- भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में दो राजनीतिक खेमे बन गए हैं
- भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि रैली के दौरान राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को बोलने का मौका नहीं दिया.
- भाजपा ने कांग्रेस के भीतर गांधी-वाद्रा परिवार में भाई-बहन के बीच राजनीतिक मतभेद का दावा किया है
बीजेपी ने कांग्रेस के राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व वाले दो खेमों में बंटने का दावा करते हुए आरोप लगाया है कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' के दो विरोध प्रदर्शनों में प्रियंका को बोलने का मौका नहीं दिया गया, क्योंकि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को डर है कि उनकी बहन को आगे बढ़ाए जाने पर वो खुद पार्टी में हाशिये पर जा सकते हैं.
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश में कहा कि गांधी परिवार के भीतर प्रियंका गांधी का भी ‘वोट चोरी हो गया है'. उन्होंने दावा किया कि प्रियंका ‘मॉक पार्लियामेंट' (प्रतीकात्मक संसद) और रामलीला मैदान की रैली में नाखुश नजर आईं.
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' (‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस') ने शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक रूप से ‘जन महाभियोग' चलाया था. गठबंधन ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है, जिससे मतदान का अधिकार खतरे में पड़ गया है. विपक्षी गठबंधन ने कथित चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में रविवार को यहां रामलीला मैदान में एक विशाल रैली भी आयोजित की.
पात्रा ने कहा, ‘‘कल कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रतीकात्मक संसद का आयोजन किया था. मैंने इस दौरान एक बात पर गौर किया कि राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका वाद्रा को बोलने का मौका नहीं दिया.'' उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सांसदों के अलावा अन्य लोगों को भी बोलने का मौका दिया गया.
पात्रा ने कहा, ‘‘क्या राहुल गांधी को डर है कि अगर प्रियंका वाद्रा को एक नेता के रूप में आगे बढ़ाया गया तो वह खुद हाशिये पर चले जाएंगे? क्या इसी वजह से गांधी परिवार में प्रियंका वाद्रा का भी वोट चोरी हो गया है?''
वहीं भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलग-अलग खेमे बन गए हैं. उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता पर अपनी बहन को आगे बढ़ने से रोकने का आरोप लगाया. भंडारी ने कहा, ‘‘क्या कांग्रेस पार्टी के भीतर राहुल खेमा और प्रियंका खेमा बन रहा है? क्या देश अब राहुल गांधी और प्रियंका वाद्रा के बीच की लड़ाई खुलकर सामने आते देख रहा है?''

उन्होंने कहा, ‘‘रामलीला मैदान में प्रियंका वाद्रा को बोलने नहीं दिया गया. कांग्रेस की महासचिव प्रियंका, जो राहुल गांधी की बहन भी हैं, उन्हें राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करने का मौका नहीं दिया.''
भंडारी ने दावा किया कि प्रतीकात्मक संसद के दौरान भी, जब राहुल गांधी खुद को ‘‘100वीं बार ‘रीलॉन्च' करने की कवायद'' कर रहे थे, प्रियंका गांधी दूसरी पंक्ति में बैठी थीं और उन्हें बोलने नहीं दिया गया. उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या इससे यह साबित होता है कि आज कांग्रेस पार्टी की असली कहानी और सच्चाई गांधी-वाद्रा परिवार में भाई-बहन के बीच चल रही लड़ाई है?''
भंडारी ने यह भी सवाल उठाया कि क्या ‘राहुल खेमा' असुरक्षित महसूस कर रहा है और ‘प्रियंका खेमे' को दबाया जा रहा है. उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी खुद को ‘रीलॉन्च' करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन क्या उनका ध्यान देश की जनता या कांग्रेस पार्टी पर नहीं, बल्कि प्रियंका गांधी वाद्रा को पीछे धकेलने पर है?''
इसे भी पढ़ें: नकली फोटो भी ठीक से नहीं बना सकते...किरेन रिजिजू ने रामलीला मैदान रैली की भीड़ की पोस्ट पर AI वाला लगाया आरोप
इसे भी पढ़ें: शिव की बारात का उदाहरण देकर राहुल गांधी ने कैसा हिंदुस्तान बनाने की बात कही?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं