कलकत्ता हाईकोर्ट से तृणमूल कांग्रेस के बागी खेमे को बड़ा झटका लगा है. हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति को रद्द कर दिया है. आपको बता दें कि टीएमसी से अलग एक बागी गुट को राजनीतिक दल के रूप में मान्यता मिलने के बाद इसी साल जून में ऋतब्रत बनर्जी को इस पद के लिए चुना गया था.
इस मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति कृष्ण राव की एकल पीठ ने बनर्जी की नियुक्ति के संबंध में स्पीकर के आदेश को अमान्य ठहराया और उन्हें इस मामले पर पुनर्विचार करके एक तर्कसंगत आदेश पारित करने का निर्देश दिया. हाईकोर्ट का यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश के बाद आया है जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट से इस मामले का निपटारा जल्द से जल्द करने को कहा था. इससे पहले अगस्त में, हाई कोर्ट की एक खंडपीठ ने बनर्जी को तब तक अंतरिम नेता प्रतिपक्ष (LoP) के रूप में बने रहने की अनुमति दी थी, जब तक कि इस मामले का फैसला नहीं हो जाता.
आपको बता दें कि इसी साल जून में तृणमूल कांग्रेस में बढ़ती फूट के बीच विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया था कि पार्टी के 64 बागी विधायकों ने स्पीकर को अपने नाम सौंप दिए हैं. ये विधायक संख्याबल का दो-तिहाई से अधिक हिस्सा बताया गया था. उन्होंने उस दौरान कहा था कि स्पीकर फ्लोर टेस्ट का आदेश दे सकते हैं.
बनर्जी ने विधानसभा में बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायक देवांग्शु पांडा और TMC की स्वाति खांडेकर के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद ये बातें कही थीं. उन्होंने आने वाले दिनों में और विधायकों के बागी खेमे में शामिल होने की संभावना का भी संकेत भी दिया था.बनर्जी कहा था कि जिस तरह बागी सांसदों ने संसद में लोकसभा स्पीकर को अपनी लिस्ट सौंपी थी, उसी तरह बागी TMC विधायकों ने भी विधानसभा स्पीकर को अपनी लिस्ट सौंपी थी. उनका कहना था कि उनके पास 64 विधायक हैं.
यह भी पढ़ें: ममता से छिन जाएगी TMC? चुनाव आयोग ने दीदी और बागी गुट से मांगे पार्टी पर दावे वाले सबूत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं