विज्ञापन

NCP के मर्जर का क्या होगा असर? पवार 'सुप्रीम बॉस', सुप्रिया को ताकत...मगर सुनेत्रा-पार्थ को होगी असली दिक्कत

महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कई दिनों से एनसीपी के विलय की चर्चा चल रही है. गृह मंत्री अमित शाह से एनसीपी अजित पवार के गुट के नेताओं की मुलाकात के बाद इस चर्चा को और ज्यादा हवा मिली है.

NCP के मर्जर का क्या होगा असर? पवार  'सुप्रीम बॉस', सुप्रिया को ताकत...मगर सुनेत्रा-पार्थ को होगी असली दिक्कत
एनसीपी के मर्जर के लिए शरद पवार का दांव
NDTV
मुंबई:

अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति और NCP का पूरा समीकरण बदल चुका है. जिस NCP को अजित पवार ने शरद पवार से बगावत करके अपने नियंत्रण में लिया था, अब उनके बिना उस पार्टी का विलय पुनर्मिलन कम और शरद पवार द्वारा अपनी खोई हुई विरासत का टेकओवर ज्यादा लगता है. अगर NCP के दोनों गुटों का विलय होता है और एकजुट NCP, NDA का हिस्सा बनती है, तो पवार परिवार के भीतर किसका भाग्य चमकेगा और कौन हाशिए पर जाएगा, यह समझना सबसे अहम है.

अजित बिना पार्थ कमजोर 

अजित पवार एक जननेता और कुशल प्रशासक थे. उनके बिना उनके परिवार सुनेत्रा, पार्थ, जय के पास संगठन पर वह पकड़ नहीं है, जो अजित पवार की हुआ करती थी. अजित पवार की मौत के बाद, विलय का सीधा मतलब है शायद पवार परिवार से सिर्फ सुप्रिया सुले का कद चमकना. BJP भी यह जानती है कि अजित पवार के बिना उनके गुट के पास वोटबैंक खींचने वाला कोई बड़ा जमीनी चेहरा फिलहाल नहीं है. रोहित पवार कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन अपनी पार्टी के अंदरूनी समीकरणों और सुप्रिया सुले के सामने वह कितना उभर पाएंगे, यह कहना मुश्किल है. ऐसे में उनकी कांग्रेस से करीबी भी बहुत कुछ बयां करती है.

सुप्रिया सुले के हाथ में होगी बड़ी ताकत

सुप्रिया सुले के हाथ में होगी बड़ी ताकत


सुनेत्रा के हाथ से जाएगी ताकत!

सत्ता अपने नेतृत्व में चला रही बीजेपी, चाहती है कि शरद पवार और उनके 8 लोकसभा सांसदों का समर्थन हासिल किया जाए, ताकि संसद में उसकी स्थिति मजबूत हो और कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन कमजोर पड़े. उधर, महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम और NCP चीफ सुनेत्रा पवार, अपने पति अजित पवार द्वारा स्थापित पार्टी पर से अपना नियंत्रण नहीं छोड़ना चाहतीं. वह जानती हैं कि नियंत्रण छोड़ते ही उनका सियासी कद और पद, शायद सब छिन जाएगा. अजित पवार के वफादार बनकर आए वरिष्ठ साथी भी सुनेत्रा और उनके बेटों से परेशान बताए जाते हैं. यही वजह है कि सुनेत्रा और उनके बेटे पार्थ पवार, विलय के सख्त खिलाफ हैं और अपना रुतबा बनाए रखने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं.

सुनेत्रा पवार के लिए होगी मुश्किल

सुनेत्रा पवार के लिए होगी मुश्किल


शरद पवार ने चल दी है चाल 

हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ NCP के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई, जिसमें विलय को लेकर चर्चा हुई. लेकिन, इस बेहद अहम बैठक से सुनेत्रा पवार को दूर रखा गया. NCP के खेमों में उथल-पुथल की यह हालिया और बड़ी तस्वीर इस बात का इशारा कर गई कि शरद पवार पर्दे के पीछे अपनी खोयी हुई पार्टी वापस लेने की निर्णायक जंग शुरू कर चुके हैं. शरद पवार ने अभी अपने पत्ते पूरी तरह नहीं खोले हैं. उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में अपनी बेटी सुप्रिया सुले के लिए एक अहम राजनीतिक भूमिका सुरक्षित करना और पार्टी के नाम-निशान पर चल रही कानूनी लड़ाई जीतना शामिल है.


पर सबसे बड़ा सवाल: विलय के बाद पवार परिवार के नेताओं का भविष्य क्या होगा?

1. सुप्रिया सुले (शरद पवार की बेटी) - सबसे बड़ा फायदा! शरद पवार की इकलौती बेटी और बारामती से लगातार सांसद सुप्रिया सुले, शरद पवार गुट की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और पार्टी का मुख्य चेहरा हैं. विलय हुआ तो उनका सियासी भाग्य सबसे ज्यादा चमकेगा. शरद पवार इस विलय के लिए तभी तैयार होंगे जब सुप्रिया के लिए महायुति सरकार और पार्टी में कोई प्रमुख भूमिका सुरक्षित हो जाए. एकजुट पार्टी में वह निर्विवाद रूप से अपने पिता के बाद नंबर दो नेता बनेंगी. इस चर्चा ने भी जोर पकड़ लिया है कि सरकार में उन्हें केंद्र में कोई बड़ा पद मिल सकता है.


2. सुनेत्रा पवार (अजित पवार की पत्नी) - बड़ा नुकसान, कद घटेगा? सुनेत्रा पवार हाल ही में राजनीति में सक्रिय हुईं और बारामती लोकसभा चुनाव में सुप्रिया सुले के खिलाफ लड़कर 1,58,333 वोटों के भारी अंतर से हार गईं. हालांकि, अजित पवार के निधन के बाद उपजी सहानुभूति की लहर में उन्होंने पार्टी और सरकार में बड़ा कद हासिल किया. लेकिन, धीरे-धीरे उनके करीबी ही उनके खिलाफ होते गए, जिसका सबसे बड़ा कारण उनके बेटे पार्थ का रवैया बताया गया. वह पार्टी पर नियंत्रण बनाए रखने और डिप्टी सीएम की कुर्सी बचाने की पुरजोर कोशिश कर रही हैं, हालांकि वह सबसे अहम वित्त मंत्रालय हासिल नहीं कर पाईं. विलय के बाद सुनेत्रा पवार का कद सबसे ज्यादा घटेगा. उनके पास अजित पवार जैसा राजनीतिक अनुभव या विधायकों पर पकड़ नहीं है. विलय होते ही शरद पवार और सुप्रिया सुले पार्टी का रिमोट कंट्रोल अपने हाथ में ले लेंगे, और सुनेत्रा को महायुति सरकार में शायद ही वह रुतबा मिले, जो अजित पवार का था.


3. शरद पवार (पार्टी के चाणक्य और संस्थापक) - सुप्रीम लीडर! 1999 में NCP के संस्थापक, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार 86 वर्ष की उम्र में भी अपनी पार्टी के सर्वेसर्वा और INDIA ब्लॉक के प्रमुख रणनीतिकार हैं. NCP के विलय पर शरद पवार महायुति के लिए किंगमेकर बन जाएंगे. BJP को ना चाहते हुए भी शरद पवार जैसे सम्मानित कद वाले नेता को अपने नेतृत्व वाले गठबंधन में अहम हिस्सा और पावर देना होगा. इससे एकनाथ शिंदे की शिवसेना और भी कमजोर होती दिखेगी. हालांकि, शरद पवार की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा मोदी-शाह के साथ मेल नहीं खाती, लेकिन अपनी बेटी सुप्रिया का भविष्य सुरक्षित करने और पार्टी का नाम-निशान वापस पाने के लिए वह यह समझौता कर सकते हैं. एकजुट गठबंधन में, दिखाने के लिए ही सही, पर वह “सुप्रीम बॉस” दिखेंगे, भले ही असली रिमोट कंट्रोल BJP के हाथ में रहे.

शरद पवार के दांव से बेटी सुप्रिया को फायदा

शरद पवार के दांव से बेटी सुप्रिया को फायदा

4. पार्थ पवार (अजित और सुनेत्रा के बड़े बेटे) - हाशिए पर जाएंगे? पार्थ पवार 2019 में मावल सीट से लोकसभा चुनाव लड़कर बुरी तरह हारे थे और 2024 के चुनाव से दूर रहे. वर्तमान में वह NCP के महासचिव और महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं. वह अपनी मां सुनेत्रा के साथ मिलकर पार्टी को शरद पवार के हाथों में जाने से रोकने की जद्दोजहद कर रहे हैं. विलय के बाद पार्थ का भविष्य सबसे ज्यादा खतरे में है. उनका राजनीतिक आधार पहले से ही कमजोर है. बीते कुछ महीनों में पार्टी को लेकर उनके रवैये के कारण, एकजुट NCP में वरिष्ठ नेताओं के सामने उनके लिए संगठन या सरकार में कोई बड़ी जगह बनाना लगभग मुश्किल हो जाएगा. उनका कद काफी हद तक कम होता दिख सकता है.

पार्थ पवार को होगा नुकसान

पार्थ पवार को होगा नुकसान

5. रोहित पवार (शरद पवार के पोते) - युवा नेतृत्व के तौर पर उभरेंगे लेकिन असमंजस बरकरार! शरद पवार के बड़े भाई अप्पासाहेब के पोते रोहित पवार, कर्जत-जामखेड से विधायक हैं. अजित पवार की बगावत के बाद वह शरद गुट के सबसे आक्रामक और लोकप्रिय युवा नेता बनकर उभरे हैं. विलय के बाद एकजुट NCP में वह युवा विंग और राज्य की राजनीति का प्रमुख चेहरा बन सकते हैं. महायुति सरकार में अगर NCP कोटे से मंत्री पद मिलते हैं, तो रोहित एक मजबूत दावेदार दिखते हैं. वह पार्थ और जय पवार को राजनीतिक रेस में पूरी तरह पीछे छोड़ सकते हैं पर अपना कद वह कितना बढ़ा पाएंगे, यह भी एक बड़ा सवाल है. सूत्रों के मुताबिक, रोहित पवार कई अहम कारणों से विलय के सख्त खिलाफ हैं. वह खुद को एक स्वतंत्र जननेता के रूप में स्थापित करना चाहते हैं, ताकि उन पर परिवारवाद का ठप्पा न लगे. रोहित को यह भी डर है कि विलय के बाद सुप्रिया सुले, पार्थ और जय पवार जैसे नेताओं के कारण उनके लिए संगठन या सरकार में आगे बढ़ने के मौके सीमित हो सकते हैं. संकेत हैं कि वह अपने स्वतंत्र राजनीतिक भविष्य और स्वायत्तता से कोई समझौता नहीं करेंगे और यदि विलय हुआ, तो शायद वह अपनी अलग राह चुन लें.

रोहित पवार के लिए सबसे बड़ा झटका

रोहित पवार के लिए सबसे बड़ा झटका


6. जय पवार (अजित और सुनेत्रा के छोटे बेटे) - सीमित भूमिका! जय पवार हाल ही में बारामती और आस-पास के स्थानीय संगठन में सक्रिय हुए हैं और फिलहाल पर्दे के पीछे से संगठन का काम देख रहे हैं. वर्तमान में वह NCP के राष्ट्रीय सचिव और पार्टी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष हैं. महाराष्ट्र सरकार में उनके पास कोई आधिकारिक पद नहीं है. पार्टी के भीतर उन्हें जो पद मिला, उससे वरिष्ठ चेहरे भी असहज दिखे. विलय के बाद जय पवार की हैसियत केवल एक स्थानीय नेता तक सिमट कर रह जाएगी. राष्ट्रीय या प्रदेश स्तर पर मजबूत चेहरों के बीच उनके लिए जगह बनाना बेहद कठिन होगा.

एकतरफा लड़ाई में कमजोर हुईं सुनेत्रा


अजित पवार के निधन के बाद यह राजनीतिक लड़ाई एकतरफा हो गई है. अगर विलय होता है, तो महायुति सरकार में एकजुट NCP का कद बढ़ जाएगा, क्योंकि बीजेपी को शरद पवार के अनुभव और उनके सांसदों की सख्त जरूरत है. लेकिन, मौजूदा NCP नेताओं का कद शरद पवार के इशारों पर ही तय होगा. पवार परिवार के भीतर, सुनेत्रा, पार्थ और जय यानी अजित पवार के परिवार का संभवतः राजनीतिक सूर्यास्त शुरू होता दिख रहा है. विलय की शर्तों के तहत पार्टी और सत्ता की मलाई शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनके वफादारों के हिस्से में जाएगी. सुनेत्रा और पार्थ की इस विलय को टालने की कोशिश दरअसल अपने सियासी वजूद को बचाने की आखिरी छटपटाहट मात्र है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sharad Pawar, Sunetra Pawar, Supriya Sule
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com