- SC ने HDFC, ICICI समेत चार वित्तीय संस्थानों को अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी का आदेश दिया
- कोर्ट ने आदेश का पालन न करने पर CMD और चेयरमैन को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश दिया
- CBI ने कुल 55 मामलों में से 25 की जांच पूरी कर 22 मामलों में चार्जशीट दाखिल की है, बाकी जांच जारी है
सुप्रीम कोर्ट ने घर खरीदारों को बिल्डरों और वित्तीय संस्थानों के कथित गठजोड़ की वजह से हुई परेशानी के मामले में गुरुवार को सख्त रुख अपनाया. कोर्ट ने HDFC, ICICI समेत चार वित्तीय संस्थानों को एक हफ्ते में अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देने का आदेश दिया.साथ ही साफ किया कि आदेश नहीं मानने पर CMD और चेयरमैन को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना होगा. बता दें कि CBI ने 55 मामलों में से 25 की जांच पूरी कर 22 मामलों में चार्जशीट दाखिल की है.
अदालत ने HDFC बैंक, ICICI बैंक, सम्मान कैपिटल और PNB हाउसिंग फाइनेंस को अपने अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए एक हफ्ते के भीतर बिना किसी शर्त के मंजूरी देने का निर्देश दिया.मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने चेतावनी दी कि अगर आदेश का पालन नहीं किया गया तो संबंधित वित्तीय संस्थानों के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (CMD) को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना होगा.
एक हफ्ते में अभियोजन की मंजूरी दें बैंक
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया कि सभी संबंधित बैंक और वित्तीय संस्थान एक सप्ताह के भीतर अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की बिना शर्त मंजूरी जारी करें.अदालत ने कहा कि ऐसा नहीं करने पर संबंधित संस्थानों के CMD और चेयरमैन को अदालत में उपस्थित होकर बताना होगा कि उनके खिलाफ उचित कार्रवाई क्यों न की जाए.
CBI को मंजूरी देने में बैंक कर रहे देरी
सुनवाई के दौरान CBI ने अदालत को बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 19 के तहत अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी हासिल करने में कठिनाइयां आ रही हैं. जांच एजेंसी ने बताया कि HDFC बैंक की ओर से सशर्त मंजूरी दी गई है. इस पर CJI सूर्यकांत ने नाराजगी जताई.उन्होंने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट पहले ही बिल्डरों और वित्तीय संस्थानों के बीच कथित मिलीभगत को लेकर गंभीर संदेह जता चुका है, तब बैंकिंग अधिकारियों का यह दायित्व है कि वे अभियोजन की मंजूरी दें.
CJI ने कहा कि जब हमने बिल्डरों के साथ आपकी मिलीभगत को लेकर गंभीर संदेह जताते हुए आदेश पारित किया है, तो बैंकिंग अधिकारियों का यह बाध्यकारी कर्तव्य है कि वे अभियोजन की मंजूरी दें. अगर वे ऐसा नहीं करेंगे तो अगला आदेश उनके खिलाफ होगा. यह मामला बिल्डरों, घर खरीदारों और वित्तीय संस्थानों के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौतों से जुड़ा है
बिल्डरों ने बंद किया था किस्तों का भुगतान
इन समझौतों के तहत बिल्डरों ने घर खरीदारों को भरोसा दिया था कि उन्हें मकान का कब्जा मिलने या तय तारीख तक होम लोन की किस्तें (EMI) बिल्डर की ओर से चुकाई जाएंगी. हालांकि, कई बिल्डरों ने बाद में किस्तों का भुगतान बंद कर दिया. इसके बावजूद बैंकों और वित्तीय संस्थानों ने घर खरीदारों के खिलाफ कर्ज वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी. कई खरीदारों को अभी तक अपने मकानों का कब्जा भी नहीं मिला था, लेकिन उन्हें लोन चुकाने के लिए मजबूर किया जाने लगा.सुप्रीम कोर्ट ने अप्रैल 2025 में बिल्डरों और वित्तीय संस्थानों के बीच कथित गठजोड़ की CBI जांच का आदेश दिया था.
55 मामलों में 25 की जांच पूरी
गुरुवार को CBI ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी छठी पूरक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की. जांच एजेंसी ने बताया कि कुल 55 दर्ज मामलों में से 25 की जांच पूरी हो चुकी है. CBI के मुताबिक 22 मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं, 3 मामलों में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की गई है. शेष मामलों की जांच जारी है. सुप्रीम कोर्ट ने CBI को बाकी मामलों की जांच जल्द पूरी करने का निर्देश दिया.साथ ही संबंधित अदालतों को चार्जशीट पर शीघ्र संज्ञान लेने और आरोप तय करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा. CJI सूर्यकांत ने संकेत दिया कि अदालत मुकदमों के निपटारे के लिए समयसीमा भी तय कर सकती है. पीठ ने साफ किया कि मामले में देरी करने की रणनीति स्वीकार नहीं की जाएगी.
सुप्रीम कोर्ट इस मामले में 7 से 10 दिन बाद फिर सुनवाई करेगा. अगली सुनवाई में अदालत यह देखेगी कि चारों वित्तीय संस्थानों ने अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की मंज़ूरी देने के निर्देश का पालन किया है या नहीं.
ये वीडियो भी देखें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं