बदलते मौसम का असर अब दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में साफ दिखाई देने लगा है. पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार गिरते तापमान के चलते ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम में बदलाव के साथ ही रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इससे दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में सुबह और रात के समय ठंड का असर और अधिक महसूस होगा.
मौसम विभाग की ओर से जारी 24 से 29 नवंबर तक के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान में लगातार हल्के कोहरे की संभावना जताई गई है. इस दौरान अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. खास बात यह है कि अगले छह दिनों के पूर्वानुमान में हर दिन कोहरे की स्थिति दर्शायी गई है.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 24 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 25 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, 26 नवंबर को भी तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है.
27 नवंबर को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ इसके 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहेगा. 28 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, 29 नवंबर को भी अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के चलने से वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में फिलहाल सुधार देखने को मिल रहा है. पिछले दिनों प्रदूषण के बढ़ते स्तर से परेशान लोगों को हवाओं की गति बढ़ने से कुछ राहत मिली है. नवंबर के अंतिम सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य बना रह सकता है, लेकिन रात और सुबह के समय न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंचने से ठंड का एहसास बढ़ेगा.
इसे भी पढ़ें:
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं