26 नवंबर 2026 को बिहार के पूर्व सांसद एवं चर्चित राजनीतिक व्यक्तित्व आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई (Premature Release) को रद्द करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने एक बार फिर इस प्रश्न को केंद्र में ला दिया है कि आजीवन कारावास की सजा पाने वाला कोई व्यक्ति कितने समय तक जेल में रहेगा? क्या 14 वर्ष की कैद पूरी होने के बाद उसकी रिहाई का रास्ता खुल जाता है, या फिर राज्य सरकार की Remission Policy और अपराध की प्रकृति को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाता है?
भारतीय क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम में ये प्रश्न लंबे समय से कानूनी और सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा रहे हैं. यह मामला केवल आनंद मोहन की रिहाई और पुनः कारावास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके कारण कानूनी हलके में आजीवन कारावास की वास्तविक कानूनी प्रकृति, सजा में छूट (Remission) के अधिकार, राज्य सरकार की नीति-निर्माण शक्ति तथा संवैधानिक न्यायिक समीक्षा के बीच संबंध को लेकर चर्चा तेज हो चुकी है.आखिर बिहार सरकार ने जेल नियमावली में क्या बदलाव किया था, उस बदलाव के आधार पर समयपूर्व रिहाई कैसे संभव हुई और सुप्रीम कोर्ट ने हस्तक्षेप करते हुए उस संशोधन को असंवैधानिक क्यों ठहराया? इन सवालों के उत्तर इस फैसले के कानूनी और संवैधानिक महत्व को समझने के लिए आवश्यक हैं.
आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द
इस विवाद का इतिहास 5 दिसंबर 1994 की उस घटना से जुड़ा है, जिसमें तत्कालीन गोपालगंज के जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ द्वारा बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित खबरा शिव मंदिर के पास हत्या कर दी गई थी. इस मामले में अन्य लोगों समेत आनंद मोहन को भी दोषी ठहराया गया. ट्रायल कोर्ट के द्वारा उन्हें 5 अक्टूबर 2007 को मृत्युदंड सुनाया गया था, जिसे पटना उच्च न्यायालय ने 10 दिसंबर 2008 को आजीवन कारावास में परिवर्तित कर दिया. बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी इस निर्णय को बरकरार रखा. इस प्रकार आनंद मोहन की सजा आजीवन कारावास थी, लेकिन राज्य सरकार की Remission Policy के तहत उनकी सजा की अवधि को कम करके समयपूर्व रिहाई दे दी गई थी.
पैरोल और फरलो के बीच अंतर समझें
हालांकि इस लेख में आगे बढ़ने से पहले Remission, Commutation, पैरोल और फरलो के बीच अंतर को समझना भी महत्वपूर्ण है. Remission का अर्थ सजा की अवधि में छूट देना है, जबकि मूल सजा का स्वरूप नहीं बदलता. उदाहरण के लिए, आजीवन कारावास की सजा पाए व्यक्ति के मामले में पात्रता और लागू नीति के अनुसार राज्य उसकी सजा में छूट देने पर विचार कर सकता है. Commutation का अर्थ सजा के स्वरूप को बदलना है, जैसे मृत्युदंड को आजीवन कारावास में बदलना. पैरोल सामान्यतः विशिष्ट परिस्थितियों, जैसे- गंभीर बीमारी, शादी , मृत्यु आदि, में सीमित अवधि के लिए जेल से बाहर रहने की अनुमति है. जबकि फरलो जेल से एक निर्धारित अवधि के लिए मिलने वाली छुट्टी है, जिसे कुछ परिस्थितियों में कैदी के सामाजिक संपर्क, वंश वृद्धि और पुनर्वास से जोड़कर देखा जाता है. पैरोल और फरलो को स्थायी रिहाई अथवा सजा समाप्त होने के समान नहीं समझना चाहिए.
आजीवन कारावास की सजा का मतलब समझें
यह समझना आवश्यक है कि आजीवन कारावास का अर्थ 14 या 20 वर्ष की सजा नहीं है. यह कैदी की बाकी बची प्राकृतिक जिंदगी तक की सजा है. सुप्रीम कोर्ट ने State of M.P. v. Ratan Singh में स्पष्ट किया कि Remission सहित 20 वर्ष पूरे होने पर आजीवन कारावास स्वतः समाप्त नहीं होता. जेल नियमों के तहत Remission केवल सरकार को Premature Release पर विचार करने का आधार देता है, रिहाई का स्वतः अधिकार नहीं. CrPC की धारा 433A (अब BNSS 475) के अनुसार मृत्युदंड मिल सकने वाले अपराध में आजीवन कारावास की सजा पाने वाले व्यक्ति को remission या commutation देने से पहले कम से कम 14 वर्ष की वास्तविक कैद पूरी करनी होती है.
ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या का मामला
बिहार जेल मैनुअल 2012 के नियम 481 ने इसी आधार पर समयपूर्व रिहाई की पात्रता तय की थी. 2016 के संशोधन के बाद “ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या” के दोषियों को 20 वर्ष की कैद (remission सहित) पूरी करने के बाद भी समयपूर्व रिहाई के लिए अपात्र बना दिया गया था. बिहार सरकार ने 10 अप्रैल 2023 को Rule 481(1)(a) में संशोधन करके इस श्रेणी को प्रतिबंधित सूची से हटाया. परिणामस्वरूप, इस अपराध के दोषियों के समयपूर्व रिहाई पर विचार किए जाने का रास्ता खुल गया और 24 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन की रिहाई का निर्णय इसी बदली हुई नीति के तहत लिया गया.
सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की आवंत मोहन की रिहाई
सुप्रीम कोर्ट के सामने मुख्य संवैधानिक प्रश्न यह था कि क्या राज्य सरकार अपनी Remission Policy में ऐसा संशोधन कर सकती है, जिसके पीछे कोई स्पष्ट, तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक उद्देश्य दिखाई न देता हो और जिसका परिणाम एक विशेष श्रेणी के दोषियों को लाभ पहुंचाने के रूप में सामने आए. अदालत ने संशोधन को राज्य की पूर्ववर्ती नीति से अचानक और चयनात्मक विचलन माना है.विभिन्न समाचार रिपोर्ट्स के अनुसार, बिहार सरकार इस परिवर्तन के पीछे कोई ऐसा “Rational and Legitimate Public Purpose” स्थापित नहीं कर सकी, जो संशोधन को उचित ठहरा सके. अदालत ने इस परिवर्तन को “Manifest Arbitrariness” अर्थात स्पष्ट मनमानी के आधार पर संविधान के अनुच्छेद 14 के विरुद्ध माना. अनुच्छेद 14 केवल समान व्यवहार की गारंटी नहीं देता, बल्कि राज्य के निर्णयों में मनमानी, असंगति और अनुचित भेदभाव को भी रोकता है.
Remission पर नए सिरे से हो सकता है विचार
अदालत ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई के आदेश को भी निरस्त कर दिया है. इसका अर्थ यह है कि केवल नीति में बदलाव के आधार पर रिहाई को वैध नहीं माना जा सकता, यदि वह बदलाव ही संवैधानिक कसौटी पर खरा नहीं उतरता. हालांकि अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि आनंद मोहन के समर्पण करने के बाद भविष्य में Remission पर नए सिरे से विचार करने की प्रक्रिया कानून के अनुसार शुरू की जा सकती है.इस प्रक्रिया में जी. कृष्णैया की पत्नी उमादेवी कृष्णैया को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर दिया जाना चाहिए. हालांकि कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवार की आपत्ति को अंतिम निर्णय पर वीटो का अधिकार नहीं माना जाना चाहिए.
राज्य सरकार के पास फैसला लेने का अधिकार
इस फैसले से यह स्थापित होता है कि Remission Policy का निर्धारण राज्य सरकार के प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र में होने के बावजूद यह अधिकार पूर्णतः निरंकुश नहीं है. राज्य सरकार नीति बनाने, संशोधित करने और दोषियों की समयपूर्व रिहाई पर निर्णय लेने में सक्षम है, लेकिन उसके निर्णय संवैधानिक सीमाओं के अधीन हैं. यदि किसी नीति में बदलाव किया जाता है, तो उसके पीछे वैध उद्देश्य और तर्कसंगत आधार का होना आवश्यक है। अनुच्छेद 14 की कसौटी पर खरा उतरना राज्य की प्रत्येक कार्यकारी कार्रवाई के लिए अनिवार्य है.
डिस्क्लेमर: लेखक सुभाष कुमार ठाकुर PhD Scholar हैं. वे समसामयिक कानूनी मामलों पर नजर रखते हैं. इस लेख में व्यक्त विचार उनके निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.