- बंगाल में मिली करारी हार के बाद पार्टी टूटने के सबसे बड़े खतरे के बीच ममता बनर्जी आज दिल्ली में हैं.
- लेकिन TMC सांसदों की गतिविधियां कुछ ऐसी नजर आ रही हैं, जो 'खेला होबे' के संकेत दे रही है.
- TMC खेमे के लिए रविवार का दिन काफी हलचल भरा रहा. लेकिन यह हलचल अंदर ही अंदर चल रही है.
TMC Crisis: देश की राजधानी दिल्ली में आज होने वाली विपक्षी दलों के INDI अलायंस की बैठक से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसदों की गतिविधियां ममता बनर्जी का टेंशन बढ़ा रही हैं. इस बैठक में ममता बनर्जी भी शामिल हो रही हैं. बंगाल सहित 5 राज्यों में हाल ही संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के बाद विपक्षी दलों के गठबंधन की यह पहली बैठक है. बंगाल में मिली करारी हार के बाद पार्टी टूटने के सबसे बड़े खतरे के बीच ममता बनर्जी आज दिल्ली में हैं. उनकी पार्टी के कई नेता भी दिल्ली में हैं. लेकिन TMC सांसदों की गतिविधियां कुछ ऐसी नजर आ रही हैं, जो 'खेला होबे' के संकेत दे रही है.
TMC खेमे के लिए हलचल भरा रहा रविवार का दिन
दरअसल सोमवार को होने वाली इस अहम बैठक से पहले TMC खेमे के लिए रविवार का दिन काफी हलचल भरा रहा. लेकिन यह हलचल अंदर ही अंदर चल रही है. TMC के एक सीनियर सांसद, जिन्हें कल शाम मुंबई से कोलकाता के लिए सीधी फ़्लाइट लेनी थी, उन्होंने कनेक्टिंग फ़्लाइट ली, और वह भी दिल्ली होकर. कहा जा रहा है कि कुछ घंटों के इस ठहराव का मकसद बिना किसी शक के दायरे में आए लोगों से चुपचाप मिलना था.
बागी तेवर अपना चुके सांसद की दिल्ली में सीक्रेट मीटिंग
दिल्ली में यह मीटिंग TMC के उन करीब 20 सांसदों की अगली रणनीति पर चर्चा करने के लिए थी, जो पार्टी लीडरशिप के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने के लिए समर्थन जुटा रहे हैं. यह सब ऐसे समय में हो रहा है जब ममता बनर्जी दिल्ली में INDI ब्लॉक के साथ अगली रणनीति पर चर्चा करने के लिए मीटिंग कर रही हैं.

80 में से 60 विधायक भी बगावती तेवर में
दिल्ली में उनकी कई मीटिंग्स तय हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी की गतिविधियों का केंद्र भी पश्चिम बंगाल विधानसभा से हटकर दिल्ली में संसद की ओर शिफ्ट हो सकता है. पिछले महीने विधानसभा चुनावों में हार के बाद पार्टी के 80 में से लगभग 60 विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं और अब करीब 20 सांसद पार्टी की गतिविधियों से दूर रहकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं.
दीदी के बदले ममता... बोली भी बदली, 24 घंटे से फोन बंद
खेल जगत से आए एक और सांसद ने भी पार्टी लीडरशिप के प्रति अपनी भाषा बदल ली है, जैसे 'दीदी' कहने के बजाय 'ममता' कहना. उत्तर 24 परगना के एक अहम सांसद, जो विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला. उन्होंने 24 घंटे से ज्यादा समय से अपना फोन बंद कर रखा है. सूत्रों का कहना है कि यह बिना कुछ कहे नाराजगी जाहिर करने का एक तरीका है. दिलचस्प बात यह है कि उन्हें TMC की एक और सांसद काकोली घोष दस्तीदार न समझें!!

कोलकाता से हटकर दिल्ली की ओर शिफ्ट हो रहा टीएमसी का हलचल
एक अभिनेत्री-सांसद रविवार को बिना किसी तय कार्यक्रम के दिल्ली पहुंचीं. वह भी उन लोगों में शामिल हैं जो चुपचाप पार्टी से दूर हो रही हैं. यह लिस्ट लंबी होती जा रही है, जिसमें उत्तर बंगाल के दो ऐसे नेता भी शामिल हैं जिनकी पत्नियां भी सक्रिय राजनीति में हैं. ऐसे में TMC में तूफान से पहले की बड़ी उथल-पुथल के आसार नजर आ रहे है. जिसका केंद्र कोलकाता से हटकर दिल्ली की ओर शिफ्ट हो रहा है.
यह भी पढ़ें - TMC में बगावत की इनसाइड स्टोरी, आखिर विधायक-सांसद क्यों बना रहे ममता से दूरी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं