विज्ञापन

'ईरान से हुए युद्ध की वजह से हार गए इलेक्शन', मिडटर्म चुनाव के नतीजों पर जेडी वेंस का बड़ा बयान

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रिपब्लिकन पार्टी की मिडटर्म चुनावी हार के लिए सीधे तौर पर ईरान युद्ध को जिम्मेदार ठहराया है. एक्स पर लिखी लंबी पोस्ट में उन्होंने कहा कि पार्टी के समर्थक मतदान करने तो पहुंचे, लेकिन 2024 में ट्रंप-वेंस को वोट देने वाले कई मतदाता इस बार डेमोक्रेट्स के साथ चले गए.

'ईरान से हुए युद्ध की वजह से हार गए इलेक्शन', मिडटर्म चुनाव के नतीजों पर जेडी वेंस का बड़ा बयान

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बुधवार को कहा कि ईरान के साथ युद्ध ही वह सबसे बड़ी वजह था, जिसके कारण रिपब्लिकन पार्टी को मध्यावधि यानी मिडटर्म चुनावों में हार का सामना करना पड़ा. वेंस ने साफ कहा कि पार्टी के समर्थक मतदान केंद्रों तक तो पहुंचे, लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता थे जिन्होंने 2024 में ट्रंप-वेंस को वोट दिया था और 2026 में डेमोक्रेट उम्मीदवारों का साथ दे दिया.

एक्स पर की गई लंबी पोस्ट में वेंस ने कहा, "हमारी हार की वजह युद्ध है. खुद राष्ट्रपति ने भी कल रात यही बात कही थी. हर कोई जानता है कि हम क्यों हारे और आगे की कोई भी ईमानदार चर्चा इसी सच्चाई से शुरू होनी चाहिए."

वेंस का यह बयान ऐसे समय आया है जब रिपब्लिकन पार्टी चुनावी नतीजों की समीक्षा कर रही है और 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की राजनीतिक बिसात भी बिछनी शुरू हो चुकी है. माना जा रहा है कि वेंस खुद को ईरान युद्ध से दूरी बनाकर पेश करने की कोशिश कर रहे हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, फरवरी में शुरू किए गए सैन्य अभियान को लेकर वह पहले से ही पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे.

'हमारे वोटर आए, लेकिन हमारे साथ नहीं रहे'

वेंस ने अपनी पोस्ट में चुनावी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव से पहले उनकी टीम वोटर टर्नआउट और कंपोजिशन का लगातार विश्लेषण कर रही थी. शुरुआती आंकड़ों से लग रहा था कि रिपब्लिकन मतदाता अच्छी संख्या में वोट डालने निकल रहे हैं.

उन्होंने लिखा कि एक डेटा विशेषज्ञ ने उन्हें पहले ही चेतावनी दी थी कि रिपब्लिकन समर्थक मतदान तो करेंगे, लेकिन उनमें से कई पार्टी से नाराज हैं और विपक्ष को वोट दे सकते हैं.

वेंस के अनुसार, यही बात चुनाव परिणामों में दिखाई भी दी. फ्लोरिडा जैसे राज्यों में रिपब्लिकन समर्थकों की भागीदारी मजबूत रही, लेकिन इसके बावजूद पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली.

सर्वे में सामने आईं नाराजगी की चार बड़ी वजहें

वेंस ने एक अनुभवी चुनावी विश्लेषक का हवाला देते हुए कहा कि उनके सर्वे में ऐसे मतदाताओं से पूछा गया था जिन्होंने 2024 में ट्रंप-वेंस को वोट दिया था लेकिन इस बार रिपब्लिकन उम्मीदवारों से दूरी बना ली. उनसे पूछा गया कि वे किन परिस्थितियों में दोबारा रिपब्लिकन पार्टी का समर्थन कर सकते हैं.

सर्वेक्षण में चार प्रमुख कारण सामने आए:

  • युद्ध खत्म किया जाए
  • महंगाई और जीवन-यापन की लागत पर ध्यान दिया जाए
  • 'अमेरिका फर्स्ट' नीति को प्राथमिकता दी जाए
  • इजरायल के साथ संबंधों की मौजूदा दिशा पर पुनर्विचार किया जाए

वेंस ने कहा कि यही वे मुद्दे हैं जिन्होंने बड़ी संख्या में रिपब्लिकन मतदाताओं को पार्टी से दूर कर दिया.

'लोग बहाने बनाएंगे, लेकिन सच्चाई सब जानते हैं'

वेंस ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि आने वाले महीनों में पार्टी की हार के कई अलग-अलग कारण बताए जाएंगे और राजनीतिक बहस तेज होगी. हालांकि उनके मुताबिक वास्तविक कारण को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने लिखा, "अगर कोई यह तर्क देना चाहता है कि युद्ध जरूरी था और इसके बदले सीनेट पर अगले छह साल का नियंत्रण गंवाना भी स्वीकार है, तो कम से कम ईमानदारी से यह बात कहे. लेकिन यह कहने की कोशिश न की जाए कि हार की वजह कुछ और थी."

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश के भविष्य को लेकर वे अब भी आशावादी हैं. उन्होंने उन मतदाताओं की नाराजगी को स्वीकार करते हुए कहा कि जिन्होंने पहले से चेतावनी दी थी, वे सही साबित हुए. अब जरूरत है कि उसी ऊर्जा के साथ ऐसे रिपब्लिकन नेताओं को चुना जाए जो मतदाताओं की सोच और प्राथमिकताओं का प्रतिनिधित्व करें.

यह भी पढ़ें: क्या ट्रंप को महंगाई मार गई? Gen-Z के गुस्से ने भी ठोक दी ताबूत में कील, एक्सपर्ट ने समझाए असल कारण

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
JD Vance, Donald Trump, Mid Term Election Results
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com