- PM मोदी अजमेर में 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे
- पीएम मोदी 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर रोकने हेतु राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू करेंगे
- राजस्थान में पेयजल आपूर्ति, नवीकरणीय ऊर्जा और ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स के आधारशिला समारोह का आयोजन किया जाएगा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राजस्थान और गुजरात का दौरा करेंगे. राजस्थान दौरे के दौरान पीएम मोदी अजमेर में 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. वह 14 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए ‘ह्यूमन पैपिलोमावायरस' (एचपीवी) वैक्सीनेशन के लिए एक राष्ट्रव्यापी कैंपेन की भी शुरुआत करेंगे. उधर, पीएम मोदी गुजरात के साणंद में एक सेमीकंडक्टर असेंबली संयंत्र का उद्घाटन करेंगे और कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे.
PM मोदी का शेड्यूल
प्रधानमंत्री मोदी दोपहर लगभग साढ़े 11 बजे 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं की शुरुआत, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस मौके पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. इन परियोजनाओं के दायरे में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़कें, सिंचाई, ऊर्जा और इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर समेत प्रमुख क्षेत्र आते हैं. इन परियोजनाओं से शहर का कायाकल्प हो सकता है और इनका लाभ लाखों लोगों तक पहुंचेगा.
कई नेशनल हाईवे परियोजनाओं का उद्घाटन
- बांदीकुई से जयपुर तक 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
- अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर के पैकेज 7 खंड में 6-लेन (एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे)
- दिल्ली-वडोदरा ‘एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे' के पैकेज 14 खंड में 8-लेन कैरिजवे
- एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे' का मतलब एक ऐसा राजमार्ग है, जहां प्रवेश-निकास नियंत्रित हो और जिसे पर्यावरण के अनुकूल तरीके से विकसित किया गया हो.
एचपीवी वैक्सीनेशन कैंपेन
प्रिवेंटिव हेल्थ को मजबूत करने और महिलाओं के कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पीए मोदी 14 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए एचपीवी टीकाकरण के वास्ते राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे. इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) को रोकना है, जो महिलाओं में कैंसर संबंधी रुग्णता के प्रमुख कारणों में से एक है और यह देशभर में लड़कियों और महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य की सुरक्षा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
21,800 से अधिक युवाओं को बांटेंगे नियुक्ति पत्र
पीएम मोदी सभी के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री नोनेरा प्रमुख पेयजल परियोजना के चार पैकेज और परवान अकावाद प्रमुख पेयजल परियोजना के पांच पैकेज की आधारशिला रखेंगे. इसके अनुसार, राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने और उत्पादन केंद्रों से निर्बाध पारेषण सुनिश्चित करने के लिए, प्रधानमंत्री राजस्थान के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों (आरईजेड) से बिजली निकासी के वास्ते ट्रांसमिशन प्रणालियों का उद्घाटन करेंगे. वह पांच 220 केवी ग्रिड सबस्टेशन और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशन के साथ-साथ संबंधित ट्रांसमिशन लाइनों की आधारशिला भी रखेंगे. प्रधानमंत्री रोजगार सृजन और युवा सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, राजस्थान में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 21,800 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे.
ये भी पढ़ें :- PM मोदी आज अजमेर से करेंगे 14 साल की लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी HPV वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू, क्यों जरूरी है ये टीका?
PM मोदी सेमीकंडक्टर संयंत्र का करेंगे उद्घाटन
पीएमओ द्वारा जारी एक अन्य बयान में कहा गया है कि मोदी अपराह्न लगभग तीन बजकर 45 मिनट पर साणंद में ‘माइक्रोन सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' के सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग (एटीएमपी) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे. इस मौके पर प्रधानमंत्री सभा को संबोधित भी करेंगे. ये उद्घाटन भारत के सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इसके अनुसार, इस परियोजना का शिलान्यास सितंबर 2023 में हुआ था और यह इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) के तहत स्वीकृत होने वाला पहला प्रस्ताव था. इसे 22,500 करोड़ रुपये से अधिक के कुल परिव्यय के साथ, निर्माण कार्य स्वीकृति के तुरंत बाद शुरू किया गया. बयान में कहा गया है कि साणंद संयंत्र पूरी तरह से चालू हो जाने पर लगभग 5 लाख वर्ग फुट का ‘क्लीनरूम' क्षेत्र उपलब्ध होगा.
ये भी पढ़ें :- साणंद से शुरू होगी डिजिटल क्रांति, PM मोदी करेंगे भारत के पहले चिप प्लांट का उद्घाटन, मिलेंगी हजारों नौकरियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं