विज्ञापन

सूरत रेलवे स्टेशन की कैंटीन के शोकेस में पेटीज खाता द‍िखा चूहा, VIDEO वायरल होने से व‍िभाग में मचा हड़कंप

वीडियो सामने आते ही रेलवे विभाग हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित टी-स्टॉल को तत्काल बंद कराकर सील कर दिया गया है.

सूरत: सूरत रेलवे स्टेशन से सामने आया एक वायरल वीडियो यात्रियों को स्टेशन पर कुछ भी खाने-पीने से पहले सोचने पर मजबूर कर रहा है. वीडियो में एक कैंटीन के कांच वाले शोकेस के अंदर रखा पफ एक चूहा बेखौफ होकर खाता दिखाई दे रहा है. सवाल सिर्फ एक चूहे का नहीं, बल्कि उन तमाम यात्रियों की सेहत का है जो रेलवे के स्टॉल पर भरोसा करके खाना खरीदते हैं. सूरत रेलवे स्टेशन, जोकि गुजरात के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक. अहमदाबाद और वडोदरा जैसे बड़े रेलवे स्टेशनों की तुलना में भी सूरत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है. हर दिन बड़ी संख्या में यात्री यहां से सफर करते हैं और स्टेशन के स्टॉल और कैंटीन से खाने-पीने की चीजें खरीदते हैं, लेकिन हैरानी की बात ये है कि कुछ दिन पहले ही रेलवे की सरप्राइज चेकिंग में गंदगी और नियमों के उल्लंघन को लेकर चार कैटरिंग स्टॉल सील किए गए थे. इसके बावजूद अब खाने के शोकेस में चूहे का पहुंचना रेलवे की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.

मामला सूरत रेलवे स्टेशन का है, जहां स्टेशन की एक कैंटीन के कांच वाले शोकेस में नाश्ते के लिए पफ रखा हुआ है और उसी शोकेस के अंदर एक चूहा आराम से पफ को कुतरता हुआ दिखाई दे रहा है. स्टेशन से गुजर रहे एक जागरुक यात्री की नजर जब इस नजारे पर पड़ी तो उसने तुरंत मोबाइल कैमरा ऑन किया और पूरा वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

स्‍टेशन पर साफ-सफाई की व्‍यवस्‍था पर सवाल

सूरत रेलवे स्टेशन पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही रहती है. लोग सफर के दौरान समय बचाने के लिए स्टेशन पर ही चाय, नाश्ता और खाना खरीदते हैं. लेकिन खाने के सामान वाले शोकेस में ही चूहा पफ खाता नजर आए तो यात्रियों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है. क्या रेलवे स्टेशन पर बिकने वाला खाना वाकई सुरक्षित है? क्या खाने के सामान की रोजाना सही तरीके से जांच होती है? क्या कैंटीन और स्टॉल की साफ-सफाई पर पर्याप्त निगरानी रखी जाती है?

कार्रवाई के बावजूद लापरवाही

NDTV से बात करते हुए रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना ने बताया, कुछ दिन पहले ही पश्चिम रेलवे की ओर से स्टेशन पर सरप्राइज चेकिंग की गई थी. चेकिंग के दौरान गंदगी और नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर चार कैटरिंग स्टॉल को सील किया गया था. इसके बावजूद अब चूहे का खाने के शोकेस तक पहुंचना रेलवे की फूड सेफ्टी और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है. यानी सवाल सिर्फ इस एक स्टॉल का नहीं बल्‍क‍ि सवाल उस निगरानी व्यवस्था का है, जिसकी जिम्मेदारी यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ खाना उपलब्ध कराना है. 

व‍िभाग ने टी-स्‍टॉल को क‍िया सील

हालांकि, वीडियो सामने आते ही रेलवे विभाग हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित टी-स्टॉल को तत्काल बंद कराकर सील कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि यह स्टॉल मैसर्स दिनेश एसोसिएट्स का है. रेलवे ने स्टॉल संचालक का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. साथ ही रेलवे की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच और रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालक के खिलाफ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा.

यात्रियों की सेहत का सवाल

यानी वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने कार्रवाई जरूर की है, लेकिन सवाल अब भी अपनी जगह है. अगर यात्री की नजर इस चूहे पर नहीं पड़ती और वीडियो सामने नहीं आता, तो क्या रेलवे की नियमित जांच में यह लापरवाही पकड़ में आती? सूरत रेलवे स्टेशन पर रोजाना भारी संख्या में यात्री आते-जाते हैं. ऐसे में स्टेशन पर बिकने वाले खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई सिर्फ सुविधा का नहीं, बल्कि यात्रियों की सेहत का सवाल है. एक तरफ रेलवे फूड सेफ्टी और स्वच्छता को लेकर कार्रवाई के दावे करता है, तो दूसरी तरफ वायरल वीडियो में खाने के शोकेस के अंदर चूहा पफ खाता नजर आता है.

फिलहाल, रेलवे ने स्टॉल सील कर दिया है. लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जांच रिपोर्ट के बाद आर्थिक दंड की बात कही है, लेकिन बड़ा सवाल यही है क्या रेलवे की निगरानी व्यवस्था इतनी मजबूत है कि यात्रियों के वीडियो बनाने से पहले ही ऐसी लापरवाही पकड़ में आ जाए?

यह भी पढ़ें-  कानपुर में नमकीन के पैकेट में निकला मरा हुआ चूहा, एक्शन में आया खाद्य विभाग, जांच शुरू

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Surat Railway Station Viral Video, Rat Viral Video, Rat Video, Surat News In Hindi, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com