- अशोक गहलोत ने कहा कि चौथी बार CM बनने की बात चल रही है, लेकिन फैसला हाईकमान करेगा.
- पंचायत चुनाव में कांग्रेस की कामयाबी पर गहलोत ने कहा कि एकता की तस्वीर ने जीत दिलाई.
- उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में 2029 में NDA का सफाया होगा. जनता करारा जवाब देगी.
कांग्रेस के सीनियर लीडर और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान पंचायत चुनाव, चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की संभावना, राहुल गांधी के राजनीतिक संघर्ष और सोनिया गांधी की किताब को लेकर खुलकर बातचीत की है. पूर्व सीएम ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस के साथ बातचीत में इन सभी मुद्दों पर चर्चा की. पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री के चेहरे से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि मेरे चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की बात लगातार चल रही है. कई बार हम समर्थकों को टोकते भी हैं कि 'अगली सरकार गहलोत सरकार' जैसे नारे मत लगाओ, अभी चुनाव में दो साल बाकी हैं.
उन्होंने आगे कहा कि जो भी फैसला हाईकमान करे, वो हम सबको मंजूर होना चाहिए. हमारे सामने चुनौतियां हैं, देश में लोकतंत्र पर खतरा है. हमारा पहला मकसद यही होना चाहिए कि हम पार्टी के जरिए कैसे भागीदार बनें.

अशोक गहलोत
'जनता करारा जवाब देगी...'
'अगर जनता आपसे कहती है कि आपके नेतृत्व में सरकार बने, तो आपकी क्या भूमिका होगी.' इस सवाल पर जवाब देते हुए अशोक गहलोत कहते हैं कि जनता की भावना को हम सब समझते हैं. जो राजनीति में हैं, वो जनता के बीच में रहने का काम करते हैं. जनता के बीच के माहौल में एक होकर हम सभी काम कर रहे हैं.
अशोक गहलोत ने कहा, "हमारे लिए पहले जीत अहम है. शख्सन के बजाय कांग्रेस की जीत कैसे हो, उसमें हम सबको मिलकर काम करना पड़ेगा. हम मानते हैं कि देश के सामने चुनौतियां हैं, जिसका मुकाबला करने में राजस्थान भागीदारी निभाएगा. मैं भरोसे के साथ कह रहा हूं कि राजस्थान देश में बदलाव करने की पहल करेगा. राजस्थान में दिसंबर 2028 में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है और 2029 में लोकसभा चुनाव होंगे."
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश से एनडीए का सफाया होगा क्योंकि लोग इनकी कार्यप्रणाली से दुखी हो गए हैं. एनडीए सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है. जनता 2029 में इसका करारा जवाब देगी.
पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत पर क्या बोले गहलोत?
अशोक गहलोत ने कहा कि हमने पंचायत चुनाव से पहले एक तस्वीर दिखाई थी और वो तस्वीर कांग्रेस की एकता की थी. मैंने खुद मीडिया के लोगों को दिखाया था कि यह तस्वीर एकता की तस्वीर है. दूसरी तरफ, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी संसद के अंदर और बाहर लगातार संघर्ष कर रहे हैं.

अशोक गहलोत
उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी सरकार ने सामाजिक सरोकार को खत्म कर दिया. लोगों में गुस्सा था और लोग हमारी योजनाओं को याद कर रहे थे क्योंकि हमारी योजनाओं से उन्हें फायदा था. राजस्थान में कांग्रेस एकजुट थी, है और रहेगी. इसी का नतीजा है कि पंचायत चुनाव में हमें भारी जीत मिली.
सोनिया गांधी की नई किताब में किए गए खुद के जिक्र पर बात करते हुए अशोक गहलोत ने कहा, "सोनिया गांधी की किताब में जो जिक्र है, वो सोच-समझ कर लिखा गया है. जो मुद्दे आए हैं, वो भी सोच-समझकर लिखे गए हैं. अगर इतिहास में जाएं तो सोनिया गांधी को एक-एक हजार पेज की कई किताबें लिखनी पड़ेंगी, जो मुमकिन नहीं है."
यह भी पढ़ें | पंजाब चुनाव की तैयारी, राजस्थान में जीत, गहलोत का CM फेस वाला दावा... सचिन पायलट ने खुलकर बताई हर रणनीति
यह भी पढ़ें | अशोक गहलोत चौथी बार मुख्यमंत्री बनने को तैयार, बोले- हाईकमान ने तय किया तो बनेंगे सीएम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं