कलकत्ता उच्च न्यायालय ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी गुट से जुड़े नेता जहांगीर खान के ‘‘अवैध रूप से'' निर्मित घर को ढहाने पर लगी अंतरिम रोक को एक दिसंबर तक बढ़ा दिया. जेल में बंद खान ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है. उनका दावा है कि जिला प्रशासन ने 12 नवंबर को फाल्टा स्थित उनके घर के कथित अवैध हिस्से को, उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना, ढहाना शुरू कर दिया था.
अदालत ने 13 नवंबर को इस तोड़फोड़ की कार्रवाई पर सोमवार तक के लिए अंतरिम रोक लगा दी थी. न्यायमूर्ति स्वरा घोष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे घर के कथित अनधिकृत हिस्से को गिराने का काम एक दिसंबर तक रोक दें, जब इस मामले पर फिर से सुनवाई होगी.
खान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में हार गए थे. उन्हें आठ जुलाई को उत्तरी बंगाल में भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया गया था. उन पर मारपीट, जबरन वसूली और आपराधिक धमकी देने के आरोप हैं. उनके वकील ने दावा किया कि कथित अनधिकृत निर्माण को गिराने के लिए कोई नोटिस नहीं दिया गया था. राज्य सरकार के वकील ने याचिकाकर्ता की दलील के विरोध में एक हलफनामा दाखिल करने की अनुमति मांगी.
भाषा इनपुट के साथ
ये भी पढ़ें : कल का मौसम: दिल्ली में ठंड और कोहरा, बंगाल-बिहार समेत 14 राज्यों में बारिश, साइक्लोन अकवान को लेकर अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं