कानपुर देहात के राजपुर कस्बे से खाद्य सुरक्षा को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक किराना दुकान से खरीदे गए प्रतिष्ठित कंपनी के नमकीन यानी नमकीन के पैकेट के अंदर मरा हुआ चूहा मिलने हड़कंप मच गया.
नई बस्ती निवासी जावेद खां के मुताबिक उन्होंने मुगल रोड किनारे स्थित एक दुकान से बच्चों के लिए 80 रुपये का नमकीन पैकेट खरीदा था. दुकान के सामने बैठकर जैसे ही उन्होंने पैकेट खोला और नमकीन खाना शुरू किया, उनकी नजर पैकेट के अंदर पड़े मरे हुए चूहे के बच्चे पर पड़ी.
चूहे का बच्चा देखते ही वहां पर मौजूद लोग सकते में आ गए. उपभोक्ता का आरोप है कि यदि समय रहते उनकी नजर इस पर नहीं पड़ती तो नमकीन का सेवन करने से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता था. उपभोक्ता ने खाद्य सुरक्षा विभाग से तत्काल जांच और संबंधित कंपनी व विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है.
उधर कानपुर देहात के अपर खाद्य आयुक्त राम अवतार ने बताया कि नमकीन के पैकेट में मरे हुए चूहे के बच्चे के मिलने का मामला उनके संज्ञान में आया है. उन्होंने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के साथ एक टीम को जांच के लिए भेजा है. जांच के बाद जिस कंपनी का नमकीन है उसके मालिकों को नोटिस दिया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं