यूपी के 2027 में होने वाले चुनाव से पहले एक नया गठबंधन तैयार है. मुख्य मुकाबला बीजेपी और सपा के बीच माना जा रहा है. ओवैसी और चंद्रशेखर अलग से गठबंधन का आज ऐलान करने जा रहे हैं. दोनों की नजर दलित और मुस्लिम वोटों को एकजुट करने पर है. इस थर्ड फ्रंट में कुछ और छोटी पार्टियां भी शामिल होंगी. कुछ नेताओं को भी शामिल करने के लिए बातचीत जारी है. बता दें कि जानकारी मिल रही है कि ये फ्रंट 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है. दरअसल, ओवैसी की नजर 40 से 45 मुस्लिम बहुत सीटों पर है. इन सीटों पर ओवैसी ने चुनावी अभियान भी तेज कर दिया है. बता दें कि 143 सीटों पर मुस्लिम वोटरों का प्रभाव है. चंद्रशेखर दलितों में मजबूत होने की कोशिश कर रहे हैं. बीएसपी की कमजोर होती पकड़ में वह जगह तलाश रहे हैं. दलित वोटर यूपी में 140 सीटों पर प्रभावी हैं, अब दोनों के साथ आने से सामाजिक समीकरण बदलेंगे. सवाल ये हैं दोनों नेताओं के साथ आने से किसका नुकसान होगा.
यूपी की वो 58 सीटें जहां बीजेपी उम्मीदवार हारे या दूसरे नंबर पर रहे....
मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का विश्लेषण करें और समझने की कोशिश करें कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से किस राजनीतिक दल या नेता को फायदा होगा और किसे नुकसान हो सकता है. पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो उत्तर प्रदेश की 58 ऐसी विधानसभा सीटें हैं, जहां बीजेपी उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे और उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इन 58 सीटों पर मुस्लिम, दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं. इन सीटों में सिराथू विधानसभा सीट भी शामिल है, जहां डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को हार का सामना करना पड़ा था. यहां पल्लवी पटेल ने 7,337 वोटों से जीत दर्ज की थी. समाजवादी पार्टी के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की इटवा विधानसभा सीट भी इस सूची में शामिल है, यहां बीजेपी उम्मीदवार 1,662 वोटों से हार गए थे. चांदपुर, रामनगर, इसौली, दिबियापुर और डुमरियागंज जैसी सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार महज 234 से 771 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे. ये 58 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित गठबंधन का सीधा असर देखने को मिल सकता है. अगर इन सीटों पर तीसरे मोर्चे के उम्मीदवार को 5,000 या उससे कुछ ज्यादा वोट मिल जाते हैं, तो चुनावी नतीजों का समीकरण बदल सकता है.
27 में ओवैसी-चंद्रशेखर फैक्टर!
- 58 सीटों पर बदल सकता है चुनावी गणित
- 2022 में 58 सीटों पर BJP दूसरे नंबर पर रही
- मुस्लिम, दलित और पिछड़े की भूमिका अहम
- कम अंतर से हारी सीटों पर दोनों की नजर
- 5 हजार वोट भी बदल सकते हैं चुनावी समीकरण
- 2022 में SP के साथ RLD और सुभासपा
- 2027 में RLD और सुभासपा BJP के साथ
तीसरे मोर्चे को मिलने वाले वोट जीत और हार का अंतर तय करने में अहम भूमिका निभा सकते
भले ही तीसरे मोर्चे के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाए, लेकिन उन्हें मिलने वाले वोट जीत और हार का अंतर तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं. ऐसे में कहा जा सकता है कि उत्तर प्रदेश की सियासत में तीसरा मोर्चा आगामी विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका निभा सकता है.
वो 58 सीटें जहां इस थर्ड फ्रंट से हो सकता है बड़ा खेला
विधानसभा सीट हार-जीत का अंतर
- चांदपुर- 234 वोट
- रामनगर- 261 वोट
- इसौली 269 वोट
- दिबियापुर 473 वोट
- डुमरियागंज 771 वोट
- जसराना 836 वोट
- फरेंदा 1,246 वोट
- इटवा 1,662 वोट
- गाजीपुर 1,692 वोट
- बस्ती सदर 1,779 वोट
- बिसौली 1,834 वोट
- किठौर 2,180 वोट
- रानीगंज 2,649 वोट
- जैदपुर 2,982 वोट
- बहेड़ी 3,355 वोट
- मेजा 3,439 वोट
- सरेनी 3,807 वोट
- पटियाली 4,001 वोट
- भदोही 4,885 वोट
- चरथावल 5,334 वोट
- महादेवा 5,495 वोट
- बेल्थरा रोड 5,514 वोट
- गैसड़ी 5,837 वोट
- नूरपुर 6,065 वोट
- शेखूपुर 6,100 वोट
- जफराबाद 6,292 वोट
- सादाबाद 6,437 वोट
- पुरकाजी 6,532 वोट
- नौगावां सादात 6,540 वोट
- ऊंचाहार 6,621 वोट
- गौरीगंज 6,963 वोट
- शामली 7,107 वोट
- सिराथू 7,337 वोट
- बाबेरू 7,393 वोट
- भरथना 7,559 वोट
- बिलारी 7,610 वोट
- कैसरगंज 7,711 वोट
- बिधूना 7,765 वोट
- आर्य नगर 7,924 वोट
- लखनऊ पश्चिम 8,184 वोट
- मछलीशहर 8,484 वोट
- फतेहपुर 8,601 वोट
- सिरसागंज 8,805 वोट
- सिवालखास 9,182 वोट
- शिकोहाबाद 9,328 वोट
- आलापुर 9,383 वोट
- भोजीपुरा 9,409 वोट
- केराकत 9,844 वोट
- मटेरा 10428 वोट
- थाना भवन 10806 वोट
- लखनऊ मध्य 10935 वोट
- सिकंदरपुर 11855 वोट
- सीसामऊ 12266 वोट
- अकबरपुर 12336 वोट
- बैरिया 12951 वोट
- गोशाईंगंज 13079 वोट
- लहरपुर 13155 वोट
- मुंगरा बादशाहपुर 5230 वोट
2022 के मुकाबले 2027 का राजनीतिक समीकरण अलग
2022 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक समीकरण अलग थे. उस समय समाजवादी पार्टी के गठबंधन में आरएलडी और सुभासपा शामिल थीं. अब आरएलडी और सुभासपा दोनों बीजेपी के साथ गठबंधन में हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जयंत चौधरी की पार्टी आरएलडी का अपना प्रभावशाली वोट बैंक है. वहीं, ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुभासपा की राजभर समुदाय में राजनीतिक पैठ है. ऐसे में 2022 के चुनावी आंकड़ों को समझते समय उस समय के गठबंधन और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के अंतर को भी ध्यान में रखना होगा. फिलहाल ये 58 विधानसभा सीटें महत्वपूर्ण हैं, जहां 2022 के चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे थे. आगामी चुनाव में इन सीटों पर तीसरे मोर्चे की मौजूदगी चुनावी समीकरण को प्रभावित कर सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं