विज्ञापन

दिल्ली-यूपी में आज आंधी-तूफान, बारिश के बीच उत्तराखंड-हिमाचल तक बिगड़ेगा मौसम, लौटते मॉनसून के बीच 14 राज्यों में IMD अलर्ट

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा से लेकर उत्तर प्रदेश में बारिश बंद होने के बीच आंधी, तूफान की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है. उत्तर पूर्व मॉनसून अब दक्षिण प्रायद्वीप के इलाकों में बारिश ला सकता है.

दिल्ली-यूपी में आज आंधी-तूफान, बारिश के बीच उत्तराखंड-हिमाचल तक बिगड़ेगा मौसम, लौटते मॉनसून के बीच 14 राज्यों में IMD अलर्ट
Delhi Rain Thunderstorm Alert
नई दिल्ली:

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत से मॉनसून की वापसी के साथ बारिश थम चुकी है, लेकिन अभी दो दिन आंधी, तूफान के साथ हल्की बारिश से मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. दिल्ली एनसीआर में नवरात्रि, रामलीला आयोजन के बीच आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट रहने की चेतावनी है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड के साथ हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड से लेकर महाराष्ट्र मौसम विभाग ने ये अलर्ट जारी किया है. देश के बाकी हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मॉनसून की वापसी के साथ उत्तर पूर्व मॉनसून की बारिश शुरू होने के हालात बन रहे हैं. उत्तर पूर्व मॉनसून 14 अक्टूबर से एक्टिव हो गया है और 19 अक्टूबर तक दक्षिण प्रायद्वीप के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है. 

दिल्ली में आज का मौसम

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी दो दिन बारिश देखने को मिल सकती है. दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के साथ पंजाब में भी 15 अक्टूबर तक आंधी तूफान के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं से मौसम बदल सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ और पश्चिमी राजस्थान में 15 अक्टूबर तक तेज हवाएं चलने के संकेत हैं. पूर्वी राजस्थान के जिलों में भी 16 अक्टूबर तक मौसम बदला रहेगा. 

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख रीजन और हिमाचल प्रदेश में 15 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड में अभी 19 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं. इस दौरान आंधी, तूफान के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. उत्तराखंड और हिमाचल में पिछले दो दिन से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तेज हो गई है. चारधाम यात्रा में भी खलल आया है. जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर, वडगाम, अनंतनाग, पुलवामा तक सर्दियों की आहट बारिश के साथ आ चुकी है.

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में बारिश की चेतावनी

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से भी मॉनसून की वापसी हो चुकी है, लेकिन 15-16 अक्टूबर को बारिश के आसार हैं. पूर्वी मध्य प्रदेश में रीवा, शहडोल, ग्वालियर, सतना रीजन में और विदर्भ में 16 से 19 अक्टूबर तक बरसात हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 14 से 19 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट है. इस दौरान आंधी, तूफान के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. गोवा-कोंकण में भी 15 से 19 अक्टूबर, महाराष्ट्र में 14-19 अक्टूबर और मराठवाड़ा में 16 से 19 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश होने की संभावना है.

बिहार-झारखंड में बिजली गिरने की चेतावनी

पूर्वी भारत में बंगाल, बिहार और झारखंड में हल्की फुल्की बारिश होने का संकेत है. बंगाल में 14 से 18 अक्टूबर तक और ओडिशा में 14 से 19 अक्टूबर तक बारिश होने का अलर्ट है. पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16-17 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है. मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा और मिजोरम में कहीं कहीं आंधी, बिजली गिरने की भी आशंका है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Today, Rain Alert, North East Monsoon, Thunderstorm Alert Delhi, Delhi Weather
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com