- तेलंगाना के महबूबनगर जिले में तेज रफ्तार हायाबूसा बाइक के दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई है
- बाइक रेसिंग के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ने से वह एक कार से टकराई और परिवार के तीन सदस्य मरे
- बाइक पर सवार दोनों युवकों की अस्पताल में मौत हो गई, एक की पहचान याकूब अफजल के रूप में हुई है
तेलंगाना में तेज रफ्तार और रेसिंग का शौक जानलेवा साबित हुआ है. रविवार रात तेज रफ्तार हायाबूसा बाइक का संतुलन बिगड़ने और एक कार से टकराने के बाद 5 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि ये लोग रात में बाइक रेसिंग में हिस्सा ले रहे थे. यह घटना महबूबनगर इलाके में पालकोंडा बाईपास रोड पर हुई.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बाइक पर दो लोग सवार थे और करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रहे थे, तभी उनका बैलेंस बिगड़ गया और वे एक कार से टकरा गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी पहचान अर्शिया बेगम (30), उजेपा (7) और दो साल के अमर के रूप में हुई है.
दोनों बाइक सवारों की भी मौत
बाइक पर सवार दोनों लोगों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बाइक चलाने वालों में से एक की पहचान याकूब अफजल (25) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान अभी तक सामने नहीं आई है. यह पता नहीं चल पाया है कि घटना के समय बाइक कौन चला रहा था.
हयाबूसा उन पहली मोटरसाइकिलों में से एक है जिसने 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार का आंकड़ा छुआ था, और एक समय पर यह दुनिया की सबसे तेज मोटरसाइकिल थी.
यह भी पढ़ेंः जहानाबाद में बिजली के पोल से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत
रात में रेसिंग ट्रैक में बदल जाती है सड़क
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय यह बाईपास एक खतरनाक रेसिंग ट्रैक में बदल जाता है, जहां युवाओं के झुंड अक्सर स्पोर्ट्स बाइक पर स्टंट करते और तेज रफ्तार से बाइक चलाते नजर आते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई.
गुस्साए स्थानीय लोगों ने कहा, "हर रात ये युवा तेज आवाज वाली स्पोर्ट्स बाइक पर बाईपास पर रेस लगाते हैं. वे खतरनाक तरीके से बाइक चलाते हैं और बेकसूर लोगों की जान खतरे में डालते हैं. हमने कई बार शिकायत की, लेकिन किसी ने हमारी बात नहीं सुनी."
उन्होंने मांग की है कि और लोगों की जान जाने से पहले, इस अवैध बाइक रेसिंग को रोकने के लिए पुलिस तुरंत कार्रवाई करे.
निवासियों ने पुलिस अधिकारियों से यह भी आग्रह किया है कि वे रात के समय गश्त बढ़ाएं, CCTV कैमरे लगवाएं, स्पीड गन का इस्तेमाल करें और हाईवे पर तेज रफ्तार से बाइक चलाने वालों और रेसिंग करने वाले गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएं.
यह भी पढ़ेंः सीतामढ़ी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, 2 साल के मासूम को कुचला, गुस्साए ग्रामीणों ने गाड़ी में लगाई आग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं