- यूपी चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हैं. सीएम योगी ने आज इस पर खुलकर चर्चा की.
- ओवैसी के सवाल पर योगी ने कहा कि बहुदलीय व्यवस्था में हर दल को चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार है.
- योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि वे विकास के पक्ष में हर व्यक्ति की सुनते हैं.
यूपी में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होना है. जिसके लिए सभी राजनीतिक दलें अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी हैं. इस बीच शनिवार को वाराणसी में NDTV के क्रिएटर्स मंच पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव, प्रदेश की राजनीति, अन्य दलों की तैयारी सहित कई मुद्दों पर खुलकर चर्चा की. यूपी चुनाव में चंद्रशेखर के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी की राजनीति पर भी यूपी सीएम ने जवाब दिया.
'सपा, कांग्रेस, ओवैसी... यूपी की जनता सबके चाल को जानती है'
ओवैसी से जुड़े सवाल पर यूपी सीएम ने कहा, "भारत में बहुदलीय व्यवस्था है और हर दल को चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार हो. मैं मानता हूं कि ओवैसी हो या फिर उनका गठबंधन. कांग्रेस या फिर सपा, एक साथ लड़ें या अलग होकर उतरें. यूपी की जनता इन सबके चाल और चेहरे को जानती है."
ओवैसी को मेरे खिलाफ कुछ नहीं मिला होगाः योगी आदित्यनाथ
ओवैसी की ओर से आलोचना न किए जाने पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें मेरे खिलाफ कुछ मिलता नहीं होगा. यदि वह मेरे खिलाफ बोलेंगे तो उन्हें मेरा वोट नहीं मिलेगा. ओवैसी को बिहार में 5 सीटें मिली थीं, लेकिन सपा को एक भी नहीं मिल सकी थी.

ओवैसी को कौन सा तोहफा देंगे सीएम योगी?
यूपी सीएम ने आगे कहा कि हमने उन्हें कहा है कि आप यहां आए हैं तो हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मीपुरम बनाकर उन्हें तोहफा देंगे. मेरा मानना है कि ओवैसी के साथ जो लोग दावतें खाते हैं. वे लोग उसके बारे में सोचें. यह पता चलना चाहिए कि अंदरखाने किन मुद्दों पर इन लोगों की बातें हुई हैं. योगी ने यह भी कहा कि हमने उन्हें यहां आने की बधाई दी है. लेकिन मेरा मानना है कि हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है. अपनी बात रखने का अधिकार है.
योगी ने समझाई 80/20 की परिभाषा
बंटेंगे तो कटेंगे और 80-20 जैसे नारों पर यूपी सीएम ने कहा कि जो भी यूपी की समृद्धि चाहते हैं, वह डबल इंजन सरकार के साथ हैं. जो लोग अनैतिक धंधों और इनकी लूट के साथ हैं, उनकी संख्या बहुत कम है. ये लोग यूपी में सुरक्षित और उत्सव वाला माहौल नहीं चाहते. ऐसे ग्रुप को फिर से जाना ही है और जाएगा. यूपी की ज्यादातर संख्या भाजपा के साथ ही है. मैं फिर से कहूंगा कि 80 फीसदी लोग भाजपा के साथ ही हैं.
क्या अपने अफसरों पर विधायकों से ज्यादा भरोसा करते हैं? योगी ने बताया
आप नौकरशाहों पर बहुत भरोसा करते हैं? विधायक कहते हैं कि हमारी सुनी नहीं जाती, क्या आप अपने विधायकों से ज्यादा अफसरों की सुनते हैं? इस सवाल पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं हर उस व्यक्ति की सुनता हूं, जो यूपी के विकास के पक्ष में है. मेरा मानना है कि सुशासन के मॉडल को पब्लिक स्वीकार करती है. हम उस मॉडल को लागू करके रहेंगे.
यह भी पढ़ें - यूपी में Gen-Z प्रोटेस्ट क्यों नहीं हुए? CM योगी ने NDTV को बताई वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं