एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का आठवां मुकाबला 22 नवंबर को भारत 'ए' और पाकिस्तान 'ए' के बीच दोहा में खेला गया. जहां भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 48 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा. जिसके बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा काफी निराश नजर आए. मैच के बाद बल्लेबाजी प्रदर्शन पर उन्होंने कहा, 'जिस तरह अभिषेक ने आगाज किया. उसके बाद मेरे और शाहबाज के बीच साझेदारी हुई. वह काफी अहम थी. दुर्भाग्य से जब हम रन गति बढ़ाना चाहते थे. तभी शाहबाज आउट हो गए. अगर वह दो ओवर और टिक जाते तो शायद मैं मैच खत्म कर सकता था.'
पिच के मिजाज के बारे में बात करते हुए तिलक ने कहा, 'दूसरी पारी में शुरुआती दस ओवरों तक गेंद थोड़ी स्विंग कर रही थी. जिसका श्रेय उन दोनों तेज गेंदबाजों को जाता है. जिन्होंने शानदार लाइन और लेंथ से गेंदबाजी की. हमने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए. वरना हम मैच को 47वें या 48वें ओवर तक ही अपने नाम कर सकते थे.'
तिलक से जब पूछा गया कि क्या वह काफी समय बाद अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं. आप मैच को आखिर तक ले गए. इस सवाल के जवाब में भारतीय कप्तान ने कहा, 'मैं ऐसा नहीं कहूंगा सर. मेरे लिए सबसे बेहतरीन पल मैच जीतना होता. अगर मैं टीम को जीत नहीं दिला पाया तो वह मेरे लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं माना जाएगा. हालांकि, मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि जितना संभव हो सके पारी को अंत तक लेकर जाऊं. आज भी मेरी यही सोच थी. अगर किसी और बल्लेबाज से मुझे थोड़ा और सहयोग मिल जाता तो मैं मैच खत्म कर सकता था.'
तिलक ने कहा, 'यही मेरी जिम्मेदारी है. जब आप टीम के कप्तान होते हैं तो आपको दबाव और जिम्मेदारी लेनी होती है. सच कहूं तो मुझे यह करना पसंद है. आखिर में भगवान की कृपा रही कि उन्होंने मुझे इतना रन बनाने का मौका दिया.'
यह भी पढ़ें- तिलक वर्मा का शतक भी नहीं बचा सका भारत A को, पाकिस्तान A से हार के 5 बड़े कारण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं