प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात से शुक्रवार को अहमदाबाद मेट्रो के दो अहम रूट की आधारशिला रखी. ये अहमदाबाद मेट्रो फेज-2A का एयरपोर्ट एक्सटेंशन रूट और अहमदाबाद मेट्रो फेज-2B गिफ्ट सिटी एक्सटेंशन शामिल है. आने वाले समय में अहमदाबाद मेट्रो ऐसी होगी, जो एयरपोर्ट, दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम, इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ बुलेट ट्रेन और साबरमती रिवरफ्रंट का नजारा भी दिखाएगी. एयरपोर्ट एक्सटेंशन रूट अहमदाबाद शहर को सीधे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जोड़ता है. ये 6 किमी लंबा है और कोटेश्वर रोड से सीधे सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी देता है. इसमें कुल 5 मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं. हवाई अड्डे आने-जाने वाले यात्रियों को भारी ट्रैफिक और पार्किंग के झंझट का सामना नहीं करना पड़ेगा और वो बेहद कम वक्त में एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे. अहमदाबाद मेट्रो अभी 65 किलोमीटर के नेटवर्क में 56 स्टेशनों के बीच दौड़ रही है.
अहमदाबाद मेट्रो में क्या खास है?
अहमदाबाद मेट्रो भारत का पहला ऐसा मेट्रो सिस्टम है जो देश के पहले इंटरनेशनल फाइनेंसियल सेंटर को सीधे जोड़ता है. इसके लिए जीएनएलयू से गिफ्ट सिटी तक एक विशेष ब्रांच लाइन बनाई गई है. दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम को भी मेट्रो जोड़ती है. मैच या बड़े आयोजनों के दौरान लाखों दर्शकों की आसान आवाजाही के लिए यह स्टेशन बेहद अहम भूमिका निभाता है.
बुलेट ट्रेन और साबरमती रिवरफ्रंट का अद्भुत नजारा
अहमदाबाद मेट्रो का रूट साबरमती नदी को पार करता है. इससे यात्रियों को साबरमती रिवरफ्रंट का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के साथ भी अहमदाबाद मेट्रो इंटरकनेक्ट होगी. फेज 2A के तहत कोटेश्वर रोड से अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधे 6 किलोमीटर से अधिक का नया कॉरिडोर भी बन रहा है.
फेज-2B: गिफ्ट सिटी एक्सटेंशन
गिफ्ट सिटी एक्सटेंशन रूट की बात करें तो ये फाइनेंस और टेक हब गिफ्ट सिटी (GIFT City Extension Corridor) को शहर से जोड़ता है. इसकी 3.3 किलोमीटर लंबाई में तीन स्टेशन होंगे. यह रूट गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक का सफर आसान बनाएगा. गिफ्ट सिटी में हजारों तकनीकी और वित्तीय पेशेवरों को आवाजाही का सस्ता और सुगम साधन मिलेगा. इन दोनों मेट्रो एक्सटेंशन से अहमदाबाद शहर, गांधीनगर, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और गिफ्ट सिटी एक ही मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे. बिजी रूट पर कॉरिडोर के बीच हाईस्पीड ट्रांसपोर्ट मिलने से यात्रा का समय आधा रह जाएगा. सड़कों पर वाहनों का ट्रैफिक कम होने से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी.
अहमदाबाद से धोलेरा मेट्रो रूट
अहमदाबाद से धोलेरा मेट्रो रूट पर भी काम चल रहा है, जो एपीएमसी वासना से धोलेरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, टीपी-1/टीपी-2 तक है. यह 100 किमी से लंबा हाईस्पीड कॉरिडोर है, जो अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे के समानांतर बन रहा है. इस कॉरिडोर के शुरुआती हिस्से धोलेरा एक्टिवेशन एरिया में खंभों का निर्माण और स्टेशन निर्माण का काम तेजी से चल रहा है.
ब्लू लाइन का ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर
ब्लू लाइन का 21 किलोमीटर का ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर है. इसमें थलतेज से वस्त्राल तक एलिवेटेड और शाहपुर से कालूपुर तक अंडरग्राउंड ट्रैक हैं. थलतेज, गुजरात यूनिवर्सिटी, ओल्ड हाई कोर्ट, शाहपुर, कालूपुर रेलवे स्टेशन, अपैरल पार्क, वस्त्राल गाम इसके स्टेशन हैं. रेड लाइन का नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर है, जो मोटेरा स्टेडियम से एपीएमसी तक 19 किमी का रूट है. मोटेरा स्टेडियम, साबरमती, रानीप, ओल्ड हाई कोर्ट, पालदी, श्रेयस, एपीएमसी इसके प्रमुख स्टेशन हैं. येलो लाइन का गांधीनगर एक्सटेंशन रूट मोटेरा स्टेडियम से महात्मा मंदिर गांधीनगर तक जाता है. 22.8 किलोमीटर के रूट में कोबा सर्कल, जीएनएलयू, इन्फोसिटी, सचिवालय, अक्षरधाम, महात्मा मंदिर स्टेशन हैं. वायलेट लाइन का गिफ्ट सिटी रूट है, जो जीएनएलयू से गिफ्ट सिटी तक का 5.4 किलोमीटर का रूट है. जीएनएलयू, पीडीईयू, गिफ्ट सिटी इसके स्टेशन हैं.
ये भी पढ़ें - दिल्ली मेट्रो के 7 नए रूट का ऐलान, 65 नए स्टेशन बनेंगे, नरेला, नजफगढ़-जोरबाग से पालम तक 97 KM का नेटवर्क बनेगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं