विज्ञापन

1-25 दिसंबर तक सेवा दूत अभियान चलाएगी BJP, प्रदेश अध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

एक से 25 दिसंबर तक भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में सेवा दूत अभियान चलाने जा रही है. इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए है.

1-25 दिसंबर तक सेवा दूत अभियान चलाएगी BJP, प्रदेश अध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
बीजेपी सेवा दूत अभियान के लिए बैठक करते महाराष्ट्र भाजपा नेता.
NDTV
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरा होने के मौके पर भाजपा देशभर में 'सेवा दूत अभियान' चलाने जा रही है. यह अभियान 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा.  यह अभियान भाजपा द्वारा चलाया जा रहा एक राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क और आउटरीच अभियान है. इसका मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करना है.

25 दिनों तक गांवों में प्रवास करेंगे बड़े नेता

इस अभियान के तहत पार्टी के बड़े नेता विधानसभा क्षेत्रों में 25 दिनों तक प्रवास करेंगे. प्रवास करके वे जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं का हाल जानेंगे. सीधे जनता के बीच रहकर संवाद किया जाएगा और उनकी नब्ज टटोली जाएगी. अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता और विशेष रूप से नियुक्त 'सेवा दूत' विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, मंडलों, गांवों और वार्डों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे.

महाराष्ट्र में इस अभियान की तैयारियों के सिलसिले में पनवेल में आयोजित ठाणे-कोंकण विभागीय कार्यशाला में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया. कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, कार्यप्रणाली, सूक्ष्म नियोजन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.

हर व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना मकसद

रविंद्र चव्हाण ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पहुंचना, उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझना तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है. साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

समन्वय के साथ अभियान सफल बनाने की अपील

उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि अभियान को सफल बनाने के लिए वे आपसी तालमेल और समन्वय के साथ काम करें तथा इसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करें. इस कार्यशाला में प्रदेश महासचिव एवं विधायक माधवीताई नाईक, सांसद डॉ. हेमंत सवरा, सांसद धैर्यशील पाटील, विधायक प्रशांत ठाकुर, विधायक प्रमोद जठार, विधायक विक्रांत पाटील सहित कई अन्य मौजूद थे. 

एमपी में तैयारी, प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में दिए निर्देश

उधर मध्य प्रदेश में भोपाल, चंबल, ग्वालियर एवं नर्मदापुरम संभाग के सेवा दूतों एवं विधानसभा समन्वयकों की प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि सेवा दूत अभियान के माध्यम से पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में 25 दिनों तक प्रवास कर संगठन को मजबूत करने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएंगे.

यह भी पढे़ं - पब्लिक ऑफिस में पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी पूरे देश में करेगी आयोजन, जानें क्या तैयारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BJP Seva Yatra, BJP News, PM Modi, PM Modi 25 Years, BJP State President
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com