्तीफा दिया था. अब दोनों दलों की फिर से नजदीकी पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव मानी जा रही है, जहां NDA सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटा है.
खबर को विस्तार से पढ़ें: पंजाब में अकाली दल-बीजेपी गठबंधन का ऐलान, 6 साल बाद मिलकर लड़ेंगे चुनाव
NDA में लौटे सुखबीर बादल, अमित शाह बोले- पंजाब में बड़े भाई की भूमिका में रहेगा अकाली दल
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर दिया है. अमित शाह ने कहा कि दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे और अकाली दल अब फिर से NDA का हिस्सा होगा. गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा.अमित शाह ने कहा कि गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार का उन्मूलन करना तथा राष्ट्रवादी शक्तियों को मजबूत करना होगा. उन्होंने संकेत दिया कि चुनावी घोषणा पत्र में पंजाब से जुड़े कई बड़े वादे किए जाएंगे. शाह ने कहा कि पंजाब में अकाली दल इस गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में रहेगा. शाह ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी दोनों ने अपने-अपने कार्यकाल में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन पंजाब में नशे की समस्या खत्म होने के बजाय और बढ़ी.
130 सीटें मांगने वाली कांग्रेस को सपा का 26 सीटों का फॉर्मूला! बातचीत जारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, पहले दौर में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस ने 130 सीटों की अपनी सूची सौंपी थी. दूसरे दौर की बातचीत में सीट-दर-सीट दोनों दलों की ताकत, कमजोरियों और जीत की संभावनाओं का आकलन किया जा रहा है. कांग्रेस अपने पारंपरिक प्रभाव वाले अमेठी-रायबरेली पर जोर दे रही है, जबकि सपा अपने गढ़ मैनपुरी और इटावा के समीकरणों को साधना चाहती है. दोनों दलों के नेताओं का दावा है कि बातचीत सकारात्मक माहौल में चल रही है और अगले दो से चार दिनों में सीट बंटवारे पर अंतिम सहमति बन सकती है.
खबर को विस्तार से पढ़ें: सपा ने कांग्रेस की 130 सीटों की लिस्ट में से 26 पर भरी हामी, कहा- बाकी के लिए पहले उम्मीदवारों के नाम बताएं
यूपी चुनाव से पहले महिला कार्ड खेलेगी BJP? खाते में ₹20 हजार देने की योजना
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी महिला वोटरों को साधने के लिए बड़ा चुनावी दांव खेलने की तैयारी में है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 20-20 हजार रुपये ट्रांसफर करने की योजना पर विचार कर रही है और इसके लिए शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी का इंतजार है.बताया जा रहा है कि आगामी शीतकालीन सत्र में इस योजना के लिए बजट प्रावधान किया जा सकता है. हालांकि अभी सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.इसी बीच बीजेपी ने चुनावी तैयारी भी तेज कर दी है. पार्टी ने सांसदों, विधायकों और एमएलसी को व्यापक चौपाल अभियान की जिम्मेदारी सौंपी है. 5 दिसंबर तक सांसदों को 10 और विधायकों को 50 चौपाल आयोजित करने का लक्ष्य दिया गया है.
खबर को विस्तार से पढ़ें:यूपी में चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा दांव, महिलाओं के बैंक खाते में सीधे 20-20 हजार भेजने की तैयारी
24x7 खुलेंगे मॉल-कैफे, 'पश्चिम बंगा' नाम पर भी मुहर की तैयारी; बंगाल विधानसभा सत्र में बड़े प्रस्ता
4 दिसंबर से शुरू होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार कई अहम विधेयक और प्रस्ताव पेश करने जा रही है. सबसे ज्यादा चर्चा राज्य का नाम बदलकर 'पश्चिम बंगा' करने के प्रस्ताव और दुकानों, मॉल तथा कैफे को पूरी रात खुले रखने वाले कानून संशोधन की है. सरकार का मानना है कि 24x7 संचालन से कारोबार और राजस्व बढ़ेगा, हालांकि यह व्यवस्था व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए वैकल्पिक रहने की संभावना है. इसके अलावा लैंड रिफॉर्म, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, जन विश्वास, पंचायत और टैक्स विवाद निपटान से जुड़े कई विधेयक भी सदन में पेश होंगे.सत्र में पूर्व विधायकों का मेडिकल भत्ता 6,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये करने और 'नेताजी सुभाष चंद्र बोस सेवा केंद्र' के लिए 30,000 रुपये कार्यालय व्यय देने का प्रस्ताव भी लाया जा सकता है.
'पंजाब के सामने सबसे बड़ा संकट ड्रग्स और धर्मांतरण', बागेश्वर बाबा का बड़ा बयान
पंजाब दौरे पर पहुंचे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि राज्य के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां नशाखोरी और धर्मांतरण हैं. हालांकि उन्होंने मौजूदा सरकार के प्रदर्शन पर सीधे टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि समस्या की बड़ी वजह जागरूकता की कमी है.उन्होंने यह भी कहा कि उनके दौरे को चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि वह केवल सनातन का संदेश फैलाने के लिए पंजाब आए हैं. हालिया विवाद और कुछ मुस्लिम धर्मगुरुओं की आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए बागेश्वर बाबा ने कहा कि उन्होंने कभी किसी धर्म के खिलाफ टिप्पणी नहीं की. उनके मुताबिक, उनकी बात को गलत समझा गया और वह गुरु तेग बहादुर के बलिदान का उल्लेख कर रहे थे, जिनके प्रति पूरे समाज को कृतज्ञ होना चाहिए
Nvidia में जेनसन हुआंग की वापसी का असर, शेयर 35% उछले; कर्मचारियों ने किया हीरो जैसा स्वागत
दुनिया की प्रमुख AI चिप निर्माता कंपनी Nvidia में जेनसन हुआंग की सीईओ पद पर वापसी के बाद कंपनी को लेकर उत्साह बढ़ गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी दोबारा नियुक्ति की खबर के बाद Nvidia के शेयरों में करीब 35% की तेजी दर्ज की गई, जबकि टेक शेयरों में भी मजबूती देखने को मिली.कैलिफोर्निया स्थित कंपनी मुख्यालय पहुंचने पर कर्मचारियों ने हुआंग का जोरदार स्वागत किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. एलन मस्क ने भी उनकी वापसी का समर्थन करते हुए कहा कि Nvidia के कई कर्मचारी उन्हें फिर से नेतृत्व करते देखना चाहते थे.
36 गेंद में शतक, 181 रन की तूफानी पारी... प्रियांश आर्य ने तमिलनाडु के उड़ाए होश
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में दिल्ली के युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने तमिलनाडु के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 36 गेंद में शतक जड़ दिया. अपनी सेंचुरी तक पहुंचने के दौरान उन्होंने 15 छक्के और 5 चौके लगाए, यानी पूरे 100 रन सिर्फ बाउंड्री से बटोरे.प्रियांश यहीं नहीं रुके और 68 गेंद में 181 रन की तूफानी पारी खेल डाली. उनकी पारी में 7 चौके और 19 छक्के शामिल रहे. इस प्रदर्शन ने उन्हें घरेलू टी20 क्रिकेट की सबसे यादगार पारियों में शामिल कर दिया.36 गेंद का यह शतक टी20 में उनका सबसे तेज शतक है और वह सबसे तेज टी20 शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से शामिल हो गए हैं.
दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट
पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 29 नवंबर को बेंगलुरु में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर बम धमाके की धमकी मिली है. धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजे गए ईमेल में शो के दौरान IED ब्लास्ट करने की चेतावनी दी गई है.धमकी भरे मेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा भी लिखा गया है. साथ ही लोगों को बच्चों को शो में न लाने, आईफोन कॉल का जवाब न देने और मेट्रो से सफर से बचने जैसी अजीब चेतावनियां भी दी गई हैं.धमकी के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है. इससे पहले अक्टूबर में मुंबई में दिलजीत के कॉन्सर्ट और अमिताभ बच्चन के घर को भी इसी तरह धमकी मिलने का मामला सामने आया था.
खबर को विस्तार से पढ़ें: दिलजीत के शो पर मंडराया खतरा, बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी, ईमेल में लिखा 'खालिस्तान जिंदाबाद'
न ज्यादा स्क्रीन्स की होड़, न बड़ी ओपनिंग की चिंता! 1700-2000 स्क्रीन्स पर रिलीज होगी सूरज बड़जात्या की ‘ये प्रेम मोल लिया'
राजश्री प्रोडक्शंस की नई फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को रिलीज हो रही है. इस मौके पर सूरज बड़जात्या ने बताया कि फिल्म को करीब 1700-2000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया जाएगा, क्योंकि हर फिल्म की अपनी जरूरत और अपना दर्शक वर्ग होता है. उन्होंने कहा कि राजश्री स्क्रीन्स की संख्या बढ़ाने की अंधी दौड़ में नहीं पड़ता. उनका फोकस फैमिली ऑडियंस तक फिल्म की सही पहुंच और बेहतर सिनेमाघर अनुभव देने पर रहता है, ताकि दर्शकों को अपनी टिकट का पूरा मूल्य मिले. राजश्री की यह रणनीति नई नहीं है. 'चितचोर', 'हम आपके हैं कौन', 'ऊंचाई' और 'हम चार' जैसी फिल्मों में भी प्रोडक्शन हाउस ने नियंत्रित रिलीज का फॉर्मूला अपनाया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं