यूपी चुनावों के मद्देनजर अब थर्ड फ्रंट यानी ओवैसी और चंद्रशेखर ने गठबंधन का ऐलान कर दिया है, जिसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा होगा. ये गठबंधन सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा. इस गठबंधन की नजर यूपी के दलित और मुस्लिम वोटों पर है. चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इसे तीसरा मोर्चा मत कहिए, ये सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है, ये तीसरा नहीं है, गहराई में जाएंगे तो ये पहला मोर्चा है. यह भी और मजबूत होगा जैसे-जैसे कमजोर वर्ग इससे जुड़ता जाएगा, ये मजबूत होता जाएगा. बीजेपी को हराने के लिए गठबंधन की जरूरत है. उन्होंने आगे कहा कि अंबेडकर ने कहा था अन्याय करने वाले से अन्याय सहने वाला ज्यादा दोषी है. अंबेडकर ने महसूस किया था कि उस समय के राजनीतिक दल हमारे लोगों का भला नहीं करने वाले इसलिए उन्होंने अपना दल बनाया. पिछले लंबे समय से सभी राजनीतिक दलों ने वादा किया वंचित समाज को आगे लाएंगे लेकिन ये धोखा साबित हुआ और हमें मुख्यधारा में लाने की कहने वाले खुद तो विधायक सांसद बन गए लेकिन कमजोर तबका वहीं का वहीं है. अब तो सरकार ने कानून बना दिया है. सरकार के खिलाफ कोई लड़ने जाएगा तो उसे नौकरी नहीं मिलेगी और न ही सर्टिफिकेट मिलेगा.
हम भाजपा को उखाड़ फेकेंगे- चंद्रशेखर
आजाद ने आगे वादा किया कि हम भाजपा को उखाड़ देंगे. लोकतंत्र में वोट से किसी को ताकतवर बना सकते हैं तो हम अपनी ताकत बन सकते हैं, अपने लोगों को समझाना है. हम अपने वोट से मजबूत बनेंगे किसी के आगे हाथ नहीं फैलाएंगे. आरक्षण पर बात उठेगी तो सरकार को दिन में तारे दिखा देंगे. हम सत्ता परिवर्तन मोर्चे के रूप में और मजबूत होंगे. उन्होंने आगे कहा कि मैं एक फिर ऑफर दे रहा हूं कि अगर सपा और कांग्रेस भी इस गठबंधन में शामिल होकर बीजेपी को हराना चाहें तो हम उनके साथ मिलकर लड़ने को तैयार हैं. हम 403 सीटों पर मिलकर लड़ेंगे. यूपी की एक-एक दरगाह और मस्जिद की लड़ाई हम और ओवैसी मिलकर लड़ने जा रहे हैं.
हमारी सरकार आई तो ये तीन काम करेंगे
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि आप जानते ही हैं कि आजाद समाज पार्टी और आईएमआईएम ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है. इस मोर्चे में मुख्यमंत्री पद का चेहरा चंद्रशेखर होंगे. ये मोर्चा समाजिक परिवर्तन लेकर आएगा. अब बराबरी की बात होगी. अब्दुल मुद्दा बन गया है. चंद्रशेखर इनकी रातों की नींद हराम कर चुका है.ये कभी बर्दाश्त नहीं कर सकते कि कौन है जो हमारे सामने खड़ा होकर बराबरी की बात कर रहा है, आज इनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक रही है. ओवैसी ने योगी के बयान पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि योगी जी कह रहे 1 करोड़ 70 लाख हिन्दू वोटरों के नाम कटे हैं, हम इस पर इलेक्शन कमिश्नर से जानना चाहते हैं कि ये लिस्ट हमको भी दें. ओवैसी ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो 3 काम प्रमुखता से करेंगे. 1 से 12 वीं तक शिक्षा फ्री. अस्पतालों को शानदार बनाएंगे ताकि गरीबों का फ्री में इलाज हो. सबके स्वाभिमान की रक्षा करके सभी पढ़े लिखों को रोजगार देंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं