- राजस्थान के जिला परिषद-पंचायत समिति चुनाव में कई दिग्गज नेताओं के परिवारों की प्रतिष्ठा पर बड़ा असर पड़ा है.
- चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे और बहू ने जिला परिषद चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है.
- सीकर जिले में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के सभी सदस्य पंचायत चुनाव हार गए हैं.
Rajasthan Zila Parishad Results: राजस्थान में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की मतगणना में कई दिलचस्प नतीजे देखने को मिल रहे हैं. इस चुनाव में दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर थी. कही सांसद के परिजन चुनाव लड़ रहे थे, तो कही मंत्री के परिजन मैदान में थे. विधायक और पूर्व विधायकों के परिजन भी मैदान में उतरे थे. ऐसे में नतीजों में कही खुशी कही गम वाला माहौल दिख रहा है. पूर्व नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी के सीनियर नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और बहू कनिका सिंह चुरू में चुनाव जीत गए हैं. जबकि मंत्री झाबर सिंह खर्रा का पूरा परिवार ही चुनाव हार गया है. वहीं मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के गृह क्षेत्र में बीजेपी पिछड़ी है. जयपुर में भी बीजेपी और कांग्रेस के जिला प्रमुख के दावेदार चुनाव ही हार गए.
चुरू में राजेंद्र राठौड़ के परिवार की वापसी
चुरू जिला परिषद चुनाव में बीजेपी के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और दिग्गज नेता राजेंद्र राठौड़ के परिवार ने पंचायत चुनाव में अपनी ताकत दिखाई है. चूरू जिला परिषद के वार्ड नंबर 39 से उनके बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ ने जीत दर्ज की है, पराक्रम को कुल 7,633 वोट मिले और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी पूर्व विधायक भंवरलाल शर्मा के बेटे केसरी चंद को 7,810 वोटों के भारी अंतर से हराया. जो चूरू जिले की बड़ी जीत मानी जा रही है. वहीं वार्ड नंबर 23 से उनकी बहू कनिका सिंह भी 2,384 वोटों के अंतर से जीत गई हैं. यानी राठौड़ परिवार ने जिला परिषद में दोहरी जीत हासिल की है. चूरू में अब तक बीजेपी को 5 और कांग्रेस को 4 सीटें मिली हैं. राठौड़ खुद 2023 का विधानसभा चुनाव चूरू से हार गए थे, लेकिन पंचायत चुनाव में बेटे-बहू की इस बंपर जीत ने उन्हें फिर से जिले की राजनीति में मजबूत कर दिया है. वहीं उन्हें चुनाव हराने वाले कांग्रेस विधायक की पत्नी चुनाव हार गई.
मंत्री झाबर सिंह खर्रा का परिवार हारा चुनाव
राजस्थान पंचायत चुनाव का सबसे दिलचस्प नतीजा सीकर जिले के श्रीमाधोपुर से आया है. भजनलाल सरकार में शहरी विकास एवं आवासन (UDH) मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव नहीं जीत पाया. उनकी पत्नी शांति देवी अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 17 से बीजेपी के टिकट पर लड़ी थीं, लेकिन कांग्रेस की प्रत्याशी से 57 वोटों से हार गई. छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 20 से बीजेपी के टिकट पर लड़े, उन्हें कांग्रेस के भैरूलाल वर्मा ने 60 वोटों से हराया. बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा ने निर्दलीय के तौर पर वार्ड 19 से किस्मत आजमाई, लेकिन वो महज 3 वोटों के बेहद मामूली अंतर से हार गए.
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के गढ़ में भाजपा को झटका
भजनलाल सरकार में मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के क्षेत्र झोटवाड़ा में भी बीजेपी को झटका लगा है. वो यहां से विधायक हैं और केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं. लेकिन पंचायत चुनाव में यहां बीजेपी का सूपड़ा ही साफ हो गया. झोटवाड़ा पंचायत समिति की 15 सीटों में से बीजेपी को सिर्फ 1 सीट मिली है. यह नतीजा इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि झोटवाड़ा को बीजेपी का मजबूत किला माना जाता था.
सांगानेर में आरएलपी का धमाका
जयपुर की सांगानेर पंचायत समिति में हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी का ने बड़ा उलटफेर किया है. सांगानेर की 15 में से 12 सीटों के नतीजे घोषित होने तक RLP ने 8 सीटें जीत लीं, जबकि बीजेपी और कांग्रेस को 2-2 सीटें ही मिलीं. ऐसे में यहां आरएलपी का प्रधान बन सकता है. वहीं हनुमान बेनीवाल के गृह क्षेत्र नागौर में भी RLP ने त्रिशंकु स्थिति बना दी है. नागौर पंचायत समिति में कांग्रेस को 6, RLP को 5, बीजेपी और निर्दलीय को 2-2 सीटें मिली हैं. यानी हनुमान बेनीवाल के गढ़ में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. सांगानेर में RLP का यह प्रदर्शन बताता है कि जयपुर के ग्रामीण इलाकों में तीसरी ताकत के तौर पर RLP तेजी से उभर रही है.
सांसद और विधायक के परिवार हारे
राजस्थान में सीनियर नेताओं के परिवारों को भी हार का सामना करना पड़ा है. अलवर की कठूमर पंचायत समिति में भरतपुर से कांग्रेस सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास चुनाव हार गए. उसी कठूमर में कांग्रेस विधायक रमेश खींची की दोनों पुत्रवधू भी पंचायत चुनाव हार गईं. यानी कांग्रेस के दो बड़े परिवारों को एक साथ झटका लगा. सीकर में बीजेपी जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की पत्नी गणपति जिला परिषद के वार्ड नंबर 3 से हार गईं. कांग्रेस की रजनी बाटड़ ने उन्हें 48 वोट से हराया. इन नतीजों से एक बात साफ है, इस बार पंचायत चुनाव में वोटर ने नाम और परिवार से ज्यादा लोकल मुद्दों और उम्मीदवार की अपनी पकड़ को तरजीह दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं