वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी ने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान में भी सुर्खियां बटोरी हैं. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने 15 वर्षीय बल्लेबाज की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि मौजूदा समय में दुनिया भर में क्रिकेट खेला जा रहा है, लेकिन इस तरह की पिचों पर जिस अंदाज में वैभव बल्लेबाजी कर रहे हैं, वैसा कोई दूसरा खिलाड़ी नजर नहीं आता. सलमान बट ने कहा कि भारत जैसी टीम, जिसके पास पहले से ही मजबूत और स्थिर बल्लेबाजी क्रम मौजूद है, अगर उसे वैभव सूर्यवंशी जैसा बल्लेबाज मिल जाए और वह शुरुआती 6-7 ओवर तक क्रीज पर टिक जाए, तो टीम को ऐसी शुरुआत मिलती है और इसके बाद पूरी पारी के दौरान टीम को ज्यादा चिंता नहीं करनी पड़ती.
A record-shattering double century, a fearless display of power and an innings that left everyone in awe. 🫡 Watch India A in the Semi-Final of the #DPWorldAsiaCupRisingStarsMens2026 on 27th Nov, 3:30 PM onwards, LIVE on Sony Sports Network TV channels and Sony LIV. #SonySportsNetwork #SonyLIV
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) November 24, 2026
सलमान ने कहा कि वैभव की सबसे बड़ी ताकत उनकी प्रहार करने की क्षमता है. उन्होंने कहा कि जिस स्ट्राइक रेट से वैभव बल्लेबाजी करते हैं, उस स्तर पर लगातार प्रदर्शन बनाए रखना बेहद मुश्किल काम है. बट का मानना है कि 15 साल की उम्र में इस तरह की बल्लेबाजी करना उनकी असाधारण प्रतिभा की पहचान है.
15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के तूफानी दोहरे शतक की बदौलत भारत-ए ने एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई को 7 विकेट से हराया. इस मुकाबले में वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. वैभव ने इस दौरान 53 गेंदों में 204 रन की अविश्वसनीय पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 28 छक्के शामिल रहे. उन्होंने महज 28 गेंदों में शतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया. इस दौरान उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का 29 गेंदों वाला रिकॉर्ड तोड़ दिया.
यही नहीं, वैभव ने 40 गेंदों में 150 रन और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया. दोनों ही उपलब्धियां लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के चैड बोवेस का सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
यूएई के खिलाफ मैच में वैभव का हमला इतना आक्रामक था कि सातवें ओवर की सभी छह गेंदों पर उन्होंने बाउंड्री लगाई. उस ओवर में 6, 4, 4, 6, 6, 4 के साथ कुल 30 रन आए. इसके अलावा वैभव ने एक लिस्ट-ए पारी में सबसे ज्यादा 28 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. उन्होंने डार्सी शॉर्ट और बेवन जैकब्स जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया. प्रोफेशनल क्रिकेट में भी अब एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो गया है.
वैभव की इस ऐतिहासिक पारी की चर्चा दुनिया भर में हो रही है और क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम उनकी बल्लेबाजी की तारीफ कर चुके हैं. अब पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट का बयान भी इस सूची में जुड़ गया है, जिन्होंने माना कि इतनी कम उम्र में इस तरह की आक्रामक और प्रभावी बल्लेबाजी बेहद दुर्लभ है.
पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने हरप्रीत सिंह भाटिया के 130 रन की बदौलत 8 विकेट पर 249 रन बनाए थे. भारतीय गेंदबाजों में अरशद खान ने 4 विकेट झटके. जवाब में भारत-ए ने महज 14.2 ओवर में लक्ष्य हासिल करके सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.
यह भी पढ़ें | 204 रन, 28 छक्के और रिकॉर्डों की बारिश, वैभव सूर्यवंशी की पारी पर सहवाग-युवराज-कार्तिक ने बांधे तारीफों के पुल
यह भी पढ़ें | 'ये रिकॉर्ड ब्रेकर है, क्रिकेट का इतिहास दोबारा लिख रहा'... वैभव सूर्यवंशी की पारी देख दंग रह गए मोहम्मद कैफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं