पीएम नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों के बीच जाकर आज दीवाली का उत्सव मनाया. इस दौरान उन्होंने जवानों के बीच भाषण भी दिया. उन्होंने कहा कि ऐसी दीवाली पहली बार आई है, जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है. इसके अलावा उन्होंने विश्व बैंक की उस रिपोर्ट का भी हवाला दिया, जिसमें 50 करोड़ भारतीयों के गरीबी से बाहर निकलने की बात कही गई है. उन्होंने कहा कि दशकों तक गरीबी हटाओ के नारे दिए जाते रहे, लेकिन बीते 12 सालों में इस पर काम हुआ.
'उपलब्धियां हमें प्रेरणा देती हैं...'
नरेंद्र मोदी ने दिमागी नक्सली वाली बात फिर से दोहराई. पीएम मोदी ने कहा कि जंगलों से हथियारी नक्सली तो चले गए, लेकिन दिमागी नक्सली बच्चों को गुमराह कर रहे हैं. इन लोगों ने नई पीढ़ी के दिमागों में घुसपैठ कर ली है. हमको इन्हें पहचानना है और इन्हें परास्त करना है. आज की उपलब्धियां हमें प्रेरणा देती हैं, लेकिन यह विराम नहीं है. यह जीत और सफलताएं नई उड़ान का मंच है. यह उड़ान राष्ट्र के उन सपनों की होगी, जो दशकों में देखे गए हैं.
विश्व बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 2011-12 से 2023-24 के बीच करीब 49.6 करोड़ (करीब 50 करोड़) लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं. इसी रिपोर्ट का पीएम मोदी ने हवाला दिया और अपनी सरकार को श्रेय देते हुए कहा कि हमने 12 सालों के अंदर ये बदलाव लाने का प्रयास किया है. इस दौरान पीएम मोदी ने नक्सलवाद पर भी हमला बोला और कहा कि पुरानी सरकारों में इच्छाशक्ति ही नहीं थी, लेकिन 2014 के बाद हालात बदले. उन्होंने कहा कि अब बच्चे बंदूक नहीं बल्कि स्पोर्ट्स में हाथ आजमा रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा कि यह वो भूमि है, जहां कभी नक्सली आतंक का कहर था. आज सबके त्याग, तपस्या के कारण उस भूमि पर नक्सली आतंक का कहर कम हुआ और विकास की दीवाली शुरू हुई. 2026 की दीवाली विशेष है. 40-50 साल बाद ऐसी दीवाली आई है, यह पहली दीवाली है, जब देश नक्सलवाद और माओवादी आतंकवाद के खिलाफ दशकों पुरानी लडा़ई जीत चुका है.
यह भी पढ़ें | ऐसी दिवाली 50 साल बाद आई है, बस्तर में जवानों के बीच बोले PM मोदी
यह भी पढ़ें | दिवाली की रात उल्लू दिखना शुभ है या अशुभ? जानें मान्यताएं और महत्व
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं