विज्ञापन

द गढ़चिरौली स्टोरी में आखिरी ऐसा क्या है कि फडणवीस बनाने जा रहे फिल्म-पटकथा, हीरो, विलेन और 2026 का क्लाईमेक्स

कभी लाल आतंक का सबसे बड़ा गढ़ रहा गढ़चिरौली आज महाराष्ट्र का उभरता हुआ स्टील हब बन चुका है. 40 साल तक चली नक्सल विरोधी जंग, 244 जवानों की शहादत, सी-60 कमांडो की बहादुरी, भूपति के ऐतिहासिक सरेंडर और 'ऑपरेशन अंतिम प्रहार' की कहानी अब बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी.

द गढ़चिरौली स्टोरी में आखिरी ऐसा क्या है कि फडणवीस बनाने जा रहे फिल्म-पटकथा, हीरो, विलेन और 2026 का क्लाईमेक्स
गढ़चिरौली की नक्सल जंग अब बड़े पर्दे पर, फडणवीस सरकार बनाएगी फिल्म
NDTV
  • गड़चिरोली की नक्सल विरोधी जंग पर बनेगी फिल्म, CM फडणवीस का ऐलान
  • 40 साल के लाल आतंक से माओवादमुक्त महाराष्ट्र तक, फिल्म में दिखेगी पूरी कहानी
  • -60 कमांडो फोर्स की बहादुरी, विकास बनाम बंदूक की लड़ाई को दिखाएगी गड़चिरोली पर बनने वाली फिल्म
मुंबई:

महाराष्ट्र सरकार गढ़चिरौली में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ी गई चार दशक लंबी लड़ाई को अब फिल्म के जरिए देश-दुनिया के सामने लाने जा रही है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस प्रोजेक्ट का ऐलान करते हुए कहा कि नक्सलवाद के उदय, दो पीढ़ियों पर पड़े उसके प्रभाव, सुरक्षाबलों के लंबे संघर्ष और आखिरकार महाराष्ट्र के माओवादमुक्त होने की कहानी को डॉक्यूमेंटेड करना जरूरी है. फिल्म में सी-60 कमांडो फोर्स की भूमिका, बड़े ऑपरेशन, माओवादी नेताओं के खात्मे और आत्मसमर्पण के साथ-साथ गढ़चिरौली के रेड कॉरिडोर से स्टील हब बनने तक के बदलाव को भी दिखाया जाएगा.

स्क्रिप्ट राइटर को मिली कहानी लिखने की जिम्मेदारी 

जब सीएम से पूछा गया कि सरकार नक्सल विरोधी अभियान की इस ऐतिहासिक कहानी को आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसे सहेजेगी, तो फडणवीस ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ हुए इस संघर्ष और उसके अंत को दस्तावेजित किया जाना बेहद जरूरी है. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने राज्य मंत्री आशीष जायसवाल के साथ चर्चा की है.

जायसवाल ने इस प्रोजेक्ट पर प्रारंभिक काम शुरू कर दिया है और कहानी लिखने के लिए एक स्क्रिप्ट राइटर को भी नियुक्त कर लिया गया है. जायसवाल ने पुष्टि की कि मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है और इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया है. 

यह फिल्म सिर्फ बंदूकों और मुठभेड़ों की कहानी नहीं होगी, बल्कि यह बताएगी कि कैसे एक जिला लाल आतंक के साये से निकलकर विकास और लोकतंत्र की मुख्यधारा में लौटा.

सरेंडर करते हुए नक्सली

सरेंडर करते हुए नक्सली
Photo Credit: NDTV

कैसे हुई थी गढ़चिरौली में नक्सलवाद की शुरुआत?

गढ़चिरौली में नक्सलवाद की जड़ें 1980 के दशक की शुरुआत में जमीं. साल 1982 में चंद्रपुर से अलग होकर गढ़चिरौली एक नया जिला बना. 76 प्रतिशत घने जंगल, सड़कों का अभाव, गरीबी, अबूझमाड़ की दुर्गम सीमा और तेंदूपत्ता ठेकेदारों द्वारा आदिवासियों के शोषण ने नक्सलियों को यहां पैर जमाने के लिए उपजाऊ जमीन दे दी. अविभाजित आंध्र प्रदेश (तेलंगाना क्षेत्र) में कोंडापल्ली सीतारमैया द्वारा शुरू किए गए 'पीपुल्स वॉर ग्रुप' के सशस्त्र दस्ते सबसे पहले 1980-81 में सिरोंचा और अहेरी तालुका के रास्ते दक्षिण गढ़चिरौली में दाखिल हुए. धीरे-धीरे उन्होंने स्थानीय आदिवासियों को भड़काकर अपने संगठन में शामिल किया और अगले चार दशकों तक पूरे जिले को विकास से काटकर रख दिया. देखते ही देखते यह आग इतनी फैल गई कि साल 2009-10 तक गढ़चिरौली में 379 और गोंदिया में 57 सशस्त्र माओवादी सक्रिय हो चुके थे.

नक्सलियों के हथियार

नक्सलियों के हथियार
Photo Credit: NDTV

वे काले दिन, जब नक्सली हमलों से दहल उठा था पूरा देश

लाल आतंक के खिलाफ यह आर-पार की लड़ाई आसान नहीं थी. इस चार दशक लंबे संघर्ष में पूरे महाराष्ट्र में 244 पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जबकि माओवादियों की क्रूरता ने 609 निर्दोष नागरिकों की जान ले ली. गढ़चिरौली के इतिहास में कई ऐसे काले दिन हैं, जिन्होंने पूरे देश को झकझोर दिया था.

साल 2009 का खूनी दौर: यह साल गढ़चिरौली पुलिस के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण था. फरवरी 2009 में मार्केगांव में हुए हमले में 15 पुलिसकर्मी शहीद हुए. इसके कुछ ही महीनों बाद मई 2009 में हट्टीगोटा में 15 और अक्टूबर 2009 में लाहेरी में हुए भीषण हमले में 17 पुलिसकर्मियों ने अपनी शहादत दी. अकेले 2009 में 50 से ज्यादा जवान शहीद हुए थे.

1 मई 2019 जांभुलखेड़ा आईईडी ब्लास्ट : महाराष्ट्र दिवस के दिन कुरखेड़ा इलाके के जांभुलखेड़ा में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट कर पुलिस वाहन को उड़ा दिया. इस कायराना हमले में विशिष्ट सी-60 कमांडो फोर्स के 15 जवान और एक निजी ड्राइवर शहीद हो गए थे.

सीएम के सामने सरेंडर करता इनामी नक्सली भूपति

सीएम के सामने सरेंडर करता इनामी नक्सली भूपति
Photo Credit: NDTV

नक्सलवाद के बड़े चेहरे और सुरक्षाबलों का C-60 ब्रह्मास्त्र

इस संघर्ष के दौरान कई कुख्यात नक्सली चेहरे सामने आए, जिन्होंने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जोन में आतंक फैलाया. इनमें सबसे बड़ा नाम मिलिंद तेलतुंबड़े का था, जो प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी का सदस्य था और जिस पर 50 लाख रुपये का इनाम था. 

इसके अलावा शीर्ष रणनीतिकार मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति, महिला नक्सली नेता नर्मदा अक्का, जिन्हें 2019 में गिरफ्तार किया गया और बाद में कैंसर से उनकी मौत हुई, पहाड़ सिंह और तारक्का जैसे चेहरे इस आंदोलन की रीढ़ माने जाते थे.

दूसरी तरफ, चप्पे-चप्पे पर बिछी बारूदी सुरंगों और स्थानीय भाषा की बाधा के चलते जब पारंपरिक पुलिसिंग नाकाफी साबित होने लगी, तब 1 दिसंबर 1990 को गढ़चिरौली के तत्कालीन एसपी के.पी. रघुवंशी ने एक ऐसा दांव खेला जिसने इतिहास बदल दिया. उन्होंने गोंडी और माड़िया भाषा बोलने वाले महज 60 चुनिंदा स्थानीय आदिवासी युवाओं को लेकर सी-60 कमांडो फोर्स का गठन किया, ताकि माओवादियों को उन्हीं के जंगल और उन्हीं की रणनीति में मात दी जा सके. आज वही छोटा-सा दल एक अजेय ताकत बन चुका है. गढ़चिरौली में 21 दस्तों (961 जवान) और गोंदिया में 9 दस्तों (166 जवान) के साथ सी-60 को 164 ड्रोन, 64 एमपीवी (MPV), 20 बीडीडीएस (BDDS) और 17 डॉग स्क्वॉड की आधुनिक शक्ति मिली हुई है.

कैसे ध्वस्त हुआ माओवाद का आखिरी किला और ऑपरेशन अंतिम प्रहार

जवानों के फौलादी इरादों के आगे नक्सलवाद की कमर टूटती चली गई. अब तक चले सुरक्षा अभियानों में कुल 363 माओवादी ढेर किए गए, 558 गिरफ्तार हुए और 861 माओवादियों ने हथियार डालकर आत्मसमर्पण किया. इस शौर्यगाथा में कई निर्णायक मोड़ आए.

बोरिया-कसनासूर ऑपरेशन अप्रैल 2018 : भामरागढ़ के कसनासूर जंगल और इंद्रावती नदी के किनारे सी-60 कमांडो ने ऐतिहासिक ऑपरेशन को अंजाम देते हुए एक साथ 40 माओवादियों को ढेर कर दिया. यह नक्सलियों के लिए अब तक का सबसे बड़ा झटका था. 

मर्दिनटोला एनकाउंटर नवंबर 2021 :  ग्यारहपत्ती के मर्दिनटोला जंगल में सुरक्षाबलों ने केंद्रीय समिति के बड़े नेता मिलिंद तेलतुंबड़े समेत 27 माओवादियों को मार गिराया, जिसके बाद महाराष्ट्र में नक्सली नेतृत्व पूरी तरह बिखर गया.

वांडोली और फोदेवाड़ा मुठभेड़ 2024-2026 : साल 2024 की वांडोली मुठभेड़ में 12 माओवादियों का सफाया हुआ. इसके बाद साल 2026 की शुरुआत में फोदेवाड़ा मुठभेड़ में सी-60 के जांबाजों ने 3 दिन और 3 रात लगातार जागकर छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादियों के आखिरी कमांडर प्रभाकर को मार गिराया.

ऑपरेशन अंतिम प्रहार मई 2026 : आखिरकार मई 2026 में चले 'ऑपरेशन अंतिम प्रहार' में 8 माओवादियों की गिरफ्तारी और 5 के आत्मसमर्पण के साथ गढ़चिरौली और पूरे महाराष्ट्र को माओवादमुक्त घोषित कर दिया गया. आज राज्य के पुलिस रिकॉर्ड में सक्रिय सशस्त्र माओवादियों की संख्या शून्य हो चुकी है.

महाराष्ट्र के माओवादमुक्त होने के इस ऐतिहासिक मौके पर 1 अक्टूबर 2026 को मुंबई स्थित पुलिस महानिदेशक कार्यालय में गढ़चिरौली परिक्षेत्र में सेवा दे चुके वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के स्नेहमेळावे का आयोजन हुआ, जहां महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक ने इस जीत की नींव रखने वाले सी-60 के संस्थापक और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी के.पी. रघुवंशी को सम्मानित किया.

भूपति का ऐतिहासिक सरेंडर, जिसने पूरे देश में मचाई हलचल! 

यह जीत सिर्फ बंदूक के दम पर नहीं, बल्कि विश्वास जीतकर भी हासिल की गई. गढ़चिरौली में अब तक कुल 819 सशस्त्र माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में वापसी की है. इनमें DKSZC सदस्य गिरीधर तुमरेटी, उनकी पत्नी ललिता और तारक्का जैसे बड़े नाम शामिल रहे. लेकिन सबसे ऐतिहासिक पल वह था, जब पोलित ब्यूरो सदस्य मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति ने अपने 61 साथियों और 54 हथियारों के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया.

भूपति के इस कदम ने पूरे देश में माओवादी आंदोलन का मनोबल तोड़ दिया, जिसके बाद देशभर में कुल 1,010 माओवादियों ने 637 हथियारों के साथ सरेंडर कर दिया.

मुख्यधारा में लौटे इन लोगों को नई जिंदगी देने के लिए गढ़चिरौली पुलिस के प्रोजेक्ट संजीवनी के तहत 173 भूखंड आवंटित किए गए हैं और 50 आत्मसमर्पित सदस्यों की नसबंदी रिओपनिंग सर्जरी भी सफलतापूर्वक कराई गई है.

शौर्य का सम्मान और रेड कॉरिडोर से स्टील हब बनने का सफर

सी-60 के जवानों के अदम्य साहस को देश और राज्य ने भी सलाम किया है. इस बल के अधिकारियों और जवानों को अब तक 3 शौर्य चक्र, 6 राष्ट्रपति शौर्य पदक, 278 पुलिस शौर्य पदक और 22 राष्ट्रपति पुलिस पदक मिल चुके हैं. साल 2025 में महाराष्ट्र सरकार द्वारा शुरू किए गए पहले 'सी-60 सेवा पदक' से 425 जवानों को सम्मानित किया गया है.

दूसरी ओर, सरकार ने नक्सलियों के सबसे मजबूत गढ़ माने जाने वाले इलाकों गट्टा-जांबिया, पेंगुंडा और नेलगुंडा में नए पुलिस सहायता केंद्र खोले. सड़कें, पुल और मोबाइल टावर लगने से जंगल की दूरी सिमट गई, वहीं सूरजागढ़ आयरन ओर प्रोजेक्ट और स्टील प्लांट्स के जरिए स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला.

शांति को स्थायी बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम से अब तक 18 लाख से अधिक नागरिकों को सीधा लाभ मिला है, जबकि प्रोजेक्ट उड़ान के जरिए 16,343 युवाओं को प्रशिक्षण देकर 10,730 युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा चुका है. नतीजा यह हुआ कि स्थानीय भर्ती लगभग शून्य हो गई और आज गढ़चिरौली की पहचान रेड कॉरिडोर से बदलकर महाराष्ट्र के नए स्टील हब के रूप में बन रही है. फडणवीस सरकार की प्रस्तावित फिल्म इसी बदलाव, जवानों की शहादत और दो पीढ़ियों के संघर्ष को जीवंत रूप में देश और दुनिया के सामने लाने का प्रयास होगी.

यह भी पढ़ें : 'हमने सरकार की ताकत को कम आंका', टॉप नक्सली कमांडर से सुनिए बड़ी संख्या में सरेंडर की इनसाइड स्टोरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gadchiroli, Naxalism, Devendra Fadnavis, Naxal Story, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com