मेरा फोन टैप करवा रहे हैं PM, सारे सबूत इसी में हैं": राहुल गांधी का सोशल मीडिया पर बड़ा दावा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक बहुत बड़ा और तीखा दावा करके देश का राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है. राहुल गांधी का कहना है कि उनका फोन लगातार टैप करवाया जा रहा है क्योंकि उनके द्वारा लगाए गए सभी आरोपों के पक्के सबूत उनके इसी फोन में मौजूद हैं. उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैप करवाने का आरोप मढ़ते हुए उन्हें आमने-सामने की लाइव बहस की चुनौती दी है. राहुल का कहना है कि इस वन-ऑन-वन बहस से दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है और कौन देशद्रोही है.
खबर विस्तार से पढ़ें: 'ये देखो मेरा फोन टैप किया जा रहा, सारे सबूत इसी में हैं'...राहुल गांधी का सरकार पर बड़ा आरोप
मैंने सुप्रिया से कहा था हमारे साथ आ जाओ" - एनसीपी में फूट पर भुजबल का खुलासा
एनसीपी (अजीत गुट) के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने पवार परिवार के एक होने और सुप्रिया सुले को लेकर एक बेहद सनसनीखेज बयान दिया है. भुजबल ने खुलासा किया है कि उन्होंने खुद सुप्रिया सुले से कहा था कि शरद पवार का तो पता नहीं, लेकिन सुप्रिया को उनके साथ (एनडीए में) आ जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि जैसे ठाकरे परिवार (उद्धव और राज ठाकरे) करीब आ रहे हैं, वैसे ही अगर पवार परिवार भी एक हो जाए तो सबको अच्छा लगेगा, लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में यह बेहद जटिल सवाल है. भुजबल ने साफ किया कि वे लोग इस समय एनडीए और बीजेपी के साथ हैं जबकि शरद पवार इंडिया गठबंधन में हैं
यूपी में सरकारी नौकरी के बदले नियम: पुलिस वेरिफिकेशन से पहले ही मिलेगा जॉइनिंग लेटर
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए चरित्र सत्यापन (कैरेक्टर वेरिफिकेशन) के नियमों में ऐतिहासिक बदलाव किया है. अब चयन होने के बाद उम्मीदवारों को पुलिस और प्रशासन की अंतिम रिपोर्ट के इंतजार में महीनों नहीं बैठना होगा, बल्कि उन्हें पहले ही 'प्रोविजनल नियुक्ति पत्र' (जॉइनिंग लेटर) जारी कर दिया जाएगा. नए नियमों के तहत जिला प्रशासन और पुलिस को हर हाल में 30 दिनों के भीतर अपनी वेरिफिकेशन रिपोर्ट विभाग को देनी होगी और देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
खबर में विस्तार से पढ़ें: यूपी में सरकारी नौकरी के 10 नए नियम, लाखों अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के फैसले पर भड़के ओवैसी, बोले - "मुस्लिम विधायकों को क्या मुंह दिखाएंगे?"
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के आगामी 12 दिसंबर को परिवार सहित अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने के फैसले पर सियासत पूरी तरह गरमा गई है. इस ऐलान के बाद ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव और सपा पर तीखा हमला बोला है. ओवैसी ने तीखा सवाल पूछते हुए कहा कि 'सॉफ्ट हिंदुत्व' की राह पर चलने वाली समाजवादी पार्टी क्या अब भी मुस्लिम समाज के हक की लड़ाई लड़ेगी, और अखिलेश अयोध्या जाएंगे तो अपनी ही पार्टी के मुस्लिम विधायकों को क्या जवाब देंगे.
सांसद अमृतपाल सिंह को मिली एक दिन की अंतरिम जमानत, चाचा हरजीत सिंह को भी तीन दिन की राहत
असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद पंजाब के खडूर साहिब से निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह को परिवार में हुई मौत के बाद कोर्ट से एक दिन की कस्टडी पैरोल मिल गई है. परिवार ने 14 से 17 नवंबर तक चार दिन की पैरोल की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने केवल एक दिन की पैरोल मंजूर की है, जिसके तहत अमृतपाल कल पंजाब पहुंचेगा और अंतिम संस्कार में शामिल होगा. इस मामले में अमृतपाल के चाचा हरजीत सिंह को तीन दिनों के लिए और उनके एक अन्य रिश्तेदार सुखमनदीप को दो दिनों के लिए अंतरिम जमानत मिली है.
बिहार में 6 लेन का गंगा पुल 'नीतीश सेतु' नाम से जाना जाएगा, पटना-वैशाली को मिलेगी रफ्तार, PM मोदी करेंगे उद्घाटन
बिहार के बिदुपुर-राघोपुर सिक्स लेन ब्रिज को नाम मिल गया है. इस ब्रिज का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है. ब्रिज का नाम अब नीतीश सेतु होगा. बिहार सरकार ने इसका ऐलान किया है. पीएम मोदी इस सिक्स लेन ब्रिज का उद्घाटन 21 नवंबर को करेंगे. उससे पहले ही इसे नाम मिल गया है. माना जा रहा है कि सम्राट चौधरी सरकार ने यह फैसला पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में लिया है.22.76 किमी. लंबे इस सिक्स लेन पुल को 4988 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है.नीतीश सेतु की कुल लंबाई 22.76 किलोमीटर है, जिसमें 9.76 किलोमीटर का हिस्सा गंगा पर बनाया गया है
बेंगलुरु से गोवा जाना हुआ और आसान: पीएम मोदी ने दिखाई नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी
भारतीय रेलवे ने कर्नाटक और गोवा के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए यशवंतपुर-मंगलोर-मडगाँव वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत कर दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जो हफ्ते में छह दिन यशवंतपुर और मडगाँव के बीच चलेगी. करीब 671 किलोमीटर का सफर यह ट्रेन लगभग 13 घंटे में तय करेगी और इस दौरान यह सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड जैसी खूबसूरत वादियों और पश्चिमी घाट से होकर गुजरेगी. इस मार्ग पर चेयर कार का किराया लगभग 1200 से 1500 रुपये के बीच रहने की उम्मीद है.
महाराष्ट्र के समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक साथ टकराईं 20 गाड़ियां, हादसे में 22 घायल, 6 की हालत बेहद नाजुक
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर आज सुबह एक बेहद दर्दनाक और बड़ा सड़क हादसा हो गया है. यहाँ मेहकर के पास सुबह एक टैंकर पलटने के बाद जब पुलिस ने सावधानी बरतते हुए करीब 40-50 गाड़ियों को रुकवाया था, तभी नागपुर से मुंबई की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने इन खड़ी गाड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण टक्कर की वजह से एक के बाद एक करीब 15 से 20 गाड़ियां आपस में बुरी तरह टकराकर क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे में लगभग 20 से 22 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से 5 से 6 लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' का महा-तूफान: केवल 8 दिनों में बना डाले 20 ऐतिहासिक रिकॉर्ड
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी भव्य फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस के इतिहास को पूरी तरह से रीराइट कर दिया है. फिल्म ने रिलीज से पहले ही करीब 104 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड एडवांस बुकिंग कर ली थी, और अब रिलीज के बाद केवल 8 दिनों के भीतर ही 20 से ज्यादा बड़े ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. पहले ही दिन दुनिया भर में 155 करोड़ रुपये का बंपर कलेक्शन करने वाली इस फिल्म ने वीकेंड और वर्किंग डेज दोनों में अपनी बेजोड़ पकड़ बनाए रखी है.
न्यूजीलैंड में टीम इंडिया की शर्मनाक हार, चौथे वनडे में 244 रनों से हारी भारतीय टीम
मैट हेनरी की तूफानी गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत को चौथे वनडे में 244 रनों से धूल चटाई. इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने 5 मैच की इस वनडे सीरीज में जीत का खाता खोल लिया है. टीम इंडिया फिलहाल 2-1 से आगे हैं। सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला रविवार, 15 नवंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा. चौथे वनडे की बात करें तो पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने विल यंग के शतक के दम पर 333 रन बोर्ड पर लगाए थे. इस स्कोर का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में तीन झटके दे दिए थे. रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर गोल्डन डक पर आउट हुए, वहीं विराट कोहली भी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। भारतीय टीम 26.4 ओवर में 89 के स्कोर पर ही ऑलआउट हो गई. 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं