विज्ञापन

जेडी वेंस और जोहरान ममदानी से मुलाकात के कारण अटका रेवंत रेड्डी का US दौरा; UK गए फिर अमेरिका पर रोक क्यों?

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा को केंद्र सरकार ने राजनीतिक मंजूरी नहीं दी. सूत्रों के अनुसार, जेडी वेंस और जोहरान ममदानी से प्रस्तावित मुलाकातों को विदेश मंत्रालय के जरिए मंजूरी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया था.

जेडी वेंस और जोहरान ममदानी से मुलाकात के कारण अटका रेवंत रेड्डी का US दौरा; UK गए फिर अमेरिका पर रोक क्यों?
रेवंत रेड्डी को अमेरिका यात्रा को मंजूरी नहीं, लेकिन UK दौरे को मिली हरी झंडी
Revanth Reddy X Post
नई दिल्ली:

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा को केंद्र सरकार से राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. सूत्रों के अनुसार, उनके अमेरिकी कार्यक्रम में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) और न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी (Zohran Mamdani) से मुलाकातें शामिल थीं. बताया जा रहा है कि इन बैठकों को विदेश मंत्रालय (MEA) की निर्धारित मंजूरी प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत नहीं किया गया था. केंद्र सरकार का कहना है कि फैसला किसी राजनीतिक कारण से नहीं बल्कि प्रक्रियागत आधार पर लिया गया. वहीं विदेश मंत्रालय ने रेवंत रेड्डी की ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दे दी है. इस घटनाक्रम ने तेलंगाना की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है.

अमेरिका दौरे पर क्यों लगी रोक?

सूत्रों ने NDTV को बताया है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा के कार्यक्रम में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) और न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी (Zohran Mamdani) से मुलाकातें शामिल थीं, लेकिन इस कार्यक्रम को विदेश मंत्रालय (MEA) के माध्यम से नहीं भेजा गया था. माना जा रहा है कि यही प्रस्तावित मुलाकातें अमेरिका यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने का एक प्रमुख कारण बनीं.

मुख्यमंत्री कार्यालय ने रेवंत रेड्डी की अमेरिका और यूनाइटेड किंगडम (यूके) यात्रा के लिए विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी मांगी थी. मंत्रालय ने यूके दौरे को मंजूरी दे दी, लेकिन अमेरिका यात्रा को स्वीकृति नहीं दी.

सरकारी सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि यह फैसला तकनीकी आधार पर लिया गया और इसका केंद्र तथा तेलंगाना सरकार के बीच किसी राजनीतिक मतभेद से कोई संबंध नहीं है.

केंद्रीय सरकार के सूत्रों के अनुसार, अमेरिका यात्रा के प्रस्तावित कार्यक्रम में जेडी वेंस और जोहरान ममदानी से मुलाकातें शामिल थीं. हालांकि, इन मुलाकातों को राजनीतिक मंजूरी की प्रक्रिया के तहत विदेश मंत्रालय के साथ साझा नहीं किया गया था और न ही मंत्रालय के माध्यम से आगे बढ़ाया गया था.

विदेश मंत्रालय मुख्यमंत्री और अन्य कि भी गणमान्य व्यक्तियों की विदेश यात्राओं का राजनीतिक मंजूरी देने से पहले आकलन करता है. इसमें संबंधित पद की गरिमा और यात्रा के उद्देश्य के संदर्भ में पूरे कार्यक्रम की समीक्षा की जाती है.

यूके यात्रा को मिली मंजूरी

दिलचस्प बात यह है कि विदेश मंत्रालय ने रेवंत रेड्डी की यूनाइटेड किंगडम यात्रा को स्वीकृति दे दी है. यह मामला तब चर्चा में आया जब तेलंगाना सरकार ने आरोप लगाया कि केंद्र ने मुख्यमंत्री के अमेरिका दौरे को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है.

शुक्रवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि मंत्रालय ने रेवंत रेड्डी की यूके यात्रा को मंजूरी दी, लेकिन अमेरिका यात्रा के प्रस्ताव को खारिज कर दिया.

उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की विदेश यात्राओं का राजनीतिक मंजूरी देने के लिए विदेश मंत्रालय द्वारा मूल्यांकन किया जाता है." उन्होंने आगे कहा, "ऐसे मामलों में प्रस्तावित कार्यक्रम संबंधित पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए. इस विशेष मामले में अमेरिका यात्रा के संदर्भ में ऐसा नहीं पाया गया, इसलिए उसे मंजूरी नहीं दी गई." जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की यूके यात्रा को राजनीतिक मंजूरी दे दी गई थी.

तेलंगाना सरकार ने उठाए सवाल

इस घटनाक्रम के बाद तेलंगाना में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है और यह सवाल उठ रहे हैं कि जब यूके यात्रा को मंजूरी मिल गई तो अमेरिका यात्रा को क्यों रोका गया. हालांकि प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इसमें किसी तरह की राजनीतिक प्रतिशोध की भावना नहीं है.

तेलंगाना सरकार के सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री कार्यालय अमेरिका में कई बैठकों की तैयारी कर रहा था, जिनमें वरिष्ठ राजनीतिक हस्तियों से मुलाकातें भी शामिल थीं. लेकिन केंद्र सरकार का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों का विदेश मंत्रालय की निर्धारित प्रक्रिया के तहत मूल्यांकन और अनुमोदन आवश्यक है.

सूत्रों के अनुसार, न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी से प्रस्तावित मुलाकात विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही थी क्योंकि अमेरिकी राजनीति में उनका प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है. वहीं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से मुलाकात भी एक उच्चस्तरीय राजनीतिक बैठक होती. हालांकि, इन दोनों बैठकों को विदेश मंत्रालय के साथ साझा नहीं किया गया था और तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय ने संबंधित अमेरिकी अधिकारियों से सीधे संपर्क किया था.

सरकारी सूत्रों का कहना है कि मुद्दा यह नहीं था कि मुख्यमंत्री अमेरिका यात्रा कर सकते हैं या नहीं, बल्कि यह था कि प्रस्तावित कार्यक्रम मुख्यमंत्री के पद के अनुरूप था या नहीं और क्या उसे विदेश मंत्रालय की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया गया था. तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय ने अब तक प्रस्तावित अमेरिका यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम सार्वजनिक नहीं किया है.

राजनीतिक मंजूरी प्रणाली का उपयोग भारत सरकार विदेश जाने वाले संवैधानिक पदाधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की आधिकारिक तथा राजनीतिक यात्राओं का आकलन करने के लिए करती है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रस्तावित कार्यक्रम संबंधित पद की गरिमा और यात्रा के घोषित उद्देश्य के अनुरूप हों. इस मामले में केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका यात्रा इन मानकों पर खरी नहीं उतरी, जबकि यूनाइटेड किंगडम यात्रा को मंजूरी दे दी गई थी.

यह भी पढ़ें : Explained: CM रेवंत रेड्डी के US दौरे पर ब्रेक, पॉलिटिकल क्लीयरेंस को लेकर क्या नियम?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Revanth Reddy, JD Vance, Zohran Mamdani, Revanth Reddy US Visit, Revanth Reddy Us Tour
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com