प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित पहले एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा कीं. उन्होंने इस आयोजन को भारत की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का उत्सव बताया.
प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ''दिल्ली में एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम. हमारी जीवंत संस्कृति और परंपराओं का जश्न मनाती एक शानदार शाम.''
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोरम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत बनाने के लिए आपसी विश्वास और साझा सभ्यतागत मूल्यों को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि आपसी विश्वास तभी पैदा होता है, जब देश और वहां के लोग एक-दूसरे के बीच समानताओं को पहचानते हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जरूरत इस बात पर ध्यान केंद्रित करने की है कि हमारे बीच क्या साझा है. भारत के अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समावेशी दृष्टिकोण विविधता को विभाजन के बजाय ताकत का स्रोत बनाता है.
पीएम मोदी ने कहा कि जब हम इस उदार दृष्टिकोण को अपनाते हैं, तो हमारी विविधता ही हमारी एकता का आधार बन जाती है. उन्होंने कहा कि भारत में लोग अलग-अलग भाषाएं बोलते हैं, उनकी जीवनशैली और परंपराएं भी अलग-अलग हैं, लेकिन इसके बावजूद सभी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं.
उन्होंने कहा कि भारत विविधता को स्वीकार करता है और उसका उत्सव मनाता है. प्रधानमंत्री ने इस सोच का श्रेय वेदों की प्राचीन ज्ञान परंपरा को दिया. उन्होंने फोरम की शुरुआत में पढ़े गए वैदिक मंत्र 'संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम्' का उल्लेख करते हुए इसका अर्थ समझाया. उन्होंने कहा कि इसका संदेश है कि हम साथ चलें, साथ संवाद करें और हमारे विचारों में एकरूपता हो.
प्रधानमंत्री ने इस वैदिक मंत्र को एससीओ के नए संवाद मंच के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत बताया. उन्होंने पहले एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के आयोजन पर प्रतिभागियों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि यहां होने वाली चर्चाएं सदस्य देशों के बीच समझ को और गहरा करेंगी.
उल्लेखनीय है कि इस फोरम में एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं. इसका उद्देश्य ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को सामने लाकर आपसी विश्वास और सहयोग को बढ़ावा देना है. यह मंच राजनीतिक, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग के मौजूदा प्रयासों के साथ यूरेशिया की साझा सभ्यतागत विरासत को भी प्रमुखता देगा.
यह भी पढ़ें | बिहार में शुरू होंगी 100 नई E-बसें, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडे; दिल्ली तक का सफर भी होगा आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं