विज्ञापन

दोपहर की 10 बड़ी खबरें: NCP मर्जर, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन और दुबई में छाया शाहरुख का प्रोजेक्ट

NCP मर्जर की चर्चा, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन, आजम खान से मिले शिवपाल यादव, केजरीवाल को धमकी, दिल्ली-गुरुग्राम एलिवेटेड रोड प्लान, शाहरुख खान के दुबई प्रोजेक्ट और अन्य बड़ी खबरें एक साथ पढ़ें.

दोपहर की 10 बड़ी खबरें: NCP मर्जर, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन और दुबई में छाया शाहरुख का प्रोजेक्ट

NCP के विलय से किसे होगा फायदा? शरद पवार बनेंगे 'सुप्रीम बॉस', बढ़ेगा सुप्रिया का कद 

महाराष्ट्र में NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय की चर्चा तेज है. रिपोर्ट के मुताबिक, अगर विलय होता है तो पार्टी पर शरद पवार का प्रभाव सबसे मजबूत होगा और सुप्रिया सुले का राजनीतिक कद बढ़ सकता है. वहीं सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार संगठन पर अपना नियंत्रण खोने के डर से विलय को लेकर सहज नहीं बताए जा रहे हैं. अजित पवार के निधन के बाद बदले सियासी समीकरणों के बीच पार्टी नेतृत्व और संगठन की कमान सबसे बड़ा मुद्दा बन गई है.

खबर विस्तार से पढ़ें: NCP के मर्जर का क्या होगा असर? पवार 'सुप्रीम बॉस', सुप्रिया को ताकत...मगर सुनेत्रा-पार्थ को होगी असली दिक्कत

यूपी में नया मोर्चा, ओवैसी-चंद्रशेखर साथ आए; 58 सीटों पर बदल सकता है खेल 

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है. इस गठबंधन की नजर दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाने पर है और यह करीब 150 सीटों पर असर डाल सकता है. विश्लेषण के मुताबिक, 58 ऐसी सीटें हैं जहां पिछली बार जीत-हार का अंतर काफी कम था और नया मोर्चा वहां चुनावी समीकरण बदल सकता है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह गठबंधन BJP को नुकसान पहुंचाएगा, SP के वोट काटेगा या खुद एक नई राजनीतिक ताकत बनकर उभरेगा.

खबर विस्तार से पढ़ें: यूपी चुनाव में छोटा पैकेट बड़ा धमाका न साबित हो जाए ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन, 58 सीटों पर सुनाई दे सकती है गूंज 

आजम से मिले शिवपाल, बोले- मुसलमान होने की सजा भुगत रहे हैं आजम खान

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने जेल में आजम खान से मुलाकात के बाद सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि आजम खान का उत्पीड़न किया जा रहा है और उन्हें चुनावी राजनीति से दूर रखने की कोशिश हो रही है. ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर शिवपाल ने दावा किया कि दोनों BJP को हराना नहीं चाहते, जबकि 2027 में सपा सरकार बनने का भरोसा जताया. योगी आदित्यनाथ के 'घुसपैठिया' बयान को उन्होंने अल्पसंख्यकों और दलितों का अपमान बताया. INDIA गठबंधन को भी उन्होंने पूरी तरह मजबूत बताया.

'5 महीने में 10 बार निशाना बनाया गया', अभिषेक बनर्जी ने CEC को लिखा पत्र, सुरक्षा पर जताई चिंता

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने दावा किया कि हाल में उनके आवास और पार्टी कार्यालय पर हमले हुए हैं तथा चुनाव आयोग को सौंपे जाने वाले दस्तावेज और शपथपत्र जबरन छीने जाने की आशंका है. अभिषेक बनर्जी ने मांग की है कि उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत आयोग के सामने सबूत और दस्तावेज निष्पक्ष तरीके से पेश करने का अवसर मिले. 7 नवंबर और उसके बाद उनके कालीघाट स्थित आवास के बाहर BJP और TMC समर्थकों के बीच झड़प भी हुई थी, जिसके बाद उन्होंने हमले का आरोप लगाते हुए धरना दिया था.

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर जाम से राहत, बनेंगे 2 नए एलिवेटेड रोड, 5 मिनट में तय होगा 30 मिनट का सफर

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर ट्रैफिक जाम कम करने के लिए दो नए एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की गई है. इसके तहत महरौली-गुरुग्राम रोड के 8.5 किमी हिस्से को सिग्नल फ्री बनाया जाएगा, जिससे छतरपुर, साकेत, महरौली और वसंत कुंज के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. एक एलिवेटेड कॉरिडोर साकेत से पुल प्रह्लादपुर और दूसरा कुतुब मीनार से छतरपुर तक बनेगा. परियोजना पूरी होने के बाद कई रूटों पर 30 मिनट का सफर सिमटकर करीब 5 मिनट का रह सकता है.

केजरीवाल को मिली जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगे ₹7 करोड़

आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी दी गई और ₹7 करोड़ की फिरौती मांगी गई. धमकी भरा फोन और WhatsApp संदेश जरनैल सिंह को मिला था, जिसमें रकम नहीं देने पर दोनों की हत्या की धमकी दी गई थी. शिकायत के बाद मोहाली साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस कॉल रिकॉर्ड, IP लॉग और लोकेशन डेटा खंगालने के बाद आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई में जुटी है.

Nvidia CEO के कथित रिश्ते से जुड़ी चीनी कारोबारी बीजिंग लौटी, जासूसी के आरोपों से मचा बवाल

Nvidia के CEO Jensen Huang से कथित रिश्तों और जासूसी के आरोपों के बीच Alice Huang के बीजिंग लौटने की खबर सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, Alice Huang फिलहाल बीजिंग में रह रही हैं, हालांकि वहां जाने की वजह और उनकी गतिविधियों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. Alice Huang पर चीन के लिए जासूसी करने के आरोप लगे हैं, जबकि बीजिंग इन आरोपों को खारिज कर चुका है. इस मामले को लेकर Nvidia बोर्ड भी जांच कर रहा है, जिससे कंपनी और AI चिप कारोबार से जुड़ी बहस और तेज हो गई है.

U-19 एशिया कप सेमीफाइनल में भारत का दम, अफगानिस्तान को 227 रन पर रोका 

अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान U-19 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 227/8 रन बनाए. नोमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने अर्धशतक लगाए, लेकिन ईशान सूद (3 विकेट) और आर्यन सवसानी समेत भारतीय गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया. जवाब में भारत U-19 को फाइनल में पहुंचने के लिए 228 रन का लक्ष्य मिला. टीम की उम्मीदें शानदार फॉर्म में चल रहे आर्यवीर सहवाग पर टिकी हैं.

करीना कपूर के पेंडेंट पर मुस्लिम समाज में मतभेद, नोटिस भेजने का हुआ विरोध 

करीना कपूर के दिवाली अटायर में आयतुल कुर्सी वाला पेंडेंट पहनने को लेकर शुरू हुए विवाद में नया मोड़ आ गया है. मध्यप्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कांग्रेस नेता अब्बास हफीज द्वारा भेजे गए नोटिस का विरोध करते हुए इसे अनावश्यक विवाद बताया है. कमेटी का कहना है कि यह पेंडेंट भोपाल की बेगमों की 200 साल पुरानी विरासत और गंगा-जमुनी तहजीब से जुड़ा है. साथ ही कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है. कमेटी ने कहा कि कुरान की पवित्रता का सम्मान जरूरी है, लेकिन समाधान नोटिस और दबाव नहीं बल्कि संवाद से निकलना चाहिए.

दुबई में लॉन्च होते ही छाया शाहरुख का हाउसिंग प्रोजेक्ट, ₹50 करोड़ के पेंटहाउस हाथोंहाथ बिके

दुबई में Shahrukhz Residences नाम से लॉन्च हुए लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. शाहरुख खान के नाम वाले इस प्रोजेक्ट के करीब ₹50 करोड़ कीमत वाले सभी पेंटहाउस पहले ही दिन बिक गए. पेंटहाउस का इंटीरियर गौरी खान ने डिजाइन किया है, जबकि प्रोजेक्ट को रिजवान साजन की Danube Properties ने विकसित किया है. दुबई मरीटाइम सिटी में बने इस प्रोजेक्ट में अपार्टमेंट्स की शुरुआती कीमत AED 1.65 मिलियन (करीब ₹4.2 करोड़) रखी गई है और खरीदारों से भारी दिलचस्पी देखने को मिली.

खबर विस्तार से पढ़ें: दुबई में शाहरुख खान हाउसिंग प्रोजेक्ट लॉन्च, पहले ही दिन बिक गए 50 करोड़ वाले सारे पेंटहाउस, सबसे सस्ता अपार्टमेंट कितने का?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News, Top 10 News India, Sharad Pawar, Shah Rukh Khan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com