PM मोदी ने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की. इस खास मौके पर पीएम मोदी ने आडवाणी का आशीर्वाद लिया और उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया. पीएम मोदी की यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश के लिए नए संकल्प और विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराया है.
PM मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'आडवाणी जी से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया. जनसेवा और राष्ट्रीय जीवन में उनके दशकों के योगदान ने एक अमिट छाप छोड़ी है. उन्होंने भारत की प्रगति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है.
वहीं, PM मोदी ने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीजेपी ने देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत की. इसके तहत दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘पीएम मोदी सेवा ज्योति' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने हिस्सा लिया और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प दोहराया.
Met Advani Ji at his residence and sought his blessings. His decades of public service and contribution to our national life have left a lasting imprint. He has played a pivotal role in strengthening India's progress. https://t.co/ib51lx4CkU
— Narendra Modi (@narendramodi) October 7, 2026
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने देश के सामने एक नया मंत्र रखा, ‘We Will Do It'. उन्होंने कहा कि अगर देशवासी संकल्प, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है. उन्होंने विकसित भारत, दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में भारत की जगह, आत्मनिर्भर भारत, वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनने, ओलंपिक आयोजन और अंतरिक्ष क्षेत्र में नई उपलब्धियों जैसे लक्ष्यों का उल्लेख किया.
पीएम मोदी ने अपने 25 साल के सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को भी साझा किया. उन्होंने कहा कि विरोध ने उन्हें लोकतंत्र की ताकत समझाई, संकटों ने धैर्य सिखाया और असफलताओं ने फिर से खड़े होने की प्रेरणा दी. कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री ने श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना भी की.
युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इनोवेशन, रिसर्च और क्रिएशन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक देश के लिए जीने और काम करने का संकल्प ले. प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि देशवासी सीखने, नवाचार करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की भावना के साथ आगे बढ़ेंगे, तो भारत का कोई भी लक्ष्य अधूरा नहीं रहेगा.
ये भी पढ़ें : LIVE: राहुल और प्रियंका गांधी को पुलिस ने किया रिहा, कांग्रेस ने विपक्षी सांसदों से की खास अपील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं