विज्ञापन

PM मोदी आज अजमेर से करेंगे 14 साल की लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी HPV वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू, क्यों जरूरी है ये टीका?

HPV vaccination India: अजमेर से शुरू होने वाला यह ऐतिहासिक कदम आने वाले सालों में लाखों जिंदगियां बचा सकता है. आइए जानते हैं एचपीवी वैक्सीन क्यों जरूरी है और पूरे अभियान के बारे में.

PM मोदी आज अजमेर से करेंगे 14 साल की लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी HPV वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू, क्यों जरूरी है ये टीका?
HPV vaccination India: इस अभियान के तहत हर साल लगभग 1.15 करोड़ बालिकाओं को वैक्सीन दी जाएगी.

PM Modi HPV Vaccine Launch: भारत एक हेल्थ क्रांति की दहलीज पर खड़ा है. आज नरेंद्र मोदी राजस्थान के अजमेर से 14 साल की बालिकाओं के लिए राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. यह केवल एक टीकाकरण अभियान नहीं, बल्कि देश की बेटियों के सुरक्षित और हेल्दी फ्यूचर की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है. सरकार की "स्वस्थ नारी" की सोच को साकार करते हुए यह कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य में रोकथाम, सुरक्षा और समानता को केंद्र में रखता है. इस अभियान के तहत हर साल लगभग 1.15 करोड़ 14 साल की बालिकाओं को लक्ष्य बनाया जाएगा.

क्यों जरूरी है HPV टीकाकरण?

भारत में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है. ग्लोबोकैन 2022 के अनुसार, हर साल 1 लाख 20 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आते हैं और लगभग 80 हजार महिलाओं की मृत्यु इस बीमारी से हो जाती है.

वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि सर्वाइकल कैंसर के लगभग सभी मामले हाई-रिस्क HPV संक्रमण, खासकर टाइप 16 और 18, के कारण होते हैं. ये दोनों प्रकार भारत में 80% से ज्यादा मामलों के लिए जिम्मेदार हैं. अच्छी बात यह है कि यह कैंसर टीकाकरण और समय पर जांच से रोका जा सकता है.

कार्यक्रम की खासियतें

  • टीका पूरी तरह निःशुल्क सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध होगा.
  • टीकाकरण आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-जिला व जिला अस्पताल तथा सरकारी मेडिकल कॉलेजों में किया जाएगा.
  • टीकाकरण स्वैच्छिक होगा और अभिभावकों की सहमति के बाद ही दिया जाएगा.
  • भारत के इस कार्यक्रम में क्वाड्रिवैलेंट HPV वैक्सीन - Gardasil का उपयोग किया जाएगा.

यह वैक्सीन दुनिया की सबसे ज्यादा शोधित और सुरक्षित वैक्सीनों में से एक है. 2006 से अब तक विश्वभर में 50 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी हैं और यह लगभग 100% प्रभावी पाई गई है उन HPV प्रकारों के विरुद्ध जिन्हें यह कवर करती है.

Add image caption here

Add image caption here

मिशन मोड में अभियान

यह खास अभियान पहले तीन महीनों तक मिशन मोड में चलेगा, जिसमें पात्र बालिकाएं रोजाना निर्धारित केंद्रों पर टीका लगवा सकेंगी. इसके बाद यह नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा बन जाएगा.

इससे यह सुनिश्चित होगा कि हर योग्य बालिका को समय पर टीका मिल सके और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में बड़ी कमी लाई जा सके.

वैश्विक लेवल पर भारत की भागीदारी

इस पहल के साथ भारत उन 160 से ज्यादा देशों की सूची में शामिल हो जाएगा, जिन्होंने HPV टीकाकरण को अपनी राष्ट्रीय टीकाकरण योजना में शामिल किया है. यह कदम दर्शाता है कि भारत वैज्ञानिक प्रमाणों और सुदृढ़ नीति के आधार पर स्वास्थ्य सुधार की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.

बेटियों के सुरक्षित भविष्य की ओर

यह कार्यक्रम केवल बीमारी से बचाव नहीं, बल्कि देश की बेटियों को सशक्त बनाने का अभियान है. जब हमारी बालिकाएं स्वस्थ होंगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत बनेगा.

अजमेर से शुरू होने वाला यह ऐतिहासिक कदम आने वाले सालों में लाखों जिंदगियां बचा सकता है. यह स्वस्थ नारी, सशक्त भारत की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी पहल है.

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com