- वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली और पड़ोसी राज्यों की वायु प्रदूषण नियंत्रण योजनाओं पर रिपोर्ट जारी की है
- हरियाणा और पंजाब ने पराली निपटान के लक्ष्य का क्रमशः 35 और 53 प्रतिशत ही पूरा किया है
- पार्किंग स्थल निर्माण में दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान का प्रदर्शन बेहद कमतर रहा है, लक्ष्य से काफी पीछे हैं
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने रविवार को दिल्ली और पड़ोसी राज्यों की सरकारों के कामकाज की रिपोर्ट जारी की, जिसमें बताया गया है कि वायु प्रदूषण से निपटने के लिए 2026 की कार्य योजनाओं के तहत तय किए गए लक्ष्यों को हासिल करने में इन सरकारों का प्रदर्शन कैसा रहा है. इस रिपोर्ट में 31 अक्टूबर तक के आंकड़े शामिल किए गए हैं. साल 2026 की अंतिम रिपोर्ट अगले साल जनवरी में जारी की जाएगी.
इन लक्ष्यों में निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले कचरे के निपटारे की क्षमता बढ़ाना, लगातार वायु गुणवत्ता पर नजर रखने वाले निगरानी केंद्रों (सीएएक्यूएमएस) की संख्या बढ़ाना और पार्किंग स्थल बनाना शामिल है.
उदाहरण के तौर पर, धान की पराली के निपटान के तहत सरकारों को बायोमास पेलेट और ब्रिकेट के इस्तेमाल के अलग-अलग लक्ष्य दिए गए थे.
इस श्रेणी में हरियाणा और पंजाब दोनों का प्रदर्शन अब तक ‘असंतोषजनक' रहा है. हरियाणा ने 19,66,127.75 टन के लक्ष्य का केवल 35 प्रतिशत हासिल किया है, जबकि पंजाब ने 22,02,500 टन के लक्ष्य का 53 प्रतिशत पूरा किया है.

हालांकि, फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) के लिए उपयोगी मशीनों को चालू करने के मामले में हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश ने अपना 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है. वहीं, पंजाब ने 88 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है.
दिल्ली ने वायु गुणवत्ता की लगातार निगरानी के लिए 19 सीएएक्यूएमएस लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया है. वहीं, हरियाणा ने 23 केंद्र लगाने के लक्ष्य के मुकाबले अब तक एक भी केंद्र नहीं लगाया है.
पार्किंग स्थल बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान का प्रदर्शन असंतोषजनक रहा है.
दिल्ली को 2026 के अंत तक 266 पार्किंग स्थल बनाने थे, लेकिन अब तक केवल 15 ही बनाए गए हैं. हरियाणा ने 79 के लक्ष्य के मुकाबले नौ, राजस्थान ने 19 के मुकाबले चार पार्किंग स्थल बनाए हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश ने 24 के लक्ष्य के मुकाबले 21 पार्किंग स्थल बना लिए हैं.

शहरों में बसों की संख्या बढ़ाने के मामले में दिल्ली ने अपने लक्ष्य का 71 प्रतिशत हासिल किया है. हरियाणा ने आठ प्रतिशत, राजस्थान ने शून्य प्रतिशत और उत्तर प्रदेश ने 44 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया है.
नगरपालिका के ठोस कचरे (एमएसडब्ल्यू) के निपटारे की क्षमता बढ़ाने के मामले में चारों क्षेत्रों का प्रदर्शन असंतोषजनक रहा है.
इस मामले में दिल्ली सबसे पीछे है. यहां प्रतिदिन 650 टन कचरे के निपटारे की क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य था, लेकिन अब तक इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है.
रिपोर्ट के अनुसार, इस साल चारों क्षेत्रों में एक भी हरित शवदाह गृह नहीं बनाया गया है. दिल्ली को 49, हरियाणा को 196, राजस्थान को 53 और उत्तर प्रदेश को 123 हरित शवदाह गृह बनाने थे.
इसे भी पढ़ें: मुंबई की हवा 'अनहेल्दी' से 'सीवियर' कैटेगरी में, खुले में अलाव जलाने पर अब ₹2,000 जुर्माना
इसे भी पढ़ें: राजधानी की हवा अब भी 'जहरीली', ITO से आनंद विहार तक 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई दिल्ली की हवा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं