विज्ञापन
This Article is From Apr 08, 2024

"हिंदू होने पर गर्व है" : कांग्रेस नेता के दावे पर कंगना रनौत ने दिया जवाब

महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा था कि एक्टर ने एक बार बीफ खाया था और फिर भी बीजेपी ने उन्हें आगामी चुनावों में उम्मीदवार बनाया है. 

"हिंदू होने पर गर्व है" : कांग्रेस नेता के दावे पर कंगना रनौत ने दिया जवाब
कंगना ने कहा, "मैं बीफ या फिर किसी अन्य तरह का लाल मास नहीं खाती हूं, यह शर्मनाक है".
नई दिल्ली:

एक्टर से नेता बनीं कंगना रनौत (Kangana Ranaut) - हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी की उम्मीदवार ने उन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया है कि उन्होंने एक बार बीफ खाया था. यह टिप्पणी कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार द्वारा की गई थी. बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा था कि एक्टर ने एक बार बीफ खाया था और फिर भी बीजेपी ने उन्हें आगामी चुनावों में उम्मीदवार बनाया है. 

इस पर अब कंगना ने जवाब दिया है. कंगना ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, "मैं बीफ या फिर किसी अन्य तरह का लाल मास नहीं खाती हूं, यह शर्मनाक है कि मेरे बारे में निराधार अफवाहें फैलाईं जा रही हैं, मैं दशकों से योगिक और आयुर्वेदिक जीवन शैली की वकालत और प्रचार कर रही हूं, अब मेरी छवि खराब करने के लिए ऐसी रणनीतियां काम नहीं करेंगी. मेरे लोग मुझे जानते हैं और वो जानते हैं कि मुझे हिंदू होने पर गर्व है और कोई भी चीज़ उन्हें कभी गुमराह नहीं कर सकती."

बीजेपी नेता शाइना एनसी ने भी विजय वडेट्टीवार के बयान पर निशाना साधते हुए कांग्रेस को "महिला विरोधी" बताया. उन्होंने कहा, "यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने ऐसी बेतुकी टिप्पणियां की हैं. सुप्रिया श्रीनेत ने कहा था 'मंडी में क्या रेट है' और रणदीप सुरजेवाला सोनिया गांधी की उम्र के होने के बावजूद हेमा मालिनी की योग्यता के बारे में बात करते हैं... यह कांग्रेस पार्टी स्पष्ट रूप से महिला विरोधी है."

ताजा विवाद कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत द्वारा कंगना रानौत के बारे में अपमानजनक टिप्पणी के साथ बड़े पैमाने पर विवाद शुरू होने के कुछ दिनों बाद आया है. क्वीन एक्टर ने सोशल मीडिया पर सुप्रिया श्रीनेत द्वारा किए गए कमेंट के जवाब में कहा था कि उन्होंने फिल्मों में अलग-अलग किरदार निभाए हैं. इसमें 'रज्जो' में प्रोस्टीट्यूट बनने से लेकर 'थलाइवी' में क्रांतिकारी नेता बनने जैस किरदार तक शामिल है.

उन्होंने कहा, "हमें अपनी बेटियों को पूर्वाग्रहों के बंधनों से मुक्त करना चाहिए, हमें उनके बॉडी पार्ट्स के बारे में बात करने से ऊपर उठना चाहिए और  इससे भी बढ़कर हमें यौनकर्मियों के चुनौतीपूर्ण जीवन या परिस्थितियों को किसी प्रकार के दुर्व्यवहार या अपमान के रूप में उपयोग करने से बचना चाहिए... हर महिला उसकी गरिमा की हकदार है." 

सुप्रिया श्रीनेत ने बाद में एक वीडियो स्पष्टीकरण जारी किया था और कहा था कि उन्होंने अपनी जानकारी के बिना अपने हैंडल से किए गए "अनुचित पोस्ट" को हटा दिया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kangana Ranaut, BJP, Congress, Lok Sabha Elections 2024
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com