- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में 14 वर्षीय किशोरी से एक सरकारी स्कूल शिक्षक द्वारा कथित रूप से रेप किया गया था
- पीड़ित किशोरी गर्भवती हो गई और गर्भपात कराने के लिए इमरजेंसी में डोडा ले जाते समय उसकी मौत हो गई
- पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर भारतीय दंड संहिता एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में 14 साल की किशोरी से रेप का मामला सामने आने पर हड़कंप मच गया. यही नहीं पीड़ित किशोरी की गर्भ छहरने के चलते मौत हो गई. छात्रा को इमरजेंसी में डोडा लाया जा रहा था ताकि उसका गर्भपात कराया जा सके, लेकिन उसकी बीच में ही मौत हो गई. इस मामले में एक सरकारी स्कूल का टीचर आरोपी बताया जा रहा है, उसे पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. आरोप है कि यह सरकारी शिक्षक किशोरी से जबरन संबंध बनाता था. इसी दौरान वह गर्भवती हो गई थी. इसके बारे में जानकारी मिलने के बाद परिजन गर्भपात के प्रयास कर रहे थे.
पीड़ित छात्रा को परिजन पहले किश्तवाड़ के जिला अस्पताल ले गए थे. गर्भपात का केस जटिल होने के चलते अस्पताल ने डोडा रेफेर किया था. परिजन जब बच्ची को डोडा ला रहे थे तो उसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई. इस घटना की पुष्टि करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम एफआईआर दर्ज कर रहे हैं. अधिकारी ने कहा कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. इसके अलावा आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया गया है.
अधिकारी ने कहा, 'एक एफआईआर दर्ज हो गई है और आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है. इस मामले में आगे जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास चल रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में नाबालिग किशोरी का रेप हुआ और फिर मौत हो गई.' इस घटना से स्थानीय निवासियों में गुस्सा है. इन लोगों का कहना है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी टीचर ने शिक्षकों के पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं