तमिलनाडु के थिरुपरनकुंद्रम दीपाथून में कार्तिगई लैंप जलाने की अनुमति देने वाले आदेश का पालन ना किए जाने के मामले में दाखिल अवमानना याचिका पर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. इस सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम मुख्य मामले को नहीं ले रहे हैं. हम सिर्फ इस बात को लेकर सुनवाई कर रहे हैं कि आखिर आदेशों का पालन क्यों नहीं किया गया. सुप्रीम कोर्ट ने अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर और तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सौंप दिया है. साथ ही कोर्ट ने उच्चिपिल्लैयार मंडपम में प्रज्वलित दीप की लौ से शनिवार को तिरुप्परनकुंद्रम के दीपथून पर दीप प्रज्वलित करने का आदेश दिया.अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित किया और सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को रिसीवर नियुक्त किया है.
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में मदुरै कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर एस. राजेंद्रन, कमिश्नर टी. जी. विनय और मंदिर के कार्यकारी अधिकारी सहित तमिलनाडु के अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल की गई है. इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि इन अधिकारियों ने 20 नवंबर के सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का जानबूझकर उल्लंघन किया है, जिसमें 24 नवंबर को एक दिन के लिए तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर 'कार्तिगई दीपम' जलाने की अनुमति दी गई थी.
क्या है दीपथून विवाद
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दीपथून पर दीपक नहीं जलाया गया, इस तथ्य पर विवाद नहीं है. उधर, सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वरिष्ठ वकील गुरु कृष्णकुमार ने दलील दी कि ट्रस्टियों के इस बोर्ड ने किसी भी स्तर पर इस मामले को चुनौती नहीं दी, कलेक्टर अदालत को यह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि उन्होंने हर संभव कदम उठाया, लेकिन बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज से बात नहीं की. यह हैरान करने वाला है. अचानक बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज सामने आता है और कहता है कि दीपथून नहीं जलाया जा सकता .
बोर्ड में ऐसे लोग शामिल हैं, जिनकी नियुक्ति पर पहले ही आपत्ति उठाई गई थी. दीपक जलाने का समय निकलने के बाद शाम 7:30 बजे प्रस्ताव लाया गया. बोर्ड में नियुक्त एक अन्य सदस्य ऐसे राजनीतिक समूह का हिस्सा थे, जो दीपम जलाए जाने का विरोध कर रहे थे. दीपक जलाने का निर्धारित समय शाम 6 से 6:30 बजे तक था, लेकिन इस संबंध में प्रस्ताव पहली बार शाम 7:30 बजे आया. संबंधित विभाग ने हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक इस मामले को लेकर लगातार पैरवी की. जिन अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने की जिम्मेदारी दी गई थी, उन्होंने यह कैसे कह दिया कि बोर्ड ने कुछ लोगों के नामों को अधिकृत नहीं किया था?
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कुछ अहम टिप्पणियां की. कोर्ट ने कहा कि संविधान का आदेश है कि सभी प्राधिकरण सुप्रीम कोर्ट की सहायता में कार्य करेंगे. कोर्ट ने अपने एक पूर्व फैसले का हवाला देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक समाज में कानून का शासन (Rule of Law) सर्वोपरि है. संविधान की प्रस्तावना में भारत के लोगों ने सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है. कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि न्याय की व्यवस्था को प्रदूषित करने की किसी भी व्यक्ति की कोशिश, चाहे वह कितना भी ऊंचे पद पर क्यों न हो, बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
कोर्ट ने कहा कि इस आदेश के जरिए वह यही संदेश देना चाहता है.सुप्रीम कोर्ट का आदेश बातचीत या मोलभाव का निमंत्रण नहीं है. कोर्ट ने कहा कि उसके आदेशों को बातचीत के जरिए बदलने की कोशिश नहीं की जा सकती. कोर्ट ने कहा कि हम अलग-अलग बैठकर काम नहीं कर सकते. कोर्ट ने कहा कि जब न्याय का उल्लंघन होता है, तो उससे निपटने के लिए अवमानना कानून मौजूद है.
यह भी पढ़ें: संविधान दिवस पर चीफ जस्टिस ने किसे दी नसीहत, कहा- अपने दायरे में रहें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं