- रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाने के लिए रिकॉर्ड बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया है
- रूसी हमलों से कीव और अन्य जगहों के पावर प्लांट और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है
- 2022 के बाद से यूक्रेन में तापमान सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है और कई रिहायशी टॉवर ब्लॉकों में बिजली नहीं है
रूस और यूक्रेन के बीच जंग को शुरू हुए लगभग 4 साल गुजर गए हैं लेकिन शांति दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है. यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाने के लिए रिकॉर्ड संख्या में बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया है. यूक्रेन की प्राइवेट कंपनी डीटीईके के अनुसार रूस की मिसाइल और ड्रोन हमलों ने कीव और कई स्थानों पर पावर प्लांट और बुनियादी ढांचे पर हमला किया है, जिससे इस साल अब तक "सबसे शक्तिशाली झटका" लगा है.
रूस की तरफ से यह हमला उस समय हुआ है जब यूक्रेन में तापमान -20 सेल्सियस तक गिर गया है. फरवरी 2022 में युद्ध की शुरुआत के बाद से तापमान सबसे निचले स्तर पर गिर चुका है. यूक्रेन का कहना है कि इस हमले ने उसकी राजधानी में 1,000 से अधिक रिहायशी टॉवर ब्लॉकों को एक बार फिर से बिना बिजली के छोड़ दिया है, वहां कोई हीटर काम नहीं कर रहा है. AFP की रिपोर्ट के अनुसार कुछ निवासी एक क्षतिग्रस्त बिल्डिंग के चारों ओर जमा हुए थे, चरमराते मलबे और जमीन पर जमी बर्फ की मोटी परत के ऊपर से निकल रहे थे. एक निवासी ने एएफपी को बताया, "हमारी खिड़कियां टूट गई हैं और हमारे पास हीटिंग की कोई सुविधा नहीं है... हम नहीं जानते कि क्या करना है."
AFP की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार रात के हमले में यूक्रेन के दक्षिणी शहर जापोरिज्जिया में दो किशोरों की मौत हो गई. साथ ही सोवियत काल के द्वितीय विश्व युद्ध के स्मारक को नुकसान पहुंचा है.
वार्ता के ठीक पहले रूस का हमला
यह हमला यूक्रेनी और रूसी वार्ताकारों के अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में दूसरे दौर की वार्ता के लिए मिलने से एक दिन पहले हुआ है. यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने हमले की निंदा करते हुए कहा, "रूस के लिए लोगों को आतंकित करने के लिए सर्दियों के सबसे ठंडे दिनों का फायदा उठाना कूटनीति की ओर मुड़ने से अधिक महत्वपूर्ण है."
उन्होंने कहा कि रूस ने "एक बार फिर अमेरिकी पक्ष के प्रयासों की अवहेलना की है". वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्लादिमीर पुतिन से "युद्ध समाप्त करने" का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि वह "चाहेंगे" कि उनके रूसी समकक्ष ठंडे तापमान के कारण हमलों को कुछ समय के लिए रोक दें. वहीं मंगलवार को कीव का दौरा करने वाले नाटो प्रमुख मार्क रुटे ने कहा, "पिछली रात जैसे रूसी हमले हुए, वे शांति के बारे में गंभीरता का संकेत नहीं देते हैं".
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने विमानवाहक पोत के पास आ रहे ईरानी ड्रोन को मार गिराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं