देश के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पिछले कुछ महीनों से लगातार युवा पीढ़ी के बीच पकड़ बनाने की कोशिश कर रहे हैं. पेपर लीक के मुद्दे को उठाने के लिए उन्होंने पूरे देश में ‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम शुरू किया. इसके तहत वह प्रयागराज, पुणे और कई दूसरे शहरों में गए और वहां युवाओं के साथ बातचीत की.
राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे मुद्दे तो चर्चा का विषय बन ही रहे हैं, लेकिन इसके साथ-साथ उनका पहनावा भी चर्चा में है. दरअसल, नेताओं को लेकर एक आम धारणा रहती है कि वे सफेद कुर्ते-पायजामे में ही नजर आते हैं. कोई भी कार्यक्रम छोटा हो या बड़ा, ज्यादातर नेता कुर्ता-पायजामा पहने दिखाई देते हैं.
लेकिन भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने पहली बार इस ट्रेंड को तोड़ने का काम किया था. पूरी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी सफेद रंग की कॉलर वाली टी-शर्ट पहने नजर आए. यह दूसरे नेताओं की तुलना में उनका कुछ अलग अंदाज था और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
बात चाहे देश की संसद की हो या फिर किसी राजनीतिक बैठक की, राहुल गांधी अक्सर सफेद रंग की टी-शर्ट में दिखाई दिए. बड़ी बात यह रही कि भीषण सर्दी के दौरान भी राहुल गांधी का यह फैशन नहीं बदला.
अब भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता ने जिस ट्रेंड की शुरुआत की थी, ‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान वह सिलसिला और ज्यादा रंगीन हो चुका है. दरअसल, इस कार्यक्रम में राहुल गांधी का एक और नया अंदाज देखने को मिल रहा है. अब वह सफेद टी-शर्ट की बजाय रंगीन टी-शर्ट पहन रहे हैं.
जब कोटा में राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की शुरुआत की थी, तब उन्होंने नीले रंग की शर्ट पहनी थी. फिर देहरादून में उनकी शर्ट का रंग पिंक हो गया. इसके बाद पुणे में उन्होंने पीले रंग की शर्ट पहनी.पुणे में तो राहुल गांधी देश की आधी आबादी यानी महिलाओं को सीधे संबोधित कर रहे थे. जानकार मानते हैं कि कांग्रेस और राहुल गांधी दोनों इस समय युवा पीढ़ी को अपने साथ जोड़ना चाहते हैं.
पिछले कुछ चुनावों में देश के नौजवानों ने बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी को अपनी पहली पसंद बनाया है. इसी वजह से कई राज्यों के चुनावों और पिछले लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी को बड़ी जीत मिली.
लेकिन अब इस वोट बैंक को टारगेट करने के लिए राहुल गांधी न सिर्फ छात्रों के मुद्दे उठा रहे हैं, बल्कि उनके ही अंदाज में खुद को ढालने की भी कोशिश कर रहे हैं.
बीजेपी कई मौकों पर उनके इस तरह के फैशन सेंस को उनकी ‘नॉन-सीरियस नेचर' से जोड़ती रही है. लेकिन कांग्रेस के कई दूसरे नेता भी अब राहुल गांधी के नक्शेकदम पर चल पड़े हैं. उन्होंने भी कुर्ता-पायजामा छोड़कर टी-शर्ट पहनना शुरू कर दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं