- इंडिया गठबंधन ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली का आयोजन किया था.
- इंडिया गठबंधन इस रैली को लेकर कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी.
- किरेन रिजिजू का आरोप है कि कांग्रेस AI से भी सही तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं कर सकती.
इंडिया गठबंधन ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की थी. रैली के बाद सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें वायरल हुई हैं. जिनमें कुछ तस्वीरों को लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. उनका कहना है कि कांग्रेस ने AI से रैली की फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है, जिसमें भीड़ दिखाने की कोशिश की गई है. उन्होंने लिखा रामलीला मैदान में भारी भीड़ दिखाने के लिए, कांग्रेस पार्टी को कम से कम AI से बनी तस्वीर तो ठीक से तैयार करनी चाहिए थी. रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस ने बड़ी रैली का आयोजन किया था, जिसमें अलग-अलग राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का दावा किया गया था.
किरेन रिजिजू का कांग्रेस पर निशाना
किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा '"रामलीला मैदान में भारी भीड़ दिखाने के लिए, कांग्रेस पार्टी को कम से कम AI से बनी तस्वीर तो ठीक से तैयार करनी चाहिए थी. कांग्रेस पार्टी की फर्जी नैरेटिव टीम ने रामलीला मैदान को भरा हुआ दिखाने के लिए जो फर्जी एआई फोटो बनाई है, वह भी ठीक से नहीं की गई.' रिजिजू का कहना है कि कल की रैली के लिए कांग्रेस भीड़ का फर्जी नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रही है. लेकिन एआई से भीड़ की फोटो बनाकर भी वह ठीक से नहीं दिखा पा रहे हैं.

बीजेपी के दूसरे नेताओं ने भी साधा निशाना
बीजेपी के दूसरे नेताओं ने भी इंडिया गठबंधन और कांग्रेस की रामलीला मैदान रैली पर निशाना साधा है. बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के दलों ने रैली में जितनी भीड़ आने का दावा किया था, उतनी भीड़ नहीं थी. भाजपा ने ने इस रैली को 'फ्लॉप शो' करार दिया और दावा किया रामलीला मैदान का 40 प्रतिशत हिस्सा खाली था. जबकि कांग्रेस का दावा था कि CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में 10 लाख लोग शामिल होंगे.
ये वीडियो भी देखिए.
रैली पूरी होने के तुरंत बाद बीजेपी सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा 'कांग्रेस ने कहा था कि 10 लाख लोगों की भीड़ होगी, लेकिन मैदान का 40 प्रतिशत हिस्सा खाली था.'संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि रैली में दिखाई गई भीड़ 'ट्रिक फोटोग्राफी' थी. लेकिन इस तरह की ट्रिक से कोई प्रधानमंत्री नहीं बन जाता है.

रविवार को रामलीला मैदानी की रैली को लेकर कांग्रेस के कई समर्थकों ने इन तस्वीरों को शेयर किया था. भीड़ की इसी AI-जनरेटेड तस्वीर को पूर्व सांसद और CWC सदस्य जगदीश ठाकोर ने भी अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस तस्वीर को AI से बनाया हुआ बताया था. इसी फोटो को लेकर किरेन रिजिजू समेत बीजेपी के कई नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा.
रविवार को इंडिया गठबंधन ने की थी रैली
रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन के दलों ने बड़ी रैली आयोजित की थी. यह रैली CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर की गई थी. जिसमें विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे. वहीं इस रैली से पहले कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर ज्ञानेश कुमार जन महाभियोग किया था. चुनाव आयोग और BJP ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है और विपक्ष पर इस संस्था के खिलाफ एक झूठा नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया है.
ये भी पढ़ेंः रामलीला मैदान से विपक्ष की हुंकार, राहुल-खरगे समेत नेताओं ने क्या-क्या कहा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं