भारत को रिकॉर्ड 9वां अंडर-19 एशिया कप खिताब दिलाने वाले खिलाड़ियों में मनल चौहान का नाम सबसे ऊपर रहा. जब भारतीय टीम दबाव में थी और पाकिस्तान जीत की ओर बढ़ता दिख रहा था, तब मनल ने 32 गेंदों में 47 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया. खिताबी जीत के बाद मनल ने खुलासा किया कि उन्हें खुद पर पूरा भरोसा था, जबकि मोहित उल्वा लगातार उन्हें विश्वास दिला रहे थे कि भारत अब भी मैच जीत सकता है.
मनल चौहान ने बताया कि जब मोहित उल्वा बल्लेबाजी के लिए आए तो उन्होंने सिर्फ एक बात कही. 'मोहित ने मुझसे कहा कि हम मैच खत्म कर सकते हैं. अपनी प्रक्रिया पर भरोसा रखो और खुद पर विश्वास रखो.' मनल के मुताबिक यही बातचीत दोनों बल्लेबाजों के आत्मविश्वास की सबसे बड़ी वजह बनी और भारत ने हारी हुई बाजी पलट दी.
सपोर्ट स्टाफ और कोच ने दिखाया भरोसा
मनल ने अपनी सफलता का श्रेय टीम मैनेजमेंट को भी दिया. उन्होंने कहा कि सपोर्ट स्टाफ और कोचिंग स्टाफ ने उन्हें पूरे टूर्नामेंट में फिनिशर की भूमिका के लिए तैयार किया और उन पर पूरा भरोसा जताया. मनल ने कहा कि, 'मैं सपोर्ट स्टाफ का धन्यवाद करना चाहता हूं. उन्होंने मुझे फिनिशर के रूप में देखा और कोच ने मुझ पर बहुत भरोसा किया. उन्होंने हमेशा एक ही बात कही कि मैदान पर जाओ, खेल का आनंद लो और अपना स्वाभाविक खेल खेलो.'
हर ओवर में एक बाउंड्री लगाने का बनाया था प्लान
338 रन के लक्ष्य का पीछा करते समय मनल लगातार रन रेट का हिसाब लगा रहे थे. उन्होंने बताया कि उनकी सोच बेहद साफ थी. 'मैं लगातार कैलकुलेशन कर रहा था. मुझे लग रहा था कि अगर हर ओवर में एक बाउंड्री मिल जाए और बाकी चार गेंदों पर सिंगल ले लें तो 10 रन प्रति ओवर आसानी से निकल सकते हैं. इसलिए मेरा पूरा फोकस हर ओवर में कम से कम एक अच्छा शॉट खेलने पर था.'
आउट होने के बाद आंखों में आ गए थे आंसू
हालांकि मनल अपनी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके और 47 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने स्वीकार किया कि विकेट गंवाने के बाद वह भावुक हो गए थे. 'मैं शायद खुद पर थोड़ा ज्यादा दबाव डाल रहा था. जब मैं वापस ड्रेसिंग रूम में गया तो मेरी आंखों में आंसू थे, क्योंकि ऐसे मौके बार-बार नहीं आते और हम जीत के बेहद करीब पहुंच चुके थे.'
मनल-मोहित ने पलटी मैच की कहानी
पाकिस्तान के 337 रन के जवाब में भारत एक समय मुश्किल में फंस गया था. कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80) और आर्यवीर सहवाग (58) ने मजबूत शुरुआत दिलाई, लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई. ऐसे समय में मनल चौहान (47) और मोहित उल्वा (49*) ने 9वें विकेट के लिए 57 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया. मनल के आउट होने के बाद मोहित ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को 1 विकेट से यादगार जीत दिलाई.
यह भी पढ़ें- IND vs PAK: 'भगवान पर भरोसा था...,' आखिरी ओवर के हीरो मोहित ने बताया पाकिस्तान को कैसे चटाई धूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं