आम आदमी की रसोई से लेकर बाथरूम तक, हर तरफ महंगाई का झटका लग गया है.पिछले दो महीनों में रोजमर्रा की कई जरूरी चीजें महंगी हो गई हैं, जिससे घर का बजट बिगड़ने वाला है.अमूल, मदर डेयरी और नंदिनी ने जहां दूध, दही, घी और मक्खन के दाम बढ़ाकर रसोई का खर्च बढ़ा दिया है, वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) ने सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील जैसे डिटर्जेंट व साबुन की कीमतें बढ़ा दी हैं. इतना ही नहीं, सिगरेट और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर भी अब पहले से ज्यादा महंगे हो गए हैं. आइए जानते हैं किस चीज के दाम कितने बढ़े हैं और आपकी जरूरत की किस चीज के लिए अब आपको कितनी ज्यादा जेब ढीली करनी होगी.
Mother Dairy का दूध 4 रुपये तक महंगा
Mother Dairy ने 12 नवंबर से दिल्ली-NCR में दूध की कीमतें 2 से 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई हैं. कंपनी ने इसकी वजह दूध खरीदने की लागत और किसानों के बढ़ते खर्च को बताया है. कंपनी दिल्ली-NCR में रोज करीब 35 लाख लीटर और सभी बाजारों में 50 लाख लीटर से ज्यादा दूध बेचती है. इससे पहले 14 मई 2026 को दाम बढ़े थे.
Amul दूध के दाम भी बढ़े
Amul ने 12 नवंबर से ताजा पैकेट वाले दूध की कीमतें 2 से 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई हैं. कंपनी ने प्रमुख वैरिएंट में 4-5% की बढ़ोतरी की है. Amul Taaza टोंड दूध 3.3% महंगा होकर 2 रुपये प्रति लीटर और Amul Gold 5.5% महंगा होकर 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ा है. कंपनी के मुताबिक चारा, पैकेजिंग और ईंधन की लागत बढ़ी है. अतिरिक्त कमाई का बड़ा हिस्सा दूध उत्पादकों को मिलेगा.
Nandini दूध और दही के नए रेट
कर्नाटक में 1 नवंबर से Nandini दूध के दाम 8 से 12 रुपये प्रति लीटर बढ़े हैं. टोंड दूध 46 से 54 रुपये, होमोजेनाइज्ड टोंड 47 से 56 रुपये, गाय का दूध 50 से 58 रुपये और स्पेशल टोंड व शुभम दूध 52 से 64 रुपये हो गया है. होमोजेनाइज्ड शुभम दूध 53 से 65 रुपये प्रति लीटर है.
दही का 500 ग्राम पैक 28 से 34 रुपये और एक लीटर पैक 54 से 68 रुपये हो गया है. किसानों को 7 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त मिलेंगे, जबकि 1 रुपये यूनियनों को खर्च के लिए मिलेगा. सरकार ने दूध की सप्लाई में करीब 10 लाख लीटर की कमी और सूखे को वजह बताया है.
घी और मक्खन भी महंगे
Amul के 1 किलो घी का पैक 630 से 680 रुपये और 500 ग्राम पाउच 325 से 345 रुपये हो गया है. 100 ग्राम मक्खन 63 से 66 रुपये और 500 ग्राम पैक 310 से 325 रुपये हो गया है.बेंगलुरु में BAMUL ने 4 नवंबर से Nandini घी, मक्खन, पनीर और Trupti दूध के दाम बढ़ाए हैं.
सिगरेट और डिटर्जेंट पर भी बढ़ा खर्च
ITC ने Gold Flake Premium के 10 सिगरेट वाले पैक की कीमत में दूसरी बार बढ़ोतरी की है. जून में दाम 115 से 125 रुपये हुए थे. दोनों बढ़ोतरी मिलाकर कीमत 20 रुपये यानी करीब 17.4% बढ़ी है.
HUL ने Surf Excel, Rin, Wheel और Moti साबुन के दाम भी बढ़ाए हैं. अलग-अलग पैक पर 1 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है. कुछ प्रोडक्ट 11% तक महंगे हुए हैं.
कमर्शियल LPG सिलेंडर भी महंगा
दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम अक्टूबर में 62.50 रुपये और नवंबर में 10 रुपये बढ़े हैं. सितंबर के 2,747.50 रुपये के मुकाबले अब कीमत 72.50 रुपये ज्यादा है. 1 नवंबर को मुंबई में सिलेंडर 2,775 रुपये, कोलकाता में 2,971 रुपये और चेन्नई में 2,994.50 रुपये का था. घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर की दिल्ली में कीमत 942 रुपये पर बरकरार है.
यह भी पढ़ें | सिगरेट फिर हुई महंगी, ITC ने Gold Flake Premium के दाम 10 रुपये बढ़ाए, एक पैकेट के लिए देने होंगे इतने रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं