- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 80-20 के बजाय वर्तमान में 80-10-10 के समीकरण की चर्चा हो रही है.
- योगी आदित्यनाथ ने ओवैसी को भाजपा की बी टीम कहने को गलत बताया और लोकतंत्र में अधिकार की बात कही.
- ओवैसी द्वारा योगी की आलोचना न करने का कारण योगी के पास उनके खिलाफ कुछ न होना बताया गया है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 80-20 वाले समीकरण की अक्सर चर्चा होती रही है.NDTV क्रिएटर्स मंच पर पहुंचे योगी आदित्यनाथ से इस संबंध में सवाल हुआ तो ओवैसी का भी जिक्र छिड़ा. पूछा गया कि 80-20 की बजाय अभी तो हालात 80-10+10 वाले हो गए हैं. ओवैसी को भाजपा की बी टीम कहा जा रहा है. इस पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसा कहना गलत है. लोकतंत्र में किसी को भी चुनाव लड़ने और अपनी बात कहने का अधिकार है.
यही नहीं ओवैसी द्वारा योगी आदित्यनाथ की आलोचना न किए जाने का भी उन्होंने जवाब दिया. योगी ने कहा कि वह मेरे लिए आलोचना शायद इसलिए नहीं करते क्योंकि उनके पास मेरे खिलाफ कुछ होगा नहीं.
कांग्रेस-सपा की रस्साकशी की वजह तीसरा मोर्चाः योगी आदित्यनाथ
उन्होंने यह भी कहा कि असदुद्दीन ओवैसी को शायद मेरे खिलाफ बोलकर कुछ हासिल नहीं होगा. हमें वोट देने वाले लोग मेरी आलोचना करने से उनको वोट नहीं देंगे. इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने दिलचस्प बात कही और कहा कि ऐसा तो नहीं कि कांग्रेस के साथ सपा की रस्साकशी की वजह यही तीसरा मोर्चा हो.
सीएम योगी ने बताया यूपी चुनाव का तीसरा समीकरण
इस तरह योगी आदित्यनाथ ने खुलकर नहीं कहा, लेकिन यह संकेत दे गए कि कांग्रेस से बात बिगड़ी तो कहीं चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी को ही अखिलेश यादव अपने साथ न मिला लें. योगी आदित्यनाथ ने अपने इस बयान से सारी चर्चाओं को ही उलट दिया और नया समीकरण बता गए.
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन से बना एक अलग मोर्चा
बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने गठबंधन किया है. इन दोनों दलों के गठबंधन के बाद यूपी की राजनीति में एक अलग मोर्चा विकसित होने की चर्चा की जा रही है.
बीजेपी की बी टीम या अखिलेश की चाल?
NDA और इंडिया गठबंधन की टक्कर के बीच बसपा और ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन क्या गुल खिलाएगा? यह तो देखने वाली बात होगी. लेकिन यह साफ है कि यह गठबंधन सियासी चर्चाओं के केंद्र में है. खास बात यह है कि इंडिया गठबंधन के लोग इसे बीजेपी की चाल बताती है तो यूपी सीएम इस गठबंधन को अखिलेश की चाल बता रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा तो नहीं है कि कांग्रेस के साथ सपा की जो रस्साकशी चल रही है, उसके पीछे यह तीसरा मोर्चा (ओवैसी-चंद्रशेखर) है.
यह भी पढ़ें - मैं चाहता हूं अखिलेश मेरी पिच पर खेलें-UP के CM योगी आदित्यनाथ ने NDTV से क्यों कहा ऐसा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं