विज्ञापन

राजनीतिक समीकरणों के फेरबदल के बाद लोकसभा में सीटों का नया आवंटन, जानें किसे मिली कौन सी सीट

राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के बीच लोकसभा में सांसदों की सीटों का नया आवंटन किया गया है.

राजनीतिक समीकरणों के फेरबदल के बाद लोकसभा में सीटों का नया आवंटन, जानें किसे मिली कौन सी सीट
सांसद अरविंद सावंत
ANI
  • लोकसभा सत्र के दौरान शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत की सीट संख्या 433 से बदलकर 500 कर दी गई है.
  • एनसीपी (शरद पवार गुट) और डीएमके के सांसद अब लोकसभा में एक-दूसरे के साथ नहीं बैठेंगे.
  • परिसीमन संशोधन विधेयक पर शरद पवार गुट का समर्थन मिलने के कारण सीटिंग अरेंजमेंट में बदलाव किया गया है.

संसद के मौजूदा सत्र में जहां एनडीए सरकार परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक जैसे महत्वपूर्ण बिलों को पारित कराने के लिए शरद पवार गुट और डीएमके जैसी पार्टियों का समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है. वहीं, इंडिया गठबंधन ने इन प्रस्तावों का पुरजोर विरोध करने का ऐलान किया है. इस राजनीतिक खींचतान के बीच लोकसभा में सांसदों के बैठने की व्यवस्था यानी सीटिंग अरेंजमेंट में भी बदलाव किया जा रहा है. खास बात यह है कि डीएमके, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (शरद पवार गुट) के वे सांसद, जो पहले एक-दूसरे के साथ बैठते थे, अब साथ दिखाई नहीं देंगे.

शिवसेना (UBT) गुट के सांसद अरविंद सावंत ने NDTV को बताया कि लोकसभा सत्र के दौरान उनकी सीट बदल दी गई है. पिछले लोकसभा सत्र तक वह सीट नंबर 433 पर बैठते थे. उनके बगल में सीट नंबर 434 पर एनसीपी (SP) की सांसद सुप्रिया सुले बैठती थी और उसके बाद डीएमके सांसद कनीमोझी की सीट थी. हालांकि, शाम को लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी पत्र में उनकी सीट 433 से बदलकर 500 कर दी गई है.

अरविंद सावंत ने कहा कि यह बदलाव इसलिए भी हो सकता है, क्योंकि एनसीपी (शरद पवार गुट) और डीएमके दोनों ने परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी देने के संकेत दिए हैं. उनके मुताबिक, बदलते राजनीतिक परिदृश्य के साथ संसद में सीटों का स्वरूप भी बदलता दिखाई दे रहा है.

'सोचा नहीं था शरद पवार कभी बीजेपी को समर्थन देंगे'

परिसीमन संशोधन विधेयक पर शरद पवार गुट के रुख से इंडिया गठबंधन के सहयोगी भी हैरान हैं. शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि जो शरद पवार कल तक उनके साथ थे, आखिर ऐसा क्या हुआ कि रातोंरात उन्हें इस विधेयक का समर्थन करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने उनका समर्थन किया था. सावंत ने यह भी कहा कि सुप्रिया सुले पहले परिसीमन विधेयक के खिलाफ बोलती रही हैं, इसलिए मौजूदा रुख उन्हें आश्चर्यचकित करता है.

संसद में कैसे तय होता है सांसदों का सीटिंग अरेंजमेंट?

लोकसभा में अध्यक्ष के आसन के दाईं ओर सत्ता पक्ष के मंत्री और सांसद बैठते हैं, जबकि बाईं ओर विपक्षी दलों के सांसदों को स्थान दिया जाता है. नेता प्रतिपक्ष के लिए भी एक निर्धारित सीट होती है. इसके अलावा वरिष्ठ और अनुभवी सांसदों को आमतौर पर आगे की पंक्तियों में जगह दी जाती है. छोटे दलों और निर्दलीय सांसदों को कहां बैठाया जाएगा, इसका निर्णय लोकसभा अध्यक्ष करते हैं. सदन की कार्यवाही के दौरान सांसदों को अपनी आवंटित सीट पर ही बैठना होता है. हालांकि, राजनीतिक दलों के गठबंधन में बदलाव होने या किसी दल के अनुरोध पर लोकसभा अध्यक्ष समय-समय पर सीटों में फेरबदल भी कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें : तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जलाया गया कार्तिगई दीपम, खुशी से झूमे श्रद्धालु, सुरक्षा के भी रहे पुख्ता इंतजाम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lok Sabha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com