- रांची की होटवार जेल में कैदी के साथ तीन बार सामूहिक यौनाचार का आरोप है
- आरोप है कि शराब पिलाकर और साड़ी पहनाकर उसके साथ कुकर्म किया गया
- जेल अधीक्षक, जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर, वार्ड इंचार्ज समेत कुल 19 लोगों पर FIR दर्ज की गई है
रांची की होटवार जेल गंभीर विवादों में घिर गई है. जेल में बंद एक 20 साल के विचाराधीन कैदी के साथ तीन बार सामूहिक यौनाचार किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि शराब पिलाकर और साड़ी पहनाकर उसके साथ कुकर्म किया गया. खून बहने पर उसे इाज तक नहीं दिया गया. पीड़ित के पिता की शिकायत पर खेलगांव थाने में जेल अधीक्षक, जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर, वार्ड इंचार्ज समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
शिकायत में कहा गया है कि जेल में बंद युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक कुकर्म किया गया. शिकायत करने पर उसका लेटर फाड़ दिया और उसका इलाज कराने से भी इनकार किया गया था. पीड़ित ने जेल से रिहा होने के बाद अपनी आपबीती घरवालों को बताई. जिसके बाद उसके पिता ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई है.
जेल से निकलने के बाद सदमे में था लड़का
मेकोन कॉलोनी का एक युवक किसी मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद था. हालाकि रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को उसे बरी कर दिया था. जेल से बाहर आने के बाद युवक गहरे मानसिक सदमे में था. बाद में उसने अपने परिजनों को जेल के भीतर हुई कथित घटनाओं की जानकारी दी, जिसे लेकर उसके पिता ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
तीन पर्वों की रात सामूहिक यौनाचार का आरोप
एफआईआर के मुताबिक, जेल के भीतर बंद कुछ कैदियों ने महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल की रात युवक के साथ तीन बार सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया.पहली घटना महाशिवरात्रि की रात हुई. आरोपियों ने युवक को जबरन साड़ी पहनाई और मेकअप कर उसे पार्वती के रूप में सजाया. इसके बाद उसे नशीला तरल पदार्थ पिलाया गया. बेहोशी की हालत में उसे घसीटकर वार्ड नंबर 3-A ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया. आरोप है कि इस दौरान युवक को बहुत रक्तस्राव भी हुआ.

दूसरी घटना 3 नंबर रामनवमी की रात की है. आरोप है कि इस बार युवक को जबरन सीता के रूप में सजाया गया और नशीला पदार्थ देकर ग्राउंड हॉल में ले जाया गया, जहां उसके साथ दोबारा सामूहिक यौनाचार किया गया. वहीं, तीसरी घटना सरहुल पूजा की रात की है. आरोपियों ने युवक को घसीटकर वार्ड नंबर 5 स्थित सरहुल वार्ड में पहुंचाया और उसके साथ फिर से सामूहिक दरिंदगी की.
शिकायत पत्र फाड़ने और इलाज से इनकार का आरोप
लड़के के पिता ने जेल प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने शिकायत में कहा है कि युवक ने जेल के भीतर हुई घटनाओं की लिखित शिकायत वार्ड इंचार्ज को दी थी, लेकिन इंचार्ज ने उसके साथ गाली-गलौज की और शिकायत पत्र फाड़ दिया.
शिकायत में कहा गया है कि कथित यौनाचार के दौरान युवक के प्राइवेट पार्ट से खून बहने लगा, जिसके बाद वह इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा, लेकिन मेडिकल ऑफिसर ने उसकी जांच और इलाज करने से इनकार कर दिया. आरोप है कि उसे गाली-गलौज करते हुए बिना इलाज के ही वापस भेज दिया 12 जून को जेल से रिहाई के समय भी उसकी अनिवार्य मेडिकल जांच नहीं कराई गई.

जेल अधीक्षक, डॉक्टर और वार्ड इंचार्ज समेत 19 आरोपी
12 नवंबर 2026 की शाम को खेलगांव थाना में इस मामले में केस दर्ज किया गया. पुलिस ने BNS की धारा 126(2), 115(2), 351, 352 और 61(2) के तहत FIR दर्ज की.जांच का जिम्मा पुलिस अपर निरीक्षक मनीष शिवम को सौंपा गया है.पुलिस को दिए गए आवेदन में जेल के भीतर बंद कई कैदियों के अलावा जेल प्रशासन के अधिकारियों को भी आरोपी बनाया गया है. आरोपियों में वार्ड नंबर 14 और 15 के कई बंदी, कैंटीन में काम करने वाला एक युवक, वार्ड इंचार्ज, पुलिसकर्मी और संतोष उरांव समेत अन्य लोग शामिल हैं. वहीं, सह-आरोपी के तौर पर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार के जेल अधीक्षक, जेल वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर को भी नामजद किया गया है.
पुलिस ने FIR दर्ज कर शुरू की जांच
खेलगांव थाना प्रभारी ने NDTV को बताया कि पीड़ित के पिता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. जेल के भीतर विचाराधीन कैदी के साथ हुए यौन हिंसा के आरोपों ने होटवार जेल में कैदियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल पैदा कर दिए हैं. हालांकि, FIR में लगाए गए आरोपों की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी.
ये भी पढ़ें-निशा भगत को न्याय दिलाने सड़क पर उतरी बीजेपी, रांची में निकाला जुलुस, फेसबुक लाइव के बाद किया था सुसाइड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं