- पीएम मोदी ने पत्रकारों संग अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए महिला पत्रकारों की एक गैंगसे जुड़ा एक किस्सा बताया
- पीएम ने कहा कि 2001 में उनके सीएम पद के शपथ ग्रहण समारोह में कई पत्रकार अपने खर्चे पर शामिल हुए थे
- मोदी ने कहा कि पिछले 25 सालों में देश, दुनिया और राजनीति के तरीकों के साथ मीडिया भी काफी बदल गया है
बीजेपी दफ्तर में दिवाली मिलन समारोह में पीएम मोदी ने वहां मौजूद पत्रकारों के सामने अपने पुराने दिनों का किस्सा याद करते हुए कहा कि एक दिन 11 अशोका रोड पर सारे पत्रकारों की गैंग मेरे कमरे में घुस गई. नॉर्मली मेरे साथ वे ऐसा नहीं करते, लेकिन उस दिन बस घुस गए. उस समय एक महिला ब्रिगेड हुआ करती थी. उनकी बहुत ताकत रहती थी. उन्होंने मेरा गला ही पकड़ लिया और कहा कि मिठाई खिलाओ. मैंने कहा कि किस बात की मिठाई? इस पर उन्होंने कहा कि आप गुजरात जा रहे हैं और आप सीएम बनने वाले हैं. इस पर मैंने कहा कि मुझे इस बारे में कुछ भी मालूम नहीं है.लेकिन उन्होंने कहा कि हम सबको पता है, आप झूठ बोल रहे हैं.
महिला पत्रकारों की गैंग को सब पता था
पीएम मोदी ने कहा कि ये बात बहुत कम लोगों को ही मालूम थी, लेकिन उन महिला पत्रकारों की पूरी गैंग को सब पता था. हालांकि उनकी जानकारी सही थी लेकिन उस समय मुझे जवाब देते नहीं बन रहा था.लेकिन मेरे लिए खुशी की बात रही कि यहां जो मेरी दोस्ती थी 2001 में जब मेरा शपथ ग्रहण सामरोह हुआ तो ऐसे बहुत सारे पत्रकार अपने खर्चे और अपनी व्यवस्था से अपनेपन के नाते उस कार्यक्रम में शामिल हुए थे.
पत्रकार अपने खर्चे पर मेरे शपथ ग्रहण समारोह में आए थे
शपथ ग्रहण समारोह के बाद जब मैं उनसे मिला तो मैंने उनसे कहा कि आप आने से पहले बताते तो मैं कुछ व्यवस्था करता. इस पर उन लोगों ने कहा कि हम तो अपनेपन के नाते ऐसे ही आ गए. तब से लेकर अब तक मुझे बहुत कुछ करते-करते आगे बढ़ने का मौका मिला है. 25 सालों में भी बहुत कुछ बदल गया है. देश बदला, दुनिया बदली, राजनीति का तरीका भी बदल गया. बदलती हुई टेक्नोलॉजी ने मीडिया का स्वरूप भी काफी बदल दिया है. पारंपरिक मीडिया संस्थानों का काम थोड़ा आसान हुआ है तो नई चुनौतियां भी आ खड़ी हुई हैं.
आजकल गली-गली में हर खबर के एक्सपर्ट
पहले बड़ी-बड़ी ओबी बैन का संकट था. आज मोबाइल ही ओबी बैन बना हुआ है. आज हर किसी का अपना प्लेटफॉर्म और अपना चैनल और अपना पॉडकास्ट है. पहले कहा जाता था कि भारत में गली-गली में क्रिकेट के एक्सपर्ट मिलते हैं. गांव की गली वाला भी बता देता था कि सचिन ने क्या गलती की. उन्होंने हंसते हुए कहा कि आजकल तो गली-गली में हर खबर के एक्सपर्ट मिल जाते हैं. उनकी इस बात पर वहां बैठे पत्रकार भी हंस पड़े.
न्यूज रूम की दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे यहां कहावत रही है कि जितने मुंह, उतनी बातें. इसलिए कभी-कभी लगता है कि देश में जितने लोग हैं उतने ही ओपिनियन हैं. इतनी अलग-अलग ओपिनियन हमारी डेमोक्रेसी को वाइब्रेंट बनाए हुए हैं. इसमें निश्चित ही भारतीय मीडिया की बहुत बड़ी भूमिका है. न्यूज और न्यूजरूम की दुनिया की एक बात अच्छी होती है कि वहां कुछ भी असंभव नहीं माना जाता है. कहीं हादसा हो या भूकंप आए या बाढ़ की तबाही हो, सारी दुनिया उस जगह से भाग रही होती है. लेकिन हमारे फील्ड रिपोर्टर्स काम में लगे होते हैं. अपना जीवन दांव पर लगाकर परिवार की सारी चिंता किनारे रखकर वे कवरेज के लिएए पहुंच जाते हैं ऐसा जज्बा कम ही देखने को मिलता है. इसके लिए मैं हमेशा आपका प्रशंसक रहा हूं.
ये भी पढे़ं-'वो नजरें फेर लेते हैं, आंखें मिलाने से बचते हैं'.. पीएम मोदी से मुलाकात पर सोनिया गांधी का दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं